Home Latest News & Updates एक ही परिवार के 5 लोगों के मिले शव

एक ही परिवार के 5 लोगों के मिले शव

by Live India
Raipur Crime News

रायपुर अपराध समाचार: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से एक दिल दहला देने वाली घटना की खबर सामने आई है. यहां एक घर में पांच लोगों की लाशें मिली हैं. जानकारी के अनुसार, ये सभी एक ही परिवार के सदस्य थे. पुलिस ने शनिवार को बताया कि छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में हत्या-आत्महत्या के संदिग्ध मामले में एक दंपति, उनकी दो नाबालिग बेटियों और एक बेटे के शव एक घर में मिले हैं.

एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि संजय नगर इलाके में पीड़ितों के किराए के मकान में हुई मौतों का पता शुक्रवार देर रात चला था. आइए जानते हैं पूरी खबर.

दंपति, दो बेटियां और एक बेटे का शव

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर की पुलिस के होश उस समय उड़ गए, जब एक घर के कमरे में घुसने पर उसे एक ही परिवार के पांच सदस्यों के शव दिखे. उनमें से एक व्यक्ति की लाश छत से लटकी हुई मिली. शुरुआती जांच में इस घटना को लेकर हत्या और आत्महत्या दोनों की आशंका जताई जा रही है. हालांकि, पुलिस की जांच जारी है.

मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस अधिकारी ने बताया कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि उस व्यक्ति ने फांसी लगाकर आत्महत्या करने से पहले अपने परिवार के सदस्यों को जहर दिया था, हालांकि विस्तृत पोस्टमार्टम और फोरेंसिक विश्लेषण के बाद ही मौत के सटीक कारणों का पता चल सकेगा.

पुलिस अधिकारी ने बताया कि मृतकों की पहचान साजिद अली उर्फ ​​सज्जू (50), उनकी पत्नी राबिया बानो (45), बेटा इरशाद अली (20) और बेटियां शाहिदा बेगम (15) और इरशाबा परवीन (12) के रूप में हुई है. अधिकारी ने बताया कि परिवार को बार-बार फोन करने पर भी कोई जवाब नहीं मिला और बंद घर से दुर्गंध आने लगी, तो घर के मालिक और पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दी. उन्होंने बताया कि पुलिस ने दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया तो साजिद का शव छत से लटका हुआ मिला, जबकि उसकी पत्नी, बेटे और बेटियों के शव फर्श पर पड़े थे.

8 महीनों से किराए के मकान में रह रहा था परिवार

न्यूज एजेंसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस ने बताया कि यह परिवार पिछले आठ महीनों से किराए के मकान में रह रहा था. पुलिस अधिकारी ने बताया कि साजिद का बिजनेस इस्तेमाल की हुई बैटरियों की खरीद-बिक्री का था. शुरुआती जांच के अनुसार, परिवार को आखिरी बार गुरुवार शाम को देखा गया था, और घर शुक्रवार को पूरे दिन बंद रहा, जिसके कारण घर में रहने वाले एक अन्य किरायेदार ने मकान मालिक से संपर्क किया.

वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों और एक फोरेंसिक टीम ने शुक्रवार देर रात घटनास्थल का मुआयना किया, जिसके बाद आगे की जांच के लिए घर को सील कर दिया गया. पुलिस को संदेह है कि आत्महत्या करने से पहले उस व्यक्ति ने परिवार के खाने में जहरीला पदार्थ मिलाया था. हालांकि, पुलिस ने बताया कि मौत का सटीक कारण पोस्टमार्टम और फोरेंसिक विश्लेषण के बाद ही पता चलेगा.

एक्शन में UP पुलिस: तीन अपराधी ढेर, मुजफ्फरनगर से वाराणसी तक गूंजी गोलियां, बदमाशों में हड़कंप

Related Articles