Home Latest News & Updates एटा में एक ही परिवार के 4 सदस्यों की हत्या

एटा में एक ही परिवार के 4 सदस्यों की हत्या

by Live India
एटा में सनसनीखेज वारदातः ईंट से कूचकर एक ही परिवार के 4 सदस्यों की हत्या, DIG के नेतृत्व में 4 टीमें गठित

Murder in Etah: एटा जिले के कोतवाली नगर इलाके में सोमवार को तीन महिलाओं समेत एक ही परिवार के चार सदस्यों की उनके घर में हत्या कर दी गई.

उत्तर प्रदेश के एटा जिले में सनसनीखेज वारदात से पूरे जिले में हड़कंप मच गया. वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस के आलाधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए. घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई. एटा जिले के कोतवाली नगर इलाके में सोमवार को तीन महिलाओं समेत एक ही परिवार के चार सदस्यों की उनके घर में ईंट से कूचकर हत्या कर दी गई. घटना का पता दोपहर करीब दो बजे उस समय चला जब देवांश नाम का बच्चा स्कूल से घर लौटा. उसने घर में सन्नाटा पसरा देखा. पुलिस ने बताया कि ठंड के बावजूद ऊपर के कमरे में पंखा चल रहा था और उसी कमरे में लड़के ने शव देखे और शोर मचाया. इसके बाद पड़ोसी घर पहुंचे. पुलिस ने बताया कि मृतकों की पहचान डॉ. गंगा सिंह (70), उनकी पत्नी श्यामा देवी (65), उनकी पोती ज्योति (23) और बहू रत्ना देवी (43) के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, डॉ. सिंह का शव भूतल पर एक पलंग के ऊपर मिला. रत्ना देवी का शव पहली मंजिल पर पलंग के ऊपर मिला, जबकि ज्योति और श्यामा देवी के शव फर्श पर पड़े मिले.

फोरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत

पुलिस के पहुंचने पर श्यामा देवी जिंदा थीं और उन्हें सिर में गंभीर चोटों के कारण एटा मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. प्रारंभिक जांच से पता चला कि हमलावरों ने हमला करने के लिए ईंट का इस्तेमाल किया था. पुलिस ने बताया कि घटनास्थल से खून से सनी एक ईंट बरामद की गई है. अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (आगरा जोन) अनुपम कुलश्रेष्ठ, पुलिस उपमहानिरीक्षक (अलीगढ़ रेंज) प्रभाकर चौधरी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक श्याम नारायण सिंह समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का मुआयना किया. फोरेंसिक टीम ने सबूत जुटाए. आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है. कुलश्रेष्ठ ने बताया कि पुलिस घर के प्रवेश और निकास मार्गों व दूसरे सबूतों की जांच कर रही है. उन्होंने बताया कि पुलिस उपमहानिरीक्षक की देखरेख में चार टीमें गठित की गई हैं. जांच में प्रगति हो रही है और हमें जल्द ही सुराग मिलने की उम्मीद है.

फरवरी में होनी थी ज्योति की शादी

पुलिस ने बताया कि घर में ज्योति की शादी की तैयारियां चल रही थीं. ज्योति की शादी फरवरी में होनी थी. उसके पिता कमल सिंह एक मेडिकल स्टोर चलाते हैं और घटना के समय घर पर नहीं थे. प्रारंभिक जांच में लूटपाट का कोई संकेत नहीं मिला. पुलिस ने बताया कि परिवार के सदस्यों के मुताबिक उन्हें किसी तरह की दुश्मनी या विवाद की जानकारी नहीं थी और हत्या के पीछे के मकसद के बारे में भी उन्हें कोई जानकारी नहीं है. पुलिस ने बताया कि चारों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया. इलाके के कई लोगों को पूछताछ के लिए कोतवाली थाने ले जाया गया है. अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (आगरा जोन) अनुपम कुलश्रेष्ठ ने बताया कि वारदात का जल्द ही खुलासा कर दिया जाएगा. दोषियों की जल्द गिरफ्तारी होगी.

ये भी पढ़ेः अक्षय कुमार की गाड़ी और रिक्शा का भयानक एक्सीडेंट, दो लोग घायल, जानें कैसी है एक्टर की हालत

Related Articles