15
Nivesh Mitra: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को पिछली सरकारों पर जमकर बरसे. उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने युवाओं के सपनों को तोड़ा.
निवेश मित्र: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंगलवार को पिछली सरकारों पर जमकर बरसे. उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने युवाओं के सपनों को तोड़ा. यूपी का भरोसा तोड़ा. योगी ‘निवेश मित्र 3.0’ सिंगल विंडो सिस्टम के शुभारंभ अवसर पर लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे. उन्होंने पिछली सरकारों पर विकास विरोधी होने का भी आरोप लगाया. योगी ने कहा कि राजनीतिक कारणों से पिछली सरकारों ने लोगों का भरोसा तोड़ा. सिर्फ विश्वास नहीं टूटा बल्कि उत्तर प्रदेश के युवाओं के सपने भी चकनाचूर हो गए.कार्यक्रम में उपस्थित निवेशकों को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सूबे ने बीते 9 साल में सख्त कानून व्यवस्था और पारदर्शी नीतियों के जरिए अपनी पहचान को बदला है.
उपलब्ध हो रहे रोजगार के अवसर
उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश न केवल निवेशकों के लिए सुरक्षित राज्य बना, बल्कि यहां उन्हें सभी आवश्यक सुविधाएं एक साथ उपलब्ध हो रही हैं. यही कारण है कि यहां निवेशक आगे आ रहे हैं. यूपी अब देश के प्रमुख औद्योगिक एवं आर्थिक केंद्र के रूप में स्थापित हो रहा है. यहां रोजगार के अवसर उपलब्ध हो रहे हैं. योगी ने कहा कि उत्तर प्रदेश को एक पसंदीदा निवेश राज्य के रूप में स्थापित करने की कल्पना नौ साल पहले की गई थी. प्रधान मंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में “डबल इंजन सरकार” ने निवेशकों के लिए एक सक्षम वातावरण बनाने और उनके द्वारा व्यक्त किए गए विश्वास का सम्मान करने का प्रयास किया है. पिछले नौ वर्षों में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश देश में एक प्रमुख निवेश गंतव्य के रूप में उभरा है. उन्होंने कहा कि विश्वास राज्य की सबसे बड़ी संपत्ति बनी हुई है.
विपक्ष पर साधा निशाना
विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों ने राज्य के लोगों के लिए पहचान का संकट पैदा कर दिया था और देश में सबसे अधिक आबादी वाला राज्य होने के बावजूद इसके अस्तित्व पर सवाल उठाए थे. उन्होंने कहा कि मैं विश्वास के साथ कह सकता हूं कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व और मार्गदर्शन में डबल इंजन सरकार ने जो भरोसा दिखाया है, वह टीम यूपी के लगातार प्रयासों से पूरा हुआ है और परिणाम हर स्तर पर दिखाई दे रहे हैं. योगी ने कहा कि राज्य में धारा 80 के तहत लैंड यूज की जटिल प्रक्रिया को खत्म कर दिया गया है. नए नियम के तहत अब मास्टर प्लान का नक्शा पास होते ही लैंड यूज स्वतः स्वीकृत माना जाएगा और अलग से किसी प्रमाणपत्र की जरूरत नहीं होगी. साथ ही ‘निवेश मित्र 3.0’ को लॉन्च कर 43 से अधिक विभागों की 530 सेवाओं को सरल बनाकर 200 से कम सेवाओं में निहित किया गया है.
निजी बिजनेस पार्क नीति को मंजूरी
सीएम योगी ने कहा कि उनकी सरकार ने सूबे में औद्योगिक विकास के लिए कई महत्वपूर्ण योजनाएं लागू की हैं. इसी कड़ी में कैबिनेट द्वारा निजी बिजनेस पार्क नीति को मंजूरी दी गई है. इसके तहत अब कोई भी निवेशक बिजनेस पार्क विकसित कर अपने उद्योग को आगे बढ़ा सकेगा. इस मॉडल में सरकारी भूमि उपलब्ध कराई जाएगी, जबकि निवेशक अपना निवेश करेंगे. उन्होंने कहा कि सूबे में उद्योगों के संचालन में किसी भी प्रकार की बाधा या अराजकता बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि वर्तमान में राज्य के माहौल में महत्वपूर्ण बदलाव आया है. सरकार ने कहा कि कानून-व्यवस्था में सुधार से निवेशकों का भरोसा बढ़ा है. उन्होंने कहा कि 2017 से पहले लोग उत्तर प्रदेश में प्रवेश करने से झिझकते थे, लेकिन अब बड़े पैमाने पर निवेश हो रहा है. मौर्य ने यह भी कहा कि योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में राज्य औद्योगिक परिवर्तन देख रहा है, इसकी अर्थव्यवस्था का आकार लगातार बढ़ रहा है. इस मौके पर मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी भी मौजूद थे.
