9
Lawrence Bishnoi Gang: अशोक नगर पुलिस ने 10 करोड़ की फिरौती मांगने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए बदमाश मनीष जांगिड़ को गिरफ्तार कर लिया.
- अशोकनगर से सुशील कुशवाह की रिपोर्ट
लॉरेंस बिश्नोई गिरोह: अशोक नगर पुलिस ने 10 करोड़ की फिरौती मांगने वाले गैंग का पर्दाफाश करते हुए बदमाश मनीष जांगिड़ को गिरफ्तार कर लिया. लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने व्यापारी से 10 करोड़ की फिरौती मांगी थी. रकम न देने पर गैंग ने व्यापारी और उसके परिवार को खत्म करने की धमकी दी थी. इससे डरकर व्यापारी अंकित आग्रवाल ने थाने में लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य हैरी बॉक्सर के नाम से आए वाट्सअप कॉल, वीडियो कॉल और वाईस नोट देकर बॉक्सर के खिलाफ FIR दर्ज कराई थी. विवेचना के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम जयपुर, जैसलमेर, राजस्थान, इंदौर, गोवा तथा अन्य स्थानों पर गई. पुलिस टीम ने साक्ष्य एकत्रित किए. अशोक नगर सहित आसपास के होटल, लॉज, धर्मशाला, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन सहित सभी स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया. गांधी पार्क से स्टेशन तक लगातार पुलिस चौकस रही. शहर के चप्पे चप्पे पर पुलिस ने हर गतिविधि पर नजर रखी. पीड़ित के घर के आसपास लगातार निगरानी रखी गई.
व्यापारी के घर की रेकी करते पकड़ा गया
पुलिस अधीक्षक अशोक नगर राजीव कुमार मिश्रा के निर्देशन में पुलिस टीम द्वारा लगातार चेकिंग की गई. इस दौरान रात में एक संदिग्ध व्यक्ति पीड़ित अंकित अग्रवाल के घर के पास मिलन तिराहे पर घूमता हुआ दिखाई दिया. थाना कोतवाली पुलिस ने जब पूछताछ की तो उक्त संदिग्ध ने अपना नाम मनीष पुत्र कैलाश जांगिड उम्र 19 साल निवासी ग्राम साकून दादू जयपुर (राजस्थान) का होना बताया. उसकी तलाशी लेने पर उसके कब्जे में छह पेट्रोल बम, दो मोबाइल, एक मोटरसाइकल, एक नकली आधार कार्ड मिला. उसके पास से मिली वस्तुओं को चेक करने पर हैरि बॉक्सर एवं ऋतिक बॉक्सर द्वारा आरोपी मनीष जांगिड को पेट्रोल बम बनाने का तरीका भी बताया गया था. आरोपी को एक पुरानी बाइक,एक आईफोन, एक एड्रायड मोबाइल एवं फर्जी आधार कार्ड उपलब्ध कराए गए थे. आरोपी मनीष जांगिड ने बताया कि 2024 में जयपुर क्लब फायरिंग केस में वह रितिक बॉक्सर के संपर्क में आया था. रितिक बॉक्सर के द्वारा ही उसे हैरी बॉक्सर से संपर्क करवाया गया था. तब से वह हैरी बॉक्सर तथा रितिक बॉक्सर के साथ इस प्रकार के अपराधों में है.
वारदात के लिए मिले थे एक लाख रुपए
बताया कि इस कार्य के लिए भी हैरी बॉक्सर ने उसे एक लाख रुपये एडवांस दिए हैं. अशोक नगर में वारदात करने के बाद उसे इंदौर किसी वारदात के लिए भी जाना था. मनीष जांगिड अशोक नगर शहर में प्रतिष्ठित व्यापारी अंकित अग्रवाल को मारने की धमकी देने वाला हैरि बॉक्सर गैंग का सदस्य है. वर्तमान में वह जयपुर में रह कर परचून दुकान पर 11,000 रुपये की नौकरी कर रहा था. शुरू से ही बड़े गैंगस्टरों को फॉलो करता था और उनसे प्रभावित था. हैरी बॉक्सर ने उसको जयपुर से शिवपुरी गुना होते हुए अशोक नगर जाकर अंकित अग्रवाल के घर पर फायरिंग करने के लिए रवाना किया था. घर लोकेशन भेजी थी. आरोपी कई दिनों से शहर में रहकर रेकी कर रहा था. परंतु लगातार पुलिस की मूवमेंट लोकेशन के आस पास होने से यह घटना नहीं कर पा रहा था. घटना में उसके द्वारा पेट्रोल बम का इस्तेमाल भी किया जाना था. रेकी करने एवं घटना कर भागने के लिए उसके द्वारा एक बाइक भी लोकल से खरीदी गई थी. उसे बाइक का पैसा भी हरि बॉक्सर द्वारा ही ऑनलाइन उपलब्ध कराया गया था.
ये भी पढ़ेंः दंतेवाड़ा में सुरक्षाबलों के साथ मुठभेड़, 5 लाख का इनामी नक्सली ढेर, हथियार व गोला-बारूद बरामद
