20
Constable Murder: ओडिशा के भुवनेश्वर में भीड़ ने एक जीआरपी कांस्टेबल की पीट-पीट कर हत्या कर दी. वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई.
कांस्टेबल की हत्या: ओडिशा के भुवनेश्वर में भीड़ ने एक जीआरपी कांस्टेबल की पीट-पीट कर हत्या कर दी. वारदात के बाद इलाके में सनसनी फैल गई. घ़टना को देखते हुए मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने जांच के आदेश दिए हैं. ओडिशा पुलिस की अपराध शाखा ने भुवनेश्वर के बाहरी इलाके में एक जीआरपी कांस्टेबल की भीड़ द्वारा पीट-पीट कर हत्या करने के मामले की जांच शुरू कर दी है. यह कदम मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी के आदेश के बाद उठाया गया है, जिन्होंने मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए जांच के निर्देश दिए थे. गौरतलब है कि 7 मई को जीआरपी कांस्टेबल सौम्य रंजन स्वाइन पर एक महिला से रेप के प्रयास का आरोप लगा था, जिसके बाद भीड़ ने उनकी पीट-पीट कर हत्या कर दी.
पीड़िता का ‘पॉलीग्राफ’ टेस्ट कराने की मांग
अब मृतक कांस्टेबल का परिवार आरोपों को झूठा बताते हुए महिला शिकायतकर्ता का ‘पॉलीग्राफ’ परीक्षण कराने की मांग कर रहा है. पुलिस अपराध शाखा के पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में घटनास्थल पर गहन जांच कर रही है. अपराध शाखा के पुलिस उपाधीक्षक (डीएसपी) रत्नप्रवा सत्पथी को घटनास्थल पर मामले की जांच के लिए तैनात किया गया है. पीड़िता के साथ कथित यौन उत्पीड़न और उसके बाद भीड़ द्वारा सौम्य रंजन स्वैन की मौत पर दर्ज मामलों की संवेदनशीलता को ध्यान में रखते हुए सीआईडी अपराध शाखा कटक ने डीजीपी ओडिशा के आदेश से जांच का जिम्मा संभाला. मुख्यमंत्री ने शनिवार शाम को घटना की अपराध शाखा से जांच के आदेश दिये. माझी ने कोलकाता की दो दिवसीय यात्रा से लौटने के बाद एक उच्च स्तरीय बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह निर्देश जारी किए.
11 आरोपी गिरफ्तार
माझी ने क्राइम ब्रांच से घटना की उचित और गहन जांच करने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को कहा है. उन्होंने पुलिस महानिदेशक को सतर्क रहने का भी निर्देश दिया ताकि राज्य में कहीं भी ऐसी घटनाएं दोबारा न हों. पुलिस ने कहा कि अब तक 32 वर्षीय कांस्टेबल सौम्य रंजन की भीड़ द्वारा पीट-पीटकर हत्या करने में कथित संलिप्तता के लिए 11 लोगों को गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने कहा कि सौम्य रंजन की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई और एक अन्य व्यक्ति ओम प्रकाश राउत घायल हो गया. दोनों पर लगभग 40 लोगों ने भुवनेश्वर के बाहरी इलाके में बालियांता पुलिस स्टेशन क्षेत्र में एक महिला के साथ रेप के कथित प्रयास पर हमला किया.
स्कूटी में टक्कर लगने से बिगड़ा मामला
उन्होंने बताया कि घटना 7 मई को सुबह लगभग 11.30 बजे हुई, जब स्कूटी से जा रही दो महिलाओं को दो पुरुषों स्वाइन (अब मृत) और उसके 20 वर्षीय साथी राउत ने पीछे से टक्कर मार दी. महिलाएं गिर गईं और स्वैन ने कथित तौर पर दोनों महिलाओं पर हमला किया और उनमें से एक के साथ रेप करने का प्रयास किया. महिला की पोशाक फट गई और वह सड़क पर बेहोश हो गई, जिसके बाद स्थानीय लोग इकट्ठे हुए और दोनों का पीछा किया. इसके बाद भीड़ ने स्वाइन की पीट-पीटकर हत्या कर दी.
समाचार स्रोत: पीटीआई
