13
कोलकाता गोदाम ध्वस्त: पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है. यहां बुधवार को तारातला इलाके में निर्माणाधीन गोदाम गिर गया. यह तीन मंजिला गोदाम था. इस हादसे में अब तक पांच लोगों की मौत हो चुकी है, वहीं 25 से अधिक लोग घायल बताए गए, जिनका इलाज अस्पतालों में जारी है. गोदाम गिरने से वहां मौजूद कई लोगों के दबने की आशंका है.
न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, घटना के 18 घंटें से अधिक समय गुजर जाने के बाद मलबे में फंसे लोगों की तलाशी अभियान और बचाव के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है.
मलबे से पांच और लोग निकाले गए- अधिकारी
मिली जानकारी के अनुसार, अधिकारियों ने बताया कि कोलकाता के तारातला इलाके में निर्माणाधीन गोदाम के ढह जाने के बाद गुरुवार को मलबे से पांच और लोगों को बाहर निकाला गया. उन्होंने बताया कि इससे पहले पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया गया था, जबकि 25 घायल लोगों का इलाज चल रहा है.
अधिकारियों ने बताया कि ढहने के 18 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बाद भी कई लोगों के मलबे के नीचे फंसे होने की आशंका है.
सावधानी के साथ रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया, “आज सुबह बचाए गए लोगों को अस्पताल ले जाया गया है और डॉक्टर उनकी स्थिति का आकलन कर रहे हैं. फंसे हुए लोगों का जल्द से जल्द पता लगाने और उन्हें बचाने के लिए सभी उपलब्ध संसाधनों का इस्तेमाल किया जा रहा है.” उन्होंने आगे बताया, ” यह अभियान बेहद चुनौतीपूर्ण माहौल में चलाया जा रहा है, लेकिन टीमें लगातार मेहनत कर रही हैं.”
जानकारी के अनुसार, बचाव अभियान रात भर जारी रहा, जिसमें टीमों ने मुड़ी हुई लोहे की बीमों और बड़ी कंक्रीट की स्लैबों के नीचे जीवित बचे लोगों की तलाश के लिए खोजी कुत्तों, थर्मल डिटेक्शन उपकरणों और विशेष उपकरणों का इस्तेमाल किया. एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने कहा, “ढह चुकी इमारत की अस्थिर प्रकृति के कारण हम सावधानीपूर्वक आगे बढ़ रहे हैं.”

8 लोगों की गिरफ्तारी व जांच के आदेश
जानकारी के मुताबिक, गृह सचिव संघमित्रा घोष और स्वास्थ्य मंत्री शरदवत मुखर्जी सहित राज्य सरकार के वरिष्ठ अधिकारी बचाव और राहत प्रयासों की निगरानी के लिए घटनास्थल पर मौजूद रहे.
इस बीच, पुलिस ने घटना के सिलसिले में आठ लोगों को गिरफ्तार किया है. अधिकारियों ने बताया कि बुधवार को तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया, जबकि पांच लोगों को शहर में कई स्थानों पर रात भर चले छापों के बाद पकड़ा गया. वहीं, कोलकाता पुलिस ने इस घटना की जांच के लिए एसीपी (क्राइम) कुणाल अग्रवाल की अध्यक्षता में एक विशेष जांच दल का गठन किया है.
लखनऊ अग्निकांड: ध्वस्तीकरण नोटिस रद्द करने वाले अफसरों पर गिरी गाज, CM के पास पहुंची 18 इंजीनियरों की रिपोर्ट
समाचार स्रोत: पीटीआई
