8
T20 World Cup : ओमान और आयरलैंड के बीच सिंहली स्पोर्ट्स मैदान पर मैच खेला गया. इस मैच में आयरलैंड के कप्तान चर्चाओं में बने रहे और उन्होंने इस मैच में टीम की तरफ अब तक की सबसे लंबी पारी खेली.
टी20 वर्ल्ड कप: टी-20 विश्व कप के 22वें मुकाबले में आयरलैंड और ओमान के बीच सिंहली स्पोर्ट्स क्लब में शानदार मुकाबला खेला गया. इस मैच में ओमान ने टॉस जीतकर आयरलैंड को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया. बल्लेबाजी करते हुए आयरलैंड ने 20 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 235 रन बोर्ड पर लगा दिए. वहीं, आयरलैंड की तरफ से कप्तान लोर्कन टकर ने विरोधी टीम के गेंदबाजों की धज्जियां उड़ाकर रख दी. उन्होंने इस मुकाबले में 94 रनों की नाबाद पारी खेली, जिसमें 10 छक्के और 4 चौके लगाकर सबको चौंका दिया. इसके अलावा उन्होंने इस मैच में इतिहास रच दिया
पॉल स्टर्लिंग की जगह लोर्कन ने संभाली कमान
आयरलैंड के रेगुलर कप्तान पॉल स्टर्लिंग के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद लोर्कन टकर को टीम की जिम्मेदारी दी गई है. इस दौरान उन्होंने ओमान के खिलाफ शानदार पारी खेली और सभी क्रिकेट फैंस का ध्यान अपनी खींचा. उन्होंने 184.31 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए 51 गेंद में 94 रनों की नाबाद पारी खेली. हालांकि, इस दौरान उनके पास शतक लगाने का भी मौका था लेकिन वह दूसरे छोर पर खड़े प्लेयर जॉर्ज डॉकरेल की वजह से अपनी शतकीय पारी को पूरा नहीं कर पाए. 20वें ओवर में डॉकरेल ने आखिरी तीन गेंद खेली और यही वजह रही कि टकर अपना शतक पूरा नहीं कर पाए.
सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बने टकर
टी-20 विश्व कप में आयरलैंड की तरफ से सबसे लंबी पारी खेलने का रिकॉर्ड लोर्कन टकर के नाम हो गया है. इस मैच में उन्होंने 94 रनों की नाबाद पारी खेली और उनकी इस पारी के बदौलत टीम स्कोर बोर्ड पर 235 रन लगाने में कामयाब हुई. वहीं, पारी के मामले में दूसरे नंबर पर कर्टिस कैंफर का नाम आता है उन्होंने साल 2022 में 74 रनों की शानदार पारी खेली थी. तीसरे नंबर पर भी लोर्कन टकर का नाम है, क्योंकि उन्होंने 2022 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 71 रनों की पारी खेली थी. उस विश्व कप में स्टर्लिंग ने वेस्टइंडिया के खिलाफ 66 रन बनाए थे.
कुछ रनों से बचा गेल का रिकॉर्ड
कप्तान के रूप में लोर्कन की पारी विश्व कप में दूसरी सबसे बड़ी पारी है. इस मामले में उन्होंने रोहित शर्मा को पीछे छोड़ दिया. रोहित शर्मा ने साल 2022 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 92 रनों की जबरदस्त पारी खेली थी. हालांकि, लोर्कन क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ने में कामयाब नहीं हो पाए. टी-20 विश्व कप में कप्तान के रूप में सबसे लंबी पारी खेलने का रिकॉर्ड अभी भी क्रिस गेल के नाम ही बना हुआ है. गेल ने टी-20 विश्व कप 2010 में भारत के खिलाफ 98 रनों की तूफानी पारी खेली थी. अगर टकर 5 रन और बना लेते तो वह क्रिस गेल के 16 साल पुराने रिकॉर्ड को तोड़ देते.
समाचार स्रोत: प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (पीटीआई)
