10
Dhurandhar 2 Tridev song: एक तरफ रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर नए-नए रिकॉर्ड बना रही है. वहीं, दूसरी तरफ एक गाने को लेकर मेकर्स कोर्ट कचहरी के चक्कर लगा रहे हैं.
09 अप्रैल, 2026
बॉलीवुड में पुराने गानों का रीमिक्स बनाना कोई नई बात नहीं है, लेकिन कभी-कभी ये पुरानी यादें ताजा करने के बजाय कानूनी पचड़ों में बदल जाती हैं. ऐसा ही कुछ हुआ है फिल्म ‘धुरंधर 2’ के साथ. दरअसल, साल 1989 की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘त्रिदेव’ के हिट गाने ‘तिरछी टोपी वाले’ को लेकर शुरू हुई कंट्रोवर्सी अब दिल्ली हाई कोर्ट के दरवाज़े तक जा पहुंची है. गुरुवार को अदालत ने इस मामले को आपसी बातचीत से सुलझाने के लिए मीडिएशन के पास भेज दिया है.
जानें पूरा मामला?
बवाल की शुरुआत तब हुई जब ‘त्रिदेव’ बनाने वाले प्रोडक्शन हाउस, ‘त्रिमूर्ति फिल्म्स’ ने आदित्य धर के ‘B62 स्टूडियोज’ और ‘सुपर कैसेट्स इंडस्ट्रीज’ यानी टी-सीरीज के खिलाफ मुकदमा दायर किया. त्रिमूर्ति फिल्म्स का आरोप है कि फिल्म ‘धुरंधर 2’ के गाने ‘रंग दे लाल’ में उनके ओरिजिनल ट्रैक ‘तिरछी टोपी वाले’ का बिना परमिशन इस्तेमाल किया गया है. उनका कहना है कि ये उनके कॉपीराइट का सीधा उल्लंघन है. साथ ही इसके लिए उनसे कोई परमिशन नहीं ली गई.
यह भी पढ़ेंःअप्रैल के महीने में OTT पर मचेगा धमाल, बोरियत की छुट्टी करने आ रही हैं ये बड़ी फिल्में और सीरीज
कोर्ट में क्या हुआ?
जस्टिस तुषार राव गेडेला की बेंच में इस मामले की सुनवाई हुई. त्रिमूर्ति फिल्म्स की वकील ने दलील दी कि ‘धुरंधर 2’ के एंड क्रेडिट्स में खुद ये माना गया है कि गाने का कॉपीराइट त्रिमूर्ति फिल्म्स के पास है. उन्होंने ये भी सुझाव दिया कि ओटीटी प्लेटफॉर्म या किसी भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर रिलीज होने से पहले फिल्म से इस गाने को हटाया जा सकता है. दूसरी तरफ, सुपर कैसेट्स की तरफ से पेश हुए सीनियर एडवोकेट अखिल सिब्बल ने इन आरोपों का विरोध किया. उनका दावा है कि इस गाने के राइट्स उनके पास हैं और त्रिमूर्ति फिल्म्स ने कोर्ट से कई जरूरी फैक्ट्स छिपाए हैं. उन्होंने ये भी कहा कि ‘त्रिदेव’ के गानों का यूज़ पहले भी दूसरी फिल्मों में हो चुका है, इसलिए अभी कोई स्टे लगाने की जरूरत नहीं है.
रोक नहीं, हिसाब की बात
राहत की बात ये है कि अदालत ने फिलहाल ‘धुरंधर 2’ की रिलीज पर कोई रोक नहीं लगाई है. कोर्ट ने नोट किया कि ‘B62 स्टूडियोज’ के बयान के मुताबिक ‘धुरंधर 2’ अभी जल्दबाजी में किसी ओटीटी प्लेटफॉर्म पर रिलीज नहीं होने वाली है. हालांकि, जस्टिस गेडेला ने कहा है कि, ये मामला पैसों से जुड़ा है, इसलिए फिल्म मेकर्स को 19 मार्च यानी जब फिल्म रिलीज़ हुई थी, से लेकर अब तक की पूरी कमाई का रिकॉर्ड मेंटेन करना होगा.
फिर हो सकती है सुनवाई
अच्छी खबर ये है कि दोनों पार्टी इस मामले को कोर्ट के बाहर बैठकर सुलझाने के लिए तैयार दिख रहे हैं. इसी को देखते हुए कोर्ट ने उन्हें 22 अप्रैल को दिल्ली हाई कोर्ट मीडिएशन सेंटर में पेश होने के लिए कहा है. अगर वहां बात नहीं बनी, तो कोर्ट इस मामले पर 6 मई को दोबारा सुनवाई करेगा. ऐसे में अब देखना दिलचस्प होगा कि क्या ‘ओये ओये’ की ये धुन आपसी सहमति से सुलझ पाती है या फिर ये कानूनी लड़ाई और लंबी खिंचेगी. वैसे, आदित्य धर के डायरेक्शन में बनी ‘धुरंधर 2’ बॉक्स ऑफिस पर 1600 करोड़ रुपये से ज्यादा का बिजनेस कर चुकी है.
यह भी पढ़ेंः Akshay Kumar का स्टंट पड़ा भारी, Bhooth Bangla के सेट पर ‘खिलाड़ी’ को लगी चोट, देखें BTS वीडियो
