9
तुगलकाबाद आग: शुक्रवार सुबह साउथ-ईस्ट दिल्ली के तुगलकाबाद इलाके में एक पांच मंजिला रिहायशी बिल्डिंग में आग लग गई. इस दुखद घटना में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई और दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका इलाज चल रहा है. यह दुर्घटना मालवीय नगर अग्निकांड के कुछ दिन बाद ही हुई. पड़ोसियों ने उस समय के डरावने पलों के बारे में बताया. उन्होंने कहा कि लोग मदद के लिए पुकार रहे थे, लेकिन आग इतनी भयानक थी कि हमारा अंदर जाना मुमकिन नहीं था.
साड़ियों की रस्सी बनाकर निकले
पास में रहने वाले राजन ने कहा कि धुआं सबसे पहले आधी रात करीब 2 बजे देखा गया और जल्द ही बिल्डिंग वाली पतली गली में भर गया. उन्होंने मीडिया को बताया, “हमने आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन बिल्डिंग के अंदर खड़े दोपहिया वाहनों में पहले से ही आग लगी हुई थी. चूंकि वहां आग पकड़ने वाली चीजें थीं, इसलिए आग पूरी बिल्डिंग में फैल गई.” पड़ोसियों ने कहा कि बिल्डिंग के अंदर फंसे लोगों के पास बचने के लिए दूसरे रास्ते ढूंढने के अलावा कोई चारा नहीं था क्योंकि धुआं तेजी से पूरी बिल्डिंग में फैल गया था. राजन ने कहा, “लोगों ने साड़ियों का इस्तेमाल करके खिड़कियों से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई. कई लोग बिल्डिंग के पिछले दरवाजे से बाहर निकलने में कामयाब रहे.”

छत से चिल्ला रहे थे लोग
एक और पड़ोसी, सुमन ने कहा कि आग बढ़ने के बाद छत से लोगों के मदद के लिए चिल्लाने की आवाज आने लगी. उन्होंने कहा, वे छत से ‘बचाओ हमें, बचाओ हमें’ चिल्ला रहे थे, लेकिन कोई भी बिल्डिंग के अंदर नहीं जा सका क्योंकि आग पूरी बिल्डिंग में फैल गई थी. पुलिस के मुताबिक, गोविंदपुरी पुलिस स्टेशन पर आग लगने की जानकारी सुबह करीब 2.31 बजे PCR कॉल आई. जब बिल्डिंग में भारी धुआं भर गया, जिससे कई लोग अंदर फंस गए, तो मिलकर लोगों को निकालने की कोशिश शुरू की गई. इलाके की एक और रहने वाली नीलू देवी ने कहा कि “धुआं हमारी बिल्डिंग में भी घुस गया था. जैसे ही हमें इसका एहसास हुआ, हम अपने घरों से बाहर भागे.”

शॉर्ट सर्किट से लगी हो सकती है आग- पुलिस
आठ लोगों को बचाया गया और इलाज के लिए सफदरजंग हॉस्पिटल और AIIMS ट्रॉमा सेंटर में शिफ्ट किया गया. मरने वालों की पहचान पंकज (28), उसकी मां गुड्डी (50) और बहन सोनी (20) के रूप में हुई है, जो सभी बिल्डिंग की तीसरी मंजिल पर रहते थे. परिवार के दो और सदस्य, जिनमें एक 18 साल की महिला और उनकी 70 साल की नानी शामिल हैं, गंभीर रूप से घायल हो गए. पुलिस ने कहा कि शुरुआती जांच से पता चलता है कि आग बिल्डिंग के ग्राउंड फ्लोर पर बिजली के शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी होगी. सही वजह की जांच की जा रही है. यह घटना साउथ दिल्ली के मालवीय नगर में एक बेड-एंड-ब्रेकफास्ट होटल में लगी भीषण आग के एक हफ्ते बाद हुई है, जिसमें 23 लोगों की मौत हो गई थी. मारे गए लोगों में से कई विदेशी थे, जिनमें ज़्यादातर सेंट्रल एशियन और अफ्रीकी देशों के थे.
वक्त भी नहीं भर पाया अहमदाबाद विमान हादसे का जख्मः आज भी पसरा है सन्नाटा, गवाही दे रही हैं जली दीवारें
समाचार स्रोत: पीटीआई
