4
Delhi Metro: दीपाली चौक और मजलिस पार्क के बीच नव-उद्घाटित मेट्रो कॉरिडोर से सिग्नलिंग केबल चोरी होने से मेट्रो की रफ्तार थम गई.
दिल्ली मेट्रो: दीपाली चौक और मजलिस पार्क के बीच नव-उद्घाटित मेट्रो कॉरिडोर से सिग्नलिंग केबल चोरी होने से मेट्रो की रफ्तार थम गई. चोरी के कारण ट्रेनों को भलस्वा और मजलिस पार्क मेट्रो के बीच 25 किमी प्रति घंटे की गति से चलाना पड़ा, जिससे यात्रियों को कार्यालय व अन्य जगहों पर पहुंचने में काफी देर हो गई. दिल्ली पुलिस ने दीपाली चौक और मजलिस पार्क के बीच नव-उद्घाटित मेट्रो कॉरिडोर से सिग्नलिंग केबल चोरी करने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है. चोरी के कारण गुरुवार सुबह मेट्रो की सिग्नलिंग प्रणाली पूरी तरह ठप हो गई. घटना की जानकारी सुबह 4.20 बजे मजलिस पार्क स्टेशन के ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर (OCC) को मिली, जहां पता चला कि मजलिस पार्क और भलस्वा स्टेशनों के बीच केबल गायब है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को पकड़ा. मेट्रो कॉरिडोर नया होने के कारण सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जांच जारी है.
एक आरोपी गिरफ्तार
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मौजपुर-बाबरपुर खंड के मजलिस पार्क और दिल्ली मेट्रो की पिंक लाइन के दीपाली चौक-मजलिस पार्क खंड का उद्घाटन किया था. मेट्रो पुलिस की एक रात्रि गश्ती टीम मौके पर पहुंची और आसपास के इलाकों में तलाशी शुरू की. तलाशी के दौरान पुलिस ने पास के वन क्षेत्र में कुछ लोगों द्वारा तांबा निकालने के लिए तार जलाते देखा. पुलिस टीम को देखकर संदिग्धों ने भागने का प्रयास किया. हालांकि, पुलिस एक आरोपी को मौके पर ही गिरफ्तार करने में सफल रही, जबकि अन्य भागने में सफल रहे. वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा कि गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान जहांगीरपुरी निवासी शेख सफीक के रूप में हुई है. पुलिस ने गिरफ्तारी के दौरान लगभग 170-180 मीटर जली हुई केबल बरामद की, जिसे जब्त कर लिया गया. जसबीर सिंह, सहायक अनुभाग अभियंता (सिग्नल), लाइन -8 एक्सटेंशन, डीएमआरसी की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता और दिल्ली मेट्रो रेलवे (संचालन और रखरखाव) अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है.
अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए जगह-जगह दबिश
निरीक्षण के दौरान डीएमआरसी अधिकारियों ने पाया कि लगभग 1,000 मीटर सिग्नलिंग केबल को काट लिया गया था. पुलिस टीमों ने चोरी में शामिल शेष अपराधियों को पकड़ने के लिए छापेमारी शुरू कर दी है. मामले की जांच चल रही है. इस बीच मेट्रो पुलिस और दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) के अधिकारियों ने भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए रेल सेक्शन के साथ संवेदनशील बिंदुओं का एक संयुक्त सर्वेक्षण भी किया है. चोरी के कारण ट्रेनों को भलस्वा और मजलिस पार्क मेट्रो के बीच 25 किमी प्रति घंटे की प्रतिबंधित गति से चलाने के लिए मजबूर होना पड़ा. डीएमआरसी के एक अधिकारी ने कहा कि सिग्नलिंग केबल की स्थापना मेट्रो परिचालन के दौरान नहीं की जा सकती है. असुविधा को कम करने के लिए यात्री परिचालन समाप्त होने के बाद रात में बहाली का काम किया जाएगा. डीएमआरसी ने कहा कि यात्रियों को जानकारी देने के लिए प्रभावित खंड के स्टेशनों और ट्रेनों के अंदर नियमित घोषणाएं की गईं.
ये भी पढ़ेंः छत्तीसगढ़ विधानसभा में रसोई गैस किल्लत पर भारी हंगामा, सदन में गूंजा मुद्दा, कांग्रेस विधायक निलंबित
