12
रुबियो फोटो पर ईरान: अमेरिकी सेक्रेटरी ऑफ स्टेट मार्को रुबियो भारत दौरे पर हैं. सोमवार को उन्होंने भारत की ऐतिहासिक जगहों को देखा. रुबियो ने अपनी पत्नी के साथ आगरा में ताजमहल और जयपुर में आमेर किला घूमा . उन्होंने ताजमहल के साथ फोटो भी खिंचवाई. इस पर ईरानी दूतावास ने रुबियो पर तीखा तंज किया है. हैदराबाद में ईरानी वाणिज्य दूतावास ने इस दौरे की आलोचना करते हुए कहा कि अगर मार्को रुबियो का ताजमहल के इतिहास के बारे में पता होता, तो वह कभी उसके साथ फोटो नहीं खिचवाते.
ट्रंप पर भी साधा निशाना
ईरानी कॉन्सुलेट ने एक्स पर रुबियो की ताजमहल के साथ फोटो शेयर की और लिखा, “अगर रुबियो को इतिहास या वास्तुकला की जानकारी होती, तो वह यहां फोटो के लिए खड़े होकर पोज नहीं दे रहे होते.” उन्होंने ट्रंप सरकार पर निशाना साधते हुए कहा “यह स्मारक बादशाह की ईरानी पत्नी के प्यार में बनाया गया था और यह ईरानी वास्तुकारों की काबिलियत का सबूत है, जबकि उनकी सरकार आज ईरानी सभ्यता को खत्म करने की धमकी देती है और दूसरी सभ्यताओं का अपमान करती है.”
यदि रुबियो को इतिहास या वास्तुकला का ज्ञान होता, तो वह यहां तस्वीर नहीं खिंचवाते। यह स्मारक सम्राट की ईरानी पत्नी के प्रेम के लिए बनाया गया था, जिसे ईरानी वास्तुकारों की प्रतिभा द्वारा तैयार किया गया था – इस बीच उनकी सरकार आज ईरानी सभ्यता को मिटाने की धमकी दे रही है,… pic.twitter.com/zi4CNU3u7U
– हैदराबाद में ईरान (@IraninHyderabad) 25 मई 2026
रुबियो ने ताजमहल को कहा- खूबसूरत निशानी
रुबियो ने सोमवार को अपनी पत्नी जेनेट रुबियो के साथ ताजमहल का दौरा किया और मुगल काल के इस मशहूर स्मारक को “दुनिया में प्यार की सबसे खूबसूरत निशानियों में से एक” बताया. बता दें, मार्को रुबियो 23 मई से 26 मई तक की आधिकारिक यात्रा पर भारत में हैं. उन्होंने पहले दिन कोलकाता में मदर टेरेसा की मिशनरीज ऑफ चैरिटी के मुख्यालय का दौरा किया था. सोमवार को वे ताजमहल गए और इसके बाद उन्होंने पिंक सिटी जयपुर में आमेर किले का घूमा और राजस्थानी संस्कृति को अनुभव किया.
US- ईरान के बीच तनाव जारी
28 फरवरी से ईरान के साथ इजरायल और अमेरिका की जंग चल रही है. सीजफायर के बाद से अमेरिका और ईरान के बीच डील पर सहमति बनाने की कोशिश की जा रही है, लेकिन दोनों अपनी-अपनी शर्तो पर अड़े हुए हुए हैं. वहीं डोनाल्ड ट्रंप कभी जल्द ही डील होने की बात कहते हैं, तो कभी ईरान को तबाह करने की धमकी देते हैं. सोमवार को ही अमेरिकी मिलिट्री ने ईरान की दो नावों पर हमला किया, जो स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में माइंस बिछा रही थीं. डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि “अगर कोई डील नहीं हुई, तो आज रात एक पूरी सभ्यता खत्म हो जाएगी.” माना जा रहा है कि ईरानी कॉन्सुलेट ने ट्रंप के बयान का जिक्र करते हुए रुबियो की फोटो पर कमेंट किया है.
बातचीत भी, बमबारी भी! US ने ईरान पर फिर किया अटैक, माइंस बिछा रही नावों को बनाया निशाना
समाचार स्रोत: एक्स
