Home Latest News & Updates दिलीप मिश्रा की करोड़ों की संपत्ति कुर्क

दिलीप मिश्रा की करोड़ों की संपत्ति कुर्क

by Live India
अपराध और माफिया तंत्र पर सीधा प्रहारः माफिया दिलीप मिश्रा की करोड़ों की संपत्ति कुर्क, नकल माफिया का आर्थिक नेटवर्क ध्वस्त

पुलिस कार्रवाई: प्रयागराज में अपराध और माफिया तंत्र के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस और प्रशासन अब अपराधियों की अवैध कमाई पर सीधा प्रहार कर रहे हैं. जिले में एक ओर कुख्यात माफिया दिलीप मिश्रा की करोड़ों रुपये की संपत्ति कुर्क की गई है, वहीं दूसरी ओर नकल माफिया सोनू सिंह यादव और उसके गिरोह के आर्थिक नेटवर्क को ध्वस्त करने के लिए व्यापक कार्रवाई शुरू कर दी गई है. प्रशासन का स्पष्ट संदेश है कि अपराध से अर्जित संपत्तियों को किसी भी कीमत पर बचने नहीं दिया जाएगा और ऐसे लोगों के आर्थिक साम्राज्य को पूरी तरह खत्म किया जाएगा.

मुनादी कराकर संपत्ति जब्त

पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में मेजा तहसील के खीरी थाना क्षेत्र के सिलौंधी कला गांव में माफिया दिलीप मिश्रा की करीब 8 बीघा जमीन को गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत कुर्क कर लिया गया. अधिकारियों के अनुसार इस जमीन की बाजार कीमत लगभग 1 करोड़ 11 लाख 24 हजार रुपये आंकी गई है. जांच में यह सामने आया कि उक्त संपत्ति अपराध से अर्जित धन से खरीदी गई थी. कुर्की की कार्रवाई के दौरान पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर मुनादी कराकर संपत्ति पर नोटिस भी चस्पा किया. यह पिछले 25 दिनों के भीतर दिलीप मिश्रा के खिलाफ दूसरी बड़ी कार्रवाई है. इससे पहले 23 मई को नैनी थाना क्षेत्र के छिवकी इलाके में स्थित लगभग 43 लाख रुपये मूल्य के उसके मकान को भी कुर्क किया गया था.

सोनू सिंह यादव पर भी कसा शिकंजा

पुलिस का दावा है कि वह मकान भी आपराधिक गतिविधियों से अर्जित धन से तैयार किया गया था. वर्तमान में दिलीप मिश्रा फतेहगढ़ केंद्रीय कारागार में बंद है. उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, जमीन कब्जा, गैंगस्टर एक्ट समेत 54 से अधिक गंभीर मुकदमे दर्ज हैं. उधर प्रयागराज पुलिस ने नकल माफिया सोनू सिंह यादव के खिलाफ भी कार्रवाई तेज कर दी है. हाल ही में उसकी करीब 60 लाख रुपये मूल्य की अचल संपत्ति कुर्क की गई थी. अब पुलिस उसके सहयोगियों और गिरोह के अन्य सदस्यों की चल एवं अचल संपत्तियों का ब्यौरा जुटा रही है. साथ ही सोनू सिंह यादव के नाम पर दर्ज दो वाहनों को भी गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत जब्त करने की तैयारी चल रही है.

प्रतियोगी परीक्षाओं में सेंध लगाकर करोड़ों की अवैध कमाई

पुलिस के मुताबिक एसएससी, सिपाही भर्ती और अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में सेंध लगाकर सोनू सिंह यादव और उसके गिरोह ने करोड़ों रुपये की अवैध कमाई की थी. इसी धन का उपयोग कर गिरोह के सदस्यों ने विभिन्न संपत्तियां अर्जित कीं. अब राजस्व विभाग की मदद से गिरोह के सभी सदस्यों की संपत्तियों की जांच की जा रही है ताकि अपराध से अर्जित चल और अचल संपत्तियों को चिह्नित कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सके.

गौरतलब है कि वर्ष 2025 में नवाबगंज थाने में दर्ज गैंगस्टर एक्ट के मुकदमे में सोनू सिंह यादव को गैंग लीडर बनाया गया था. इस मामले में पूर्व रेलकर्मी धनिक लाल मंडल समेत कई अन्य लोगों को भी नामजद किया गया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच लगातार जारी है और गिरोह के किसी भी सदस्य के पास अपराध से अर्जित संपत्ति मिलने पर उसके खिलाफ भी कठोर कार्रवाई की जाएगी. प्रयागराज पुलिस की यह मुहिम अपराधियों के आर्थिक तंत्र को कमजोर करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है.

दिल्ली के मशहूर डॉक्टर ने नौकरानी का किया कत्ल, काला जादू के शक में चाकू से ली जान

  • प्रयागराज से विकास मिश्र की रिपोर्ट

Related Articles