18
Bihar News: बिहार में प्रेमिका से शादी की जिद में युवक 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया. यह देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया.
- अमरजीत सिंह की रिपोर्ट
बिहार समाचार: बिहार में प्रेमिका से शादी की जिद में युवक 100 फीट ऊंचे मोबाइल टावर पर चढ़ गया. यह देख आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया. चार घंटे चले हाई वोल्टेज ड्रामे के बाद किसी तरह युवक को उतारा गया. बिहार के भागलपुर के जगदीशपुर थाना क्षेत्र के बलुआचक स्थित जिओ मोबाइल टावर पर गुरुवार रात एक युवक प्रेमिका से शादी की जिद में करीब 100 फीट ऊंचाई पर चढ़ गया. इस घटना से इलाके में हड़कंप मच गया और करीब चार घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा. देर रात तक चले इस घटनाक्रम के बाद पुलिस ने युवक को समझा-बुझाकर सुरक्षित नीचे उतार लिया.
पुलिस ने संभाली स्थिति
जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के तराडीह गांव निवासी सुबोध राय का पुत्र भास्कर कुमार(21) गुरुवार रात करीब 11 बजे अचानक मोबाइल टावर पर चढ़ गया. टावर पर पहुंचते ही उसने अपनी प्रेमिका को मौके पर बुलाने और उससे शादी कराने की जिद ठान ली. युवक की इस हरकत को देखकर आसपास के लोग दंग रह गए. चाय दुकान पर बैठे लोगों ने सबसे पहले उसे टावर पर चढ़ते देखा और तुरंत डायल 112 पर इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम स्थानीय पुलिस के साथ मौके पर पहुंची और स्थिति को संभालने का प्रयास किया. पुलिस ने पहले युवक को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अपनी जिद पर अड़ा रहा.
देर रात तक चला हाई वोल्टेज ड्रामा
पुलिस ने युवक की पहचान कर उसके परिजनों को सूचना दी. कुछ ही देर में परिजन भी मौके पर पहुंच गए और उसे नीचे उतरने के लिए मनाने लगे, लेकिन युवक किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था. करीब चार घंटे तक चले इस घटनाक्रम में पुलिस और परिजनों ने लगातार प्रयास जारी रखा. अंततः परिजनों ने एक दूसरी लड़की को प्रेमिका के रूप में बुलाकर युवक को समझाने की रणनीति अपनाई. इसके बाद किसी तरह युवक को नीचे उतरने के लिए राजी किया गया. रात करीब 2 बजे युवक सुरक्षित नीचे उतर आया, जिसके बाद पुलिस ने उसे अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू कर दी.
लड़की कर चुकी है इनकार
बताया जा रहा है कि युवक जिस युवती से प्रेम करता है, वह इसी थाना क्षेत्र की रहने वाली है और वह उससे शादी नहीं करना चाहती है. इसके बावजूद युवक शादी की जिद पर अड़ा हुआ था, जिसके कारण उसने यह खतरनाक कदम उठाया. घटना के दौरान मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुटे रहे और पुलिस को व्यवस्था संभालने में मशक्कत करनी पड़ी. स्थानीय निवासी मिथिलेश ने बताया कि लड़की शादी नहीं करना चाहती है और लड़का शादी पर अड़ा हुआ है. इसी को लेकर ड्रामा रात 2:00 बजे तक चलता रहा. जगदीशपुर के प्रभारी थानेदार विकास कुमार ने बताया किसी तरह समझाकर युवक को नीचे उतारा गया है.
