14
Bihar Crime: बिहार के सासाराम में बीच सड़क पर युवक की जघन्य हत्या से सनसनी फैल गई. हमलावरों ने पैर में रस्सी बांधकर युवक को घसीटा.
- अमरजीत सिंह की रिपोर्ट
बिहार अपराध: बिहार के सासाराम में बीच सड़क पर युवक की जघन्य हत्या से सनसनी फैल गई. हमलावरों ने पैर में रस्सी बांधकर युवक को घसीटा और लाठी से पीटकर उसकी जान ले ली. वारदात से इलाके में दहशत फैल गई है. बिहार के रोहतास जिले के सासाराम मुफस्सिल थाना क्षेत्र अंतर्गत मुरादाबाद गांव में मंगलवार को हुई एक व्यक्ति की दिनदहाड़े हत्या का बेहद विचलित करने वाला वीडियो सामने आया है. इस जघन्य वारदात में शामिल हमलावरों ने क्रूरता की सारी हदें पार कर दी, जिसकी पूरी घटना कैमरे में कैद हो गई और अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है.
मदद की गुहार लगाता रहा युवक
दरअसल, मुरादाबाद गांव के समीप सासाराम-चौसा पथ पर कुछ लोग एक व्यक्ति को बेरहमी से पीटते नजर आ रहे हैं. वीडियो में साफ दिख रहा है कि हमलावर पीड़ित के पैर में रस्सी बांधकर उसे सड़क पर घसीट रहे हैं, जबकि अन्य लोग लाठी-डंडों से लगातार वार कर रहे हैं. हमलावरों के सिर पर खून सवार था और उन्होंने मानवता को शर्मसार कर दिया. इस पूरी घटना का सबसे दुखद पहलू यह रहा कि दिनदहाड़े सड़क पर हो रही इस बर्बरता को लोग सिर्फ देखते रहे. किसी ने भी आगे बढ़कर पीड़ित को बचाने या हमलावरों को रोकने की हिम्मत नहीं दिखाई. युवक मदद की गुहार लगाता रहा, लेकिन कोई आगे नहीं आया. यह वीडियो पास के एक मकान की खिड़की से बनाया गया बताया जा रहा है. मामले में सदर डीएसपी टू कुमार वैभव ने बताया कि वायरल वीडियो इसी हत्या कांड से जुड़ा है.
जमीन को लेकर पहले से था विवाद
पुलिस ने अब तक दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है. प्राथमिक जांच में सामने आया है कि मृतक और हमलावरों के बीच जमीन को लेकर पहले से विवाद चल रहा था. मंगलवार को जब मृतक बाइक से बाराडीह गांव लौट रहा था, तभी रास्ते में उसे घेर कर पकड़ लिया गया और बेरहमी से पीट-पीटकर उसकी हत्या कर दी गई. बताया जा रहा है कि इसी विवाद को लेकर कुछ दिन पहले मृतक के भाई के साथ भी मारपीट हुई थी, जिसका वीडियो भी वायरल हुआ था. इस संबंध में सदर डीएसपी कुमार वैभव ने बताया कि आरोपियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. घटना में शामिल अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा. गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह दबिश दी जा रही है.
ये भी पढ़ेंः 6 महीने की फरारी और 4 राज्यों में छापेमारी: रेप केस में भगोड़ा आप विधायक मध्य प्रदेश से गिरफ्तार
