Home Latest News & Updates नीलगायों से टकराकर बेपटरी हुई मालगाड़ी, कई ट्रेनें थमीं

नीलगायों से टकराकर बेपटरी हुई मालगाड़ी, कई ट्रेनें थमीं

by Live India
goods train derails

UP goods train derails: यूपी के बदायूं से कासगंज जा रही एक मालगाड़ी बिटरोई रेलवे स्टेशन के पास पटरी से उतर गई. जिससे बड़ा हादसा होते-होते बचा.

यूपी मालगाड़ी पटरी से उतरी: यूपी के बदायूं से कासगंज जा रही एक मालगाड़ी बिटरोई रेलवे स्टेशन के पास पटरी से उतर गई. जिससे बड़ा हादसा होते-होते बचा. अचानक दो नीलगायों के पटरी पर आ जाने से मालगाड़ी का इंजन जानवरों से टकरा गया. हादसा शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात को हुआ. हादसे के बाद बरेली-बदायन-कासगंज रूट पर रेल संचालन बुरी तरह प्रभावित हो गया. बदायूं के वरिष्ठ स्टेशन मास्टर अफसर हुसैन ने बताया कि ट्रेन नीलगाय से टकरा गई और जानवरों का शव पहियों में फंस गया, जिससे इंजन के बाद वाला पहला डिब्बा पटरी से उतर गया. उन्होंने बताया कि घने कोहरे के कारण मरम्मत कार्य प्रभावित हुआ और रेल यातायात कई घंटों तक बाधित रहा. वरिष्ठ स्टेशन मास्टर ने बताया कि कड़ी मशक्कत के बाद रूट पर रेल यातायात बहाल कर दिया गया है. सभी ट्रेनें सुचारु रूप से चल रही हैं. हादसे की सूचना मिलते ही रेलवे विभाग में अफरातफरी मच गई. जीआरपी इंस्पेक्टर रामप्रताप सिंह, आरपीएफ के जवान, कोतवाली उझानी पुलिस तथा रेलवे अधिकारी मौके पर पहुंच गए.

रास्ते में रुकीं कई गाड़ियां

हादसे के बाद एहतियातन इस रूट पर ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया. मालगाड़ी के डिब्बे के पटरी से उतरने की सूचना मिलते ही बदायूं, उझानी और कासगंज स्टेशनों पर यात्रियों में अफरातफरी मच गई. कई यात्री प्लेटफॉर्म पर ट्रेनों की जानकारी लेते नजर आए. रेलवे ने अनाउंसमेंट के जरिए यात्रियों को ट्रेनों के रोके जाने की सूचना दी. सुरक्षा के दृष्टिगत पूरे सेक्शन में सतर्कता बढ़ा दी गई. हादसे के बाद रामनगर-बांद्रा सुपरफास्ट एक्सप्रेस को बदायूं स्टेशन पर रोका गया. उझानी स्टेशन पर पहले से मौजूद दो मालगाड़ियों को वहीं रोक दिया गया. कासगंज और बरेली की ओर से आने-जाने वाली दो अन्य मालगाड़ियों को रास्ते में ही रोकने के निर्देश दिए गए. आगरा फोर्ट–रामनगर एक्सप्रेस, जो रात करीब दो बजे उझानी पहुंचती है, उसे भी कासगंज स्टेशन पर रोकने की घोषणा की गई. हादसे के बाद घने कोहरे ने राहत कार्य को बेहद कठिन बना दिया.

ट्रैक की जांच में जुटे रेलवे के इंजीनियर

दृश्यता कम होने के कारण पुलिस और रेलवे स्टाफ को सड़क मार्ग से मौके तक पहुंचने में काफी दिक्कत हुई. बदायूं आरपीएफ इंस्पेक्टर रामप्रताप सिंह ने बताया कि कोहरे की वजह से करीब डेढ़ घंटे बाद जाकर राहत एवं तकनीकी कार्य प्रभावी रूप से शुरू हो सका. इसके बाद जीआरपी, आरपीएफ और रेलवे टीम ने संयुक्त रूप से मोर्चा संभाला. उझानी रेलवे स्टेशन के स्टेशन अधीक्षक अनुराग सिंह ने बताया कि मालगाड़ी के इंजन के आगे अचानक दो नीलगाय आ गई थी, जिससे यह हादसा हुआ. एक डिब्बा पटरी से उतरा है. किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है. पटरी से उतरे डिब्बे को हटाने के लिए कासगंज स्टेशन से क्रेन मौके के लिए भेजी गई थी, उझानी से एक इंजन भी भेजा गया था ताकि डिब्बे को सुरक्षित तरीके से हटाकर ट्रैक बहाल किया जा सके. रेलवे के इंजीनियर ट्रैक की जांच में जुटे हैं.

ये भी पढ़ेंः मणिकर्णिका घाट के पुनर्विकास को लेकर खरगे ने PM मोदी को घेरा, कहा- वह ऐतिहासिक इमारत को…

Related Articles