17
Shahdol Digital Fraud: मध्य प्रदेश के शहडोल में एक महिला ने गूगल पर डॉक्टर का नंबर सर्च किया और एक ऐप डाउनलोड करने के बाद उसका बैंक अकाउंट खाली हो गया.
15 फरवरी, 2026
- एमपी, शहडोल से कैलाश लालवानी की रिपोर्ट
बदलते हुए डिजिटल भारत में चोर भी स्मार्ट हो गए हैं. अब घरों में चोरी होने की खबरें कम और ऑनलाइन फ्रॉड की खबरें ज्यादा मिलती हैं. चोर अलग अलग तरीके से आपके अकाउंट खाली करना जान गए हैं. ऐसी ही एक नए तरीके की ऑनलाइन ठगी की खबर मध्य प्रदेश के शहडोल से आ रही है. ब्यौहारी थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने गूगल पर डॉक्टर का नंबर सर्च किया और एक ऐप डाउनलोड करने के बाद उसका बैंक अकाउंट खाली हो गया. महिला खुद शिक्षक की पत्नी है, जिनके बैंक से 1 लाख 59 हजार रुपए रुपए कट गए. चलिए जानते हैं पूरा मामला क्या है.
गूगल पर सर्च किया था डॉक्टर का नंबर
बेटे के इलाज के लिए डॉक्टर का नंबर गूगल पर सर्च करना एक परिवार को भारी पड़ गया। ठगों ने डॉक्टर बनकर बात की और इलाज के नाम पर एक ऐप डाउनलोड कराकर शिक्षक की पत्नी से एक लाख उनसठ हजार रुपये की ठगी कर ली, अब पीड़ित परिवार पैसे वापस दिलाने की मांग को लेकर पुलिस प्रशासन से गुहार लगा रहा है। शहडोल जिले के ब्यौहारी थाना क्षेत्र के रहने वाले शिक्षक शिवेश कुमार सिंह के छोटे बेटे का इलाज नागपुर में चल रहा है। बेटे की तबीयत खराब होने पर उसकी मां आरती सिंह डॉक्टर से अपॉइंटमेंट लेने के लिए गूगल पर नंबर सर्च कर रही थीं, इसी दौरान उनका कॉल असली डॉक्टर के बजाय साइबर ठगों के पास पहुंच गया.

ठगों ने डॉक्टर बनकर की बात
ठगों ने खुद को डॉक्टर का स्टाफ बताते हुए विश्वास में लिया और एक मोबाइल ऐप डाउनलोड करने को कहा. महिला ने सोचा कि डॉक्टर का ऐप होगा और डाउनलोड कर लिया. महिला ने जैसे ही ऐप डाउनलोड किया, ठगों ने उनसे कुछ स्टेप्स फॉलो करने के लिए कहा. इसके बाद ठगों ने उनसे तीन बार में पैसे ट्रांसफर करा लिए. पहले दो बार में 50-50 हजार रुपये और फिर एक बार में 59 हजार रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। इस तरह कुल एक लाख 59 हजार रुपये की ठगी हो गई।
साइबर सेल कर रही जांच
महिला की छोटी सी गलती के चलते न सिर्फ मेहनत की कमाई चली गई, बल्कि डॉक्टर का अपॉइंटमेंट भी नहीं मिल सका. अब शिक्षक पिता अपने बीमार बेटे के इलाज और ठगी के शिकार हुए पैसे की वापसी के लिए करीब 100 किलोमीटर का सफर तय कर जिला मुख्यालय में पुलिस अधिकारियों के चक्कर काट रहे हैं। वहीं इस मामले में एडिशनल एसपी ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। महिला द्वारा डॉक्टर का नंबर गूगल पर सर्च किया गया था, जो ठगों के पास कनेक्ट हो गया। फिलहाल मामले की साइबर सेल के माध्यम से जांच कर उचित कार्रवाई की जा रही है.
यह भी पढ़ें- अमेरिका में 22 साल के भारतीय छात्र साकेत श्रीनिवासैया की मौत, लापता होने के 6 दिन बाद मिला शव
