11
US-Iran war: इजराइल और संयुक्त राज्य अमेरिका ने सोमवार को ईरान में सिलसिलेवार जोरदार हमले किए, जिसमें 25 से अधिक लोग मारे गये.
अमेरिका-ईरान युद्ध: इजराइल और संयुक्त राज्य अमेरिका ने सोमवार को ईरान में सिलसिलेवार जोरदार हमले किए, जिसमें 25 से अधिक लोग मारे गये. तेहरान ने भी इजराइल और उसके खाड़ी अरब पड़ोसियों पर मिसाइल हमले का जवाब दिया. होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने की ट्रंप की समय सीमा नजदीक आ रही है लेकिन तेहरान के पीछे हटने के कोई संकेत नहीं हैं. उधर, ओमान और मिस्र ने शांति बहाली के लिए कूटनीतिक पहल शुरू कर दी है. तेहरान में रात भर धमाके होते रहे.
कुवैत ने वायु रक्षा प्रणालियों को किया सक्रिय
इज़रायली अधिकारियों ने बताया कि हमले में हाइफ़ा में एक आवासीय इमारत के मलबे में दो लोग मृत पाए गए. सोमवार तड़के उत्तरी इज़राइल शहर पर नए ईरानी मिसाइल हमले हुए थे. कुवैत और संयुक्त अरब अमीरात दोनों ने आने वाली ईरानी मिसाइलों और ड्रोनों को रोकने के लिए अपनी वायु रक्षा प्रणालियों को सक्रिय कर दिया है.
सोमवार रात को समाप्त हो रही समय सीमा
ईरान के नियमित हमलों और होर्मुज जलडमरूमध्य पर उसकी पकड़ ने वैश्विक ऊर्जा की कीमतों को बढ़ा दिया है. विश्व में बढ़ती चिंता के कारण ट्रंप ने होर्मुज खोलने के लिए तेहरान को एक समय सीमा दी है, जो सोमवार रात को समाप्त हो रही है. ट्रंप ने धमकी दी है कि यदि जलडमरूमध्य को फिर से खोलने के लिए कोई समझौता नहीं हुआ तो अमेरिका ईरान के बिजली संयंत्रों और अन्य बुनियादी ढांचों को खत्म कर देगा और देश को “पाषाण युग में वापस भेज देगा.
ईरान में मनेगा ब्रिज दिवस
उन्होंने धमकी देते हुए कहा कि मंगलवार को ईरान में पावर प्लांट दिवस और ब्रिज दिवस होगा, सब एक में समा जाएगा. उधर, होर्मुज जलडमरूमध्य को खोलने की ट्रंप की समय सीमा नजदीक आ रही है लेकिन तेहरान भी पीछे हटने को तैयार नहीं हैं. तेहरान ने जलडमरूमध्य के माध्यम से शिपिंग पर अपनी पकड़ से पीछे हटने का कोई संकेत नहीं दिया है.
ईरान ने ट्रंप की धमकी को बताया बचकाना
रविवार को ट्रंप की पोस्ट के बाद ईरान के संसदीय अध्यक्ष मोहम्मद बघेर क़ालिबफ़ ने ईरान के बुनियादी ढांचे को खत्म करने की धमकियों को बचकाना बयान बताया. क़ालिबफ़ ने कहा कि युद्ध से आपको कुछ हासिल नहीं होगा. एकमात्र वास्तविक समाधान ईरानी लोगों के अधिकारों का सम्मान करना और इस खतरनाक खेल को समाप्त करना है. ब्रेंट क्रूड ऑयल सोमवार के शुरुआती कारोबार में बढ़कर 109 अमेरिकी डॉलर हो गया, जो युद्ध शुरू होने के समय की तुलना में लगभग 50 प्रतिशत अधिक है. युद्ध शुरू होने के बाद से ईरान ने कुछ जहाजों को जलडमरूमध्य से गुजरने दिया है. ट्रंप की सैन्य धमकियों के अलावा यह देखने के लिए राजनयिक प्रयास अभी भी चल रहे हैं कि क्या जलमार्ग खोलने के लिए कोई समाधान निकाला जा सकता है.
होर्मुज पर ओमान ने की पहल
ओमान के विदेश मंत्रालय ने कहा कि ईरान और ओमान के उप विदेश मंत्रियों और विशेषज्ञों ने जलडमरूमध्य के माध्यम से सुचारु पारगमन सुनिश्चित करने के प्रस्तावों पर चर्चा की. मिस्र ने कहा कि विदेश मंत्री बद्र अब्देलत्ती ने अमेरिकी दूत स्टीव विटकॉफ़ और ईरानी विदेश मंत्री अब्बास अराघची और तुर्की व पाकिस्तानी समकक्षों के साथ बात की थी. रूस ने कहा कि अराघची ने रूसी विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव से भी बात की. पूरे ईरान में हवाई हमलों में 25 से अधिक लोग मारे गए. सोमवार की सुबह हुए हवाई हमलों में से एक ने तेहरान के शरीफ प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय को निशाना बनाया, जहां ईरानी मीडिया ने इमारतों के साथ-साथ परिसर के बगल में एक प्राकृतिक गैस वितरण स्थल को नुकसान होने की सूचना दी.
ये भी पढ़ेंः रात 8 बजे ईरान में कयामत लाएंगे ट्रंप, बता दिया टाइम, काउंटडाउन खत्म होने से पहले भी हमले जारी
समाचार स्रोत: पीटीआई
