Home Latest News & Updates शख्स ने रचा खुद की मौत का नाटक

शख्स ने रचा खुद की मौत का नाटक

by Live India
Constable Fake Death Case

Constable Fake Death Case: यूपी के हाथरस में एक बर्खास्त कांस्टेबल ने कथित तौर पर एक भिखारी की हत्या करने के बाद खुद की मौत का नाटक रचा. पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और आगे की कार्रवाई कर रही है.

16 अप्रैल, 2026

उत्तर प्रदेश के हाथरस से एक चौंकाने वाली खबर सामने आई है, जिसमें अपराधी खुद एक बर्खास्त पुलिसवाला है. दरअसल एक बर्खास्त कांस्टेबल ने कथित तौर पर एक भिखारी की हत्या करने के बाद खुद की मौत का नाटक रचा और शव को जला दिया. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की जांच कर रही है. उन्होंने बताया कि 12 मार्च को नॉर्थ ईस्टर्न रेलवे के हाथरस रोड हॉल्ट के पास एक टिन शेड में अनजान बुजुर्ग व्यक्ति का जला हुआ शव बरामद किया गया, जिसके बाद जांच करने पर पूरे प्लान का खुलासा हुआ.

ऐसे दिया अपराध को अंजाम

पुलिस के अनुसार, 55 साल के रामवीर सिंह को पहले आपराधिक गतिविधियों के कारण नौकरी से निकाल दिया गया था. उसने कथित तौर पर भिखारी की हत्या कर दी और शव को आग लगा दी. उसने अधिकारियों को यह विश्वास दिलाने के लिए कि उसकी मौत हो गई है, शव के पास अपना पहचान पत्र और सामान भी रख दिया. जब पुलिस को शव मिला और हाथरस शहर में सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) स्टेशन पर मामला दर्ज किया गया.

हत्या का कारण अस्पष्ट

जांच के दौरान, पुलिस ने साजिश का पर्दाफाश किया और 14 अप्रैल को मैनपुरी जिले के किशनी इलाके के रहने वाले सिंह को गिरफ्तार कर लिया. GRP हाथरस शहर के स्टेशन इंचार्ज सुयश सिंह ने कहा कि आरोपी ने खुद को मरा हुआ दिखाने के इरादे से अपराध किया, लेकिन जांच के दौरान सच्चाई सामने आ गई. पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि उसने पिछले आपराधिक मामलों से छुटकारा पाने के लिए यह पूरा षडयंत्र रचा या फिर इसके पीछे कोई और कारण है.

आरोपी के खिलाफ कई गंभीर मामले दर्ज

पुलिस अधिकारी ने कहा, “वह आदतन अपराधी है और उसके खिलाफ फिरोजाबाद, अलीगढ़, मुरादाबाद, हरदोई, मैनपुरी और बदायूं जैसे जिलों में किडनैपिंग, मर्डर, चोरी और फ्रॉड जैसे गंभीर मामलों में कई केस दर्ज हैं.” पुलिस ने कहा कि आरोपी को अपराध करते समय जलने की चोटें भी आईं. मृतक की पहचान अभी नहीं हो पाई है, माना जा रहा है कि वह साधु के वेश में एक भिखारी था. पुलिस ने आगे कहा कि उसकी पहचान का पता लगाने की कोशिश की जा रही है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई चल रही है.

यह भी पढ़ें- दुकान के सामने खड़ी की गाड़ी तो चाकू से काट दिया गला, भीड़ ने आरोपी को भी पीटकर मार डाला

समाचार स्रोत: पीटीआई

Related Articles