Home Latest News & Updates तीन लोगों की मौत, 7 घायल

तीन लोगों की मौत, 7 घायल

by Live India
Accident on Delhi Lucknow Highway

दिल्ली लखनऊ हाईवे पर हादसा: देश की राजधानी दिल्ली से उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ जाने के लिए दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर हर रोज लाखों से अधिक गाड़ियां फर्राटेदार स्पीड में दौड़ती रहती हैं. इस दौरान सड़क सुरक्षा का काफी ध्यान देना होता है. एक गलती किसी बड़े हादसे की वजह बन जाती है.

इस बीच दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर एक दुर्घटना की खबर सामने आई है, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई और 7 लोग घायल बताए जा रहे हैं. यह घटना दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर हापुड़ के आसपास रविवार रात की है, जब दो गाड़ियां आमने-सामने टकरा गईं और यह दर्दनाक हादसा हो गया. आइए जानते हैं पूरी खबर.

दो गाड़ियों की आमने-सामने की टक्कर

न्यूज एजेंसी की एक रिपोर्ट के अनुसार, उत्तर प्रदेश की पुलिस ने बताया कि रविवार रात दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर दो गाड़ियों की आमने-सामने की टक्कर हो गई. यह टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि सात अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए.

पुलिस के अनुसार, दिल्ली के मुस्तफाबाद के कुछ युवक स्कॉर्पियो गाड़ी से बिजनौर में एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे. गढ़ इलाके से गुजरते समय हाईवे पर अचानक एक जानवर आ गया, जिससे बचने की कोशिश में ड्राइवर ने गाड़ी पर से नियंत्रण खो दिया.

अनियंत्रित स्कॉर्पियो पहले जानवर से टकराई और फिर डिवाइडर पार करके दूसरी लेन में चली गई, जहां संभल की ओर से आ रही अर्टिगा कार से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों गाड़ियां पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं. इनके परखच्चे उड़ गए. सूचना मिलने पर हापुड़ के गढ़ थाने के पुलिसकर्मी और स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया.

दिल्ली के रहने वाले थे तीनों मृतक

पुलिस ने बताया कि दुर्घटनास्थल पर ही तीन लोगों की मौत हो गई थी. मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है. गढ़ थाने के प्रभारी देवेंद्र सिंह बिष्ट ने बताया कि मृतकों की पहचान सरफराज (45), अफजल (37) और अबरार (48) के रूप में हुई है. ये सभी दिल्ली के रहने वाले थे.

पुलिस ने बताया कि घायलों में से दो का इलाज मेरठ में चल रहा है, जबकि पांच का इलाज हापुड़ में हो रहा है. साथ ही, दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए जांच की जा रही है. पुलिस ने एक्सीडेंट में क्षतिग्रस्त हुई दोनों गाड़ियों को कब्जे में लेकर आगे की जांच कर रही है.

UP में एक्सीडेंट की लगी कतार! मैनपुर, मुजफ्फरनगर और देवरिया में सड़क हादसे में 7 लोगों की मौत; 3 घायल

समाचार स्रोत: पीटीआई

Related Articles