Home Latest News & Updates अग्निशमन अधिकारी व सुरक्षा गार्ड की मौत

अग्निशमन अधिकारी व सुरक्षा गार्ड की मौत

by Live India
ठाणे सब्जी मंडी में भीषण आग: अग्निशमन अधिकारी और सुरक्षा गार्ड की मौत

ठाणे आग: महाराष्ट्र के ठाणे रेलवे स्टेशन के पास गुरुवार तड़के एक सब्जी मंडी में भीषण आग लगने से एक अग्निशमन अधिकारी और एक सुरक्षा गार्ड की मौत हो गई, जबकि दो अन्य अग्निशमन कर्मी गंभीर झुलस गए. ठाणे के क्षेत्रीय आपदा प्रबंधन सेल (RDMC) के प्रमुख यासीन तडवी ने कहा कि रेलवे स्टेशन से लगभग 100 मीटर की दूरी पर स्थित गामदेवी सब्जी मंडी परिसर में गुरुवार तड़के करीब 3.30 बजे लगी आग में 155 स्टॉल जलकर खाक हो गए. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जलती हुई दुकानों से उठती भीषण लपटों और चारों तरफ फैले धुएं से इलाके में दहशत फैल गई. दुकानदार चुपचाप खड़े होकर अपनी आजीविका को जलता हुआ देख रहे थे.

अग्निकांड में बाजार पूरी तरह जलकर राख

आपदा प्रमुख तडवी ने कहा कि एक सुरक्षा गार्ड पहली मंजिल पर फंस गया और दम घुटने लगा. इसके बाद एक फायर स्टेशन अधिकारी उसे बचाने के लिए ऊपर गया, लेकिन वह भी फंस गया. भारी धुएं के कारण दोनों की दम घुटने से मौत हो गई. उन्होंने कहा कि भीषण अग्निकांड में बाजार पूरी तरह से जलकर राख हो गया. मंडी में स्थानीय नगरपालिका वार्ड कार्यालय के साथ-साथ सब्जी, फल और कपड़ों की दुकानें थीं. मृतकों की पहचान ठाणे नगर निगम (टीएमसी) के फायर स्टेशन अधिकारी सागर सूर्यकांत शिंदे (42) और सुरक्षा गार्ड कालू शंकर गाडेकर (55) के रूप में की गई है. दो अन्य अग्निशमन कर्मी सुजीत पश्ते (45) और समीर जाधव (40) गंभीर झुलस गए. सुजीत पश्ते और समीर जाधव को कलवा के छत्रपति शिवाजी महाराज अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत स्थिर बताई गई है.

एकनाथ शिंदे ने लिया हालात का जायजा

आग पर काबू पाने के लिए शहर भर से सभी उपलब्ध दमकल गाड़ियों और आरडीएमसी टीम को काम पर लगाया गया. अधिकारियों ने कहा कि बाजार में अत्यधिक ज्वलनशील कपड़ों का बड़ा भंडार जमा होने के कारण अग्निशमन कर्मियों को आग से निपटने में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा. तडवी ने कहा कि सुबह 11.30 बजे तक आग पर काबू पा लिया गया, जिसके बाद कूलिंग ऑपरेशन शुरू किया गया. उन्होंने कहा कि आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है. घटना के बाद महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने स्थिति की समीक्षा की और टीएमसी आयुक्त सौरभ राव को मुख्यमंत्री राहत कोष और राज्य के आपातकालीन विभाग से पीड़ित परिवारों के लिए वित्तीय सहायता सुनिश्चित करने के लिए प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया.

मृतक के परिवार को 10 लाख की मदद

भाजपा नगरसेवक संजय वाघुले ने दावा किया कि अनधिकृत कपड़ा दुकानों ने आग को काफी हद तक बढ़ा दिया. उन्होंने पीटीआई-भाषा से कहा कि अगर इसे फल और सब्जी बाजार तक ही सीमित रखा जाता, जिसके लिए इसे मूल रूप से बनाया गया था, तो नुकसान कम से कम होता. मैंने बार-बार नगर निकाय को इन खतरों के बारे में बताया है, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ. राव की अध्यक्षता में एक तत्काल उच्चस्तरीय बैठक के बाद टीएमसी ने प्रत्येक मृतक के परिवार को अनुकंपा के आधार पर सरकारी नौकरी के साथ-साथ 10 लाख रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की. कहा गया है कि प्रयेक घायल को 1 लाख रुपये मिलेंगे. बैठक में ठाणे के सांसद नरेश म्हस्के और मेयर शर्मिला पिंपलोलकर शामिल हुए. ऑडिट के बाद सभी 155 प्रभावित स्टॉल मालिकों को 1 जून तक उसी स्थान पर पुनर्वासित किया जाएगा.

ये भी पढ़ेंः महाराष्ट्र : ठाणे में भीषण सड़क हादसा! वैन और ट्रांजिट मिक्सर ट्रंप में टक्कर, 11 लोगों की मौत

Related Articles