9
Vaibhav Sooryavanshi Journey : 15 वर्षीय बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने इस समय विश्व के सबसे खतरनाक गेंदबाजों की नींद उड़ा रखी है. वह जब भी मैदान पर बल्लेबाजी करने के लिए आते हैं तो सामने यह नहीं देखते हैं कि कौन-सा गेंदबाज खड़ा है. इस छोटे से खिलाड़ी की तारीफ अब सिर्फ हिंदुस्तान में ही नहीं बल्कि पााकिस्तान में भी हो रही है. हाल ही में एलिमिनेटर में खेली गई 29 गेंदों में 97 रनों की पारी ने उनको विश्व पटल पर चर्चाओं में ला दिया. इसके अलावा उनकी अंडर-19 विश्व कप में खेली गई पारियां भी काफी चर्चाओं में रही थी और उस वक्त कहा जाने लगा था कि ये खिलाड़ी जल्द ही भारतीय टीम में जगह बना लेगा. इस टूर्नामेंट में वैभव ने 62.71 की औसत से 439 रन बनाए, जिसमें 1 शतक और 3 अर्धशतक भी शामिल थे. इस शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ के लिए भी चुना गया. इस टूर्नामेंट में वैभव ने इंग्लैंड के खिलाफ 80 गेंदों में 175 रनों की तूफानी पारी भी खेली, जिसमें 15 चौके और 15 छक्के जड़ने का काम किया. आईपीएल और अंडर-19 विश्व कप में प्रदर्शन करने के साथ उनका अगला टारगेट भारतीय टीम में जगह बनाना है. वहीं, अब यह सवाल हर किसी के मन में उठ रहा है कि 15 साल की उम्र में इतने बड़े प्लेटफॉर्म पर तहलका मचाने से पहले वैभव ने अपने क्रिकेट की शुरुआत कहां से की थी? साथ ही अगर अब उनकी उम्र 15 साल है तो जब उन्होंने क्रिकेट की शुरुआत कि तो उस वक्त उम्र कितनी थी और उस दौरान किन संघर्षों का सामना किया. आज हम इसी कहानी के साथ उन तमाम बातों का जिक्र करेंगे, जिसके कारण उनकी क्रिकेट जगत में रुचि जगी.
ऐसा रहा वैभव का प्रारंभिक जीवन
27 मार्च, 2011 को जन्मे वैभव सूर्यवंशी बिहार के समस्तीपुर के रहने वाले हैं. उन्होंने चार साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू कर दिया था. शुरुआत में वैभव सूर्यवंशी को उनके पिता ने ट्रेनिंग देनी शुरू की. इसके बाद उन्होंने 9 साल की उम्र में समस्तीपुर की एक क्रिकेट एकेडमी में प्रशिक्षण लेना शुरू कर दिया. सूर्यवंशी का संबंध मुज्जफरपुर जिले से भी रहा है, जहां उन्होंने इनडोर स्टेडियम में अभ्यास किया. इस दौरान वह अपने एक रिश्तेदार के यहां पर रहते थे. संसाधनों की काफी कमी होने के बाद भी वैभव में क्रिकेट खेलने का काफी जुनून था और वह हर समय क्रिकेट खेलने के लिए तैयार रहते थे. इसके अलावा 12 वर्षी की उम्र में वैभव ने विनू मांकड़ ट्रॉफी में बिहार की अंडर-19 टीम के लिए भी खेल खेलना शुरू कर दिया था. इसी कड़ी में इस 15 वर्षीय खिलाड़ी ने साल 2023 में भारत-बी अंडर-19 टीम के लिए एक क्वाड्रेंगुलर सीरीज में हिस्सा लिया. इस दौरान उन्होंने 6 पारियों में 177 रन बनाए, जिसमें दो अर्धशतक भी शामिल थे.

IPL 2026 में इन युवा खिलाड़ियों ने मचाया तहलका! लिस्ट में सबसे ऊपर वैभव सूर्यवंशी; दो गेंदबाज भी हैं शामिल
सितंबर 2025 में वैभव ने भारत अंडर-19 टीम की तरफ से खेलते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ डेब्यू किया. इस दौरान उन्होंने 58 गेंदों में अपना शतक ठोक दिया. यह किसी भी अन्य खिलाड़ी के मुकाबले अंडर-19 में सबसे तेज शतक था. 104 रनों की पारी ने उन्हें एक शानदार बल्लेबाज के रूप में स्थापित किया और यही मेहनत उनको दुनिया का सबसे पॉपुलर लीग आईपीएल में पहुंचाने में कामयाब हो सकी.
ऐसा रहा घरेलू क्रिकेट
वैभव सूर्यवंशी ने जनवरी 2024 में बिहार की तरफ से मुंबई के खिलाफ प्रथम श्रेणी के क्रिकेट में अपना डेब्यू किया था. उस समय उनकी उम्र मात्र 12 वर्ष थी. इस उपलब्धि के साथ वह बिहार रणजी ट्रॉफी खेलने वाले दूसरे सबसे युवा खिलाड़ी बन गए और भारत के चौथे सबसे कम उम्र के प्रथम श्रेणी क्रिकेटर बने. इसके अलावा उन्होंने युवराज सिंह (15 वर्ष 57 दिन) का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया. हालांकि, अभी भी अलीमुद्दीन का रिकॉर्ड बना हुआ है. उन्होंने साल 1942-43 में राजपुताना की ओर से 12 वर्ष 73 दिन की उम्र में डेब्यू किया था.
IPL 2026 में इन युवा खिलाड़ियों ने मचाया तहलका! लिस्ट में सबसे ऊपर वैभव सूर्यवंशी; दो गेंदबाज भी हैं शामिल
नवंबर 2024 में वे 13 वर्ष और 241 दिनों की उम्र में टी-20 क्रिकेट में पदार्पण करने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी बन गए. उन्होंने सैय्यद मुश्ताक अली ट्रॉफी 2024-25 में बिहार की ओर से राजस्थान के खिलाफ डेब्यू किया. दूसरी तरफ वैभव सूर्यवंशी ने दिसंबर 2024 में विजय हजारे ट्रॉफी 2024-25 में मध्य प्रदेश के खिलाफ बिहार की ओर से पदार्पण करते हुए 13 वर्ष 269 दिन की उम्र में लिस्ट-ए क्रिकेट खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी का रिकॉर्ड बनाया.

वैभव का आईपीएल में कमाल
इंडियन प्रीमियर लीग के सबसे खतरनाक प्लेयर के रूप में उभरे वैभव सूर्यवंशी ने हर किसी गेंदबाज को मैदान पर धुनने का काम किया है. वह जब बल्लेबाजी करते हैं तो सामने वाले किसी भी गेंदबाज को नहीं देखते हैं और उस दौरान उनके दिमाग में हर एक गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाने वाला सीन चलता रहता है. उन्होंने आईपीएल 2026 में अभी तक 15 मुकाबले खेले हैं, जिसमें उन्होंने 45.33 की औसत से 680 रन बनाए हैं. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 242.86 रहा. साथ ही उन्होंने इस सीजन में एक शतकीय और 4 अर्धशतकीय पारी खेली है. साथ ही अगर हम उनके ओवर ऑल आईपीएल के करियर की बात करें तो उन्होंने 22 मैच खेले हैं, जिसमें 42.36 की औसत से 932 रन बनाए है. साथ ही 2 शतक और 5 अर्धशतक लगाए हैं. कुल-मिलाकर यह है कि उनका यह सीजन शानदार बीता है और पिछले वाले में उन्हें ज्यादा मौका नहीं मिल पाया था. बता दें कि 15 वर्षीय इस क्रिकेटर की आक्रामक बल्लेबाजी की चर्चा इस वक्त हर कोई कर रहा है. वैभव की चर्चा विश्व मीडिया के अलावा पाकिस्तान के दिग्गज क्रिकेटर भी कर रहे हैं.

कौन हैं वैभव सूर्यवंशी को ‘मेडन ओवर’ फेंकने वाला गेंदबाज? 8 रन बनाकर हो गए थे आउट; जानें पूरी कहानी
पैट कमिंस ने माना वैभव का लोहा
इस दौरान के सबसे बेहतरीन गेंदबाज पैट कमिंस ने भी वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी का लोहा माना है. उन्होंने कहा कि वैभव के सामने गलती की गुंजाइश सिर्फ शून्य है और अगर तुमने गलत ठिकाने पर गेंद डाल दी तो वह छक्के पर पहुंचने में ज्यादा समय नहीं लगाती है. साथ ही अगर आप यॉर्कर मारने से चूक गए थे वैभव किसी भी कीमत पर नहीं चूकेंगे. साथ ही बुधवार को खेले गए मैच में वैभव ने कमिंस की गेंदों पर तीन लगातार छक्के जड़ने का काम किया था. वहीं, सनराइजर्स हैदराबाद के सहायक कोच जेम्स फ्रेंकलिन ने तो हथियार डालने की बात कह दी. उन्होंने कहा कि समझ नहीं आता है कि वैभव को गेंद कहां पर डाली जाए. मैंने ऐसी असाधारण प्रतिभा इतनी कम उम्र में कभी नहीं देखी है. साथ ही अभी उसके करियर के करीब 25 साल है और इस दौरान वह कितने घातक बल्लेबाज साबित हो जाएंगे इसकी कल्पना करना इतना आसान नहीं है.
बता दें कि अभी तक इस सीजन में राजस्थान की भिड़ंत सनराइजर्स हैदराबाद से तीन बार हुई है. दुनिया के तमाम गेंदबाजों का छक्के से स्वागत करने वाले वैभव को एसआरएच के प्रफुल हिंगे ने जीरो पर आउट कर दिया. हालांकि, वैभव ने अगली दो मुलाकातों में हिंगे संभलने का मौका तक नहीं दिया. उन्होंने हिंगे का स्वागत चार छक्के के साथ किया. इसके साथ ही एलिमिनेटर में भी हिंगे के साथ तमाम गेंदबाजों को जमकर धोने का काम किया.

जानें क्या बोले पाकिस्तान पूर्व क्रिकेटर?
IPL 2026 में घातक प्रदर्शन के बीच वैभव की तारीफ पूरी दुनिया में हो रही है और इसी कड़ी में पूर्व पाकिस्तान क्रिकेटर्स ने भी तारीफों के पुल बांधे हैं. इसी बीच पाकिस्तान के पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज़ मोहम्मद यूसुफ ने राजस्थान के इस बल्लेबाज को लेकर कहा कि वैभव एक निडर बल्लेबाज हैं. वह ऊर्जा से भरपूर हैं और सामने वाले गेंदबाज की गलती को कतई भी माफ करने के मूड में नहीं होते हैं. यूसुफ ने वैभव की तुलना पाकिस्तान के पूर्व क्रिकेटर शाहीद अफरीदी से कर दी. युसूफ ने अपने एक्स हैंडल पर लिखा कि 15 वर्षीय वैभव मुझे युवा शाहिद अफरीदी की याद दिलाते हैं. निडर, विस्फोटक और ऊर्जा से भरपूर… उनका भविष्य उज्जवल है. हालांकि, वैभव की तुलना अफरीदी से करना भारतीय क्रिकेट फैंस को रास नहीं आया.
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कोच बासित अली ने कहा कि अभी तो यह बच्चा है और यह अभी से यूनिवर्स बन गया है. मैं तो इसको प्यार से बबलू बोलता हूं, भले ही आप इसको सूर्यवंशी बोलते हों. उन्होंने आगे कहा कि 16 गेंद में 54 रन की जिस तरह की पारी खेली है यह हर एक क्रिकेटर को हैरान कर रही है और वह जिस गेंद पर आउट हुआ है, अगर वह छक्का हो जाता तो क्रिस गेल का रिकॉर्ड टूट जाता. बासित ने कहा कि मुझे लगता है कि यह बच्चा एक दिन क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ देगा. बासित ने यह भी कहा कि मैं राहुल द्रविड़ की तारीफ करता हूं कि उन्होंने राजस्थान को 1 करोड़ 10 लाख रुपये में खरीदवाने का काम किया. राहुल ने दुनिया और भारतीय टीम को एक नायाब तोहफा दिया है. उन्होंने आगे कहा कि यह बच्चा जब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलेगा तो पूरी दुनिया में छा जाएगा. मैं यही कहूंगा कि ईस्ट हो या वेस्ट सूर्यवंशी इज द बेस्ट. उसने दुनिया के हर एक गेंदबाज को हिलाकर रख दिया है. उसका 100 होना चाहिए था और अगर हो जाता तो गेल का रिकॉर्ड टूट जाता. साथ ही आने वाले दिनों में यह बच्चा क्रिकेट जगत में राज करता हुआ दिखाई देगा.
हमें फॉलो करें: फेसबुक | एक्स | लिंक्डइन | यूट्यूब | Instagram
