14
Mainpuri News: एक युवक पर शादी का झांसा देकर 9 साल तक युवती का शोषण करने का आरोप लगा है. इस दौरान युवती का गर्भपात कराने के बाद आरोपी ने दूसरी महिला से शादी कर ली.
- मैनपुरी से आशीष सक्सेना की रिपोर्ट
14 मार्च 2026
Mainpuri News: जिले के एक युवक पर शादी का झांसा देकर 9 साल तक युवती का शोषण करने का आरोप लगा है. इस दौरान युवती का गर्भपात कराने के बाद युवक ने दूसरी महिला से शादी कर ली. पीड़िता का आरोप है कि जब आरोपी युवक का मन भर गया तो उसने दूसरी युवती से शादी कर ली, जिससे आहत होकर पीड़िता न्याय के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है. पीड़िता का आरोप है कि शिकायती पत्र देने के बाद भी कुर्रा पुलिस आरोपी के खिलाफ कोई कठोर कार्रवाई नहीं कर रही है. पीड़िता ने गांव के ही युवक मोनू बघेल पर आरोप लगाया है. मामला उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले के कुर्रा थाना क्षेत्र के एक गांव का है.
देता रहा शादी का झांसा, कर ली दूसरे से शादी
कहा कि मोनू बघेल ने शादी का झांसा देकर वर्षों तक उसके साथ संबंध बनाए और इस दौरान उसका गर्भपात भी कराया. इतनी पीड़ा सहने के बाद भी जब आरोपी से उसने शादी के लिए कई बार मिन्नतें की तो युवक उसे लगातार शादी करने का आश्वासन देता रहा. दूसरी शादी करने के कुछ दिन पहले ही उसने शादी करने से साफ इनकार कर दिया और दूसरी लड़की से विवाह कर लिया.पीड़िता का कहना है कि वह थाना कुर्रा से लेकर क्षेत्राधिकारी करहल तक कई बार शिकायत कर चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई.वह कई बार थाने का चक्कर लगा चुकी है लेकिन उसे हर बार थाने से भगा दिया गया. पीड़िता ने बताया कि उसके साथ हुई घटना की शिकायत लगभग एक साल पहले की थी लेकिन आरोपी और उसके साथियों के साथ मिलकर पुलिस ने थाने पर एक कागज पर हस्ताक्षर करा लिए थे.
पीड़िता का आत्मदाह की चेतावनी
पीड़िता से कहा गया था कि शिकायत वापस ले लो तुम्हारे साथ शादी हो जाएगी. कागज में क्या लिखा था इसकी जानकारी उसे नहीं है क्योंकि वह पढ़ी-लिखी नहीं है. एक डेढ़ साल से आरोपी लगातार उससे शादी करने का झूठा आश्वासन देता रहा. तीन दिन पहले ही उसने अपनी शादी कर ली. शादी के दिन भी उसने पुलिस से शिकायत की थी लेकिन पुलिस ने उसकी कोई सुनवाई नहीं की. पीड़िता का आरोप है कि पुलिस कार्रवाई करने में आनाकानी कर रही है, जिससे वह बेहद परेशान और मानसिक रूप से टूट चुकी है. इसी बीच पीड़िता का आत्मदाह करने की चेतावनी वाला वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह न्याय न मिलने पर खुद को आग लगाने की बात कह रही है. वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन और पुलिस महकमे में हड़कंप मचा हुआ है.इस संबंध में सीओ करहल अजय चौहान ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में नहीं है. अगर कोई ऐसा मामला है और पीड़िता उनसे शिकायत करती है तो मामले में विधिक कठोर कार्रवाई की जाएगी.
ये भी पढ़ेंः Badshah का बैड टाइम शुरू! बेटियों के अपमान पर भड़का महिला आयोग, जारी हुआ अरेस्ट वारंट!
