6
Thane Digital Arrest: महाराष्ट्र के ठाणे जिले की एक 82 साल की महिला से कथित तौर पर “डिजिटल अरेस्ट” स्कैम में 73.3 लाख रुपये की ठगी की गई. आरोपियों ने उन्हें एक फर्जी टेरर केस में फंसाने की धमकी दी.
12 अप्रैल, 2026
महाराष्ट्र के ठाणे से डिजिटल अरेस्ट का नया मामला सामने आया है. यहां पर भी स्कैमर्स ने महिला को डरा धमाकर उनसे लाखों रुपए लूट लिए. पुलिस ने रविवार को बताया कि महाराष्ट्र के ठाणे जिले की एक 82 साल की महिला से कथित तौर पर “डिजिटल अरेस्ट” स्कैम में 73.3 लाख रुपये की ठगी की गई. जालसाजों ने खुद को पुलिस अधिकारी बताकर उन्हें एक फर्जी टेरर केस में फंसाने की धमकी दी. आरोपियों ने महिला का नाम पहलगाम आतंकी हमले में शामिल होने का आरोप लगाया.
पहलगाम हमले के आरोपी बताकर की ठगी
एक अधिकारी ने बताया कि स्कैमर्स ने कथित तौर पर कल्याण की रहने वाली शिकायतकर्ता को यह कहकर धमकाया कि उसका मोबाइल फोन नंबर पहलगाम टेरर अटैक में शामिल एक पाकिस्तानी सैनिक से जुड़ा है. उन्होंने कहा कि आरोपियों ने महिला को केस से अपना नाम हटाने के लिए चार दिनों में पैसे ट्रांसफर करने के लिए मजबूर किया. उन्होंने कहा कि अज्ञात आरोपियों ने 6 से 10 अप्रैल के बीच कई मोबाइल फोन नंबरों से महिला से संपर्क किया और जब उन्हें एहसास हुआ कि उनके साथ ठगी हुई है, तो उन्होंने शुक्रवार को महात्मा फुले चौक पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई.
वॉट्सऐप पर आरोपी दे रहे थे निर्देश
महिला ने कहा, “कथित टेरर केस से अपना नाम हटाने के लिए आरोपियों ने मुझे ऑनलाइन मनी ट्रांसफर करने के लिए मजबूर किया.” अधिकारी ने बताया कि शिकायत करने वाली महिला ने वॉट्सऐप पर भेजे गए निर्देशों का पालन करते हुए स्कैमर्स के दिए गए अलग-अलग बैंक अकाउंट में कुल 73.3 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए. उन्होंने बताया कि पुलिस ने क्राइम में इस्तेमाल किए गए पांच लोकल मोबाइल फोन नंबरों की पहचान कर ली है, लेकिन आरोपियों की पहचान और पते का पता लगाने के लिए जांच चल रही है.
सतर्क रहने की जरूरत
डिजिटल अरेस्ट साइबर क्राइम का एक बढ़ता हुआ रूप है जिसमें धोखेबाज पुलिस, कोर्ट के अधिकारी या सरकारी एजेंसियों के कर्मचारी बनकर ऑडियो और वीडियो कॉल के जरिए पीड़ितों को डराते हैं. वे पीड़ितों को फोन पर ही बंधक बनाते हैं और दोस्तों या परिवार से संपर्क करने से रोकते हैं. अगर आपके पास कभी भी इस प्रकार का कॉल या मैसेज आता है तो आप अपने परिवार को बताइए और पुलिस को सूचित कीजिए.
यह भी पढ़ें- पति की हत्या के बाद की ‘ऑस्कर लेवल’ एक्टिंग! बॉयफ्रेंड संग ऐसे बनाया मर्डर प्लान, पुलिस जांच में खुला राज
समाचार स्रोत: पीटीआई
