Home Latest News & Updates 1 करोड़ के गहने और 12 लाख की नगदी लूटी

1 करोड़ के गहने और 12 लाख की नगदी लूटी

by Live India
बाराबंकी में भीषण लूटः दरवाजा तोड़कर घर में घुसे बदमाश, परिवार को बनाया बंधक

यूपी अपराध: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में हथियारबंद बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर एक करोड़ के आभूषण और लाखों की नकदी लूट ली. बदमाश शुक्रवार तड़के पीछे का दरवाजा तोड़ कर घर के अंदर घुस गए. लूटपाट के दौरान बदमाशों ने घर के सभी सदस्यों के मुंह पर टेप लगा दिया, जिससे वे बचाव की गुहार भी नहीं लगा सके. सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने बताया कि देवा-बाराबंकी रोड पर ग्वारी गांव में सात हथियारबंद बदमाशों ने शुक्रवार तड़के एक व्यापारी के परिवार को बंधक बना लिया और लगभग 1 करोड़ रुपये के आभूषण और 12 लाख की नकदी लूट ले गए.

परिवार के सदस्यों के मुंह पर लगा दिया टेप

पुलिस के मुताबिक, बदमाशों ने आलोक जायसवाल के घर और थोक किराना दुकान को निशाना बनाया और सुबह 3.21 बजे पीछे का दरवाजा तोड़ कर अंदर घुस गये. दुकान ग्राउंड फ्लोर पर है, जबकि परिवार ऊपरी मंजिल पर रहता है. घटना के समय घर में जायसवाल, उनकी पत्नी, बेटा हिमांशु, बहू, मायके से आई दो बेटियां और एक बच्चा मौजूद था. पुलिस ने कहा कि हथियारबंद बदमाशों ने बंदूक की नोक पर परिवार को धमकाया, उन्हें एक जगह इकट्ठा किया और अलार्म न बजाने की चेतावनी दी. पुलिस ने कहा कि बदमाशों ने परिवार के सदस्यों के मुंह पर टेप लगा दिया और बच्चों के रोने पर उन पर हमला किया. पुलिस ने बताया कि बदमाश करीब एक घंटे तक घर के अंदर रहे और सुबह 4.22 बजे भाग गए.

गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी

परिवार के मुताबिक बदमाश करीब 12 लाख रुपये नकद और करीब 90 लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण लूट ले गये. सूचना मिलने के बाद वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची. अधिकारियों ने कहा कि आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की गई, जबकि कई टीमों का गठन किया गया है. अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि पांच टीमें गठित की गई हैं और कुछ संदिग्धों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया है. उन्होंने कहा कि ऐसा प्रतीत होता है कि बदमाशों को इस बात की सटीक जानकारी थी कि नकदी और आभूषण कहां रखे गए हैं. ऐसी जानकारी आमतौर पर परिवार के सदस्यों या करीबी सहयोगियों को पता होती है. उन्होंने कहा कि मामला जल्द ही सुलझा लिया जाएगा.अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विकास चंद्र त्रिपाठी ने कहा कि बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए जगह-जगह छापेमारी की जा रही है.

साइबर फ्रॉड और मनी लॉन्ड्रिंग रैकेट का भंडाफोड़: दिल्ली पुलिस ने गोवा से दो को किया गिरफ्तार

समाचार स्रोत: पीटीआई

Related Articles