Home Latest News & Updates टीवीके ‘विजय’ सरकार ने जीता विश्वास मत

टीवीके ‘विजय’ सरकार ने जीता विश्वास मत

by Live India
TVK Govt

TVK Govt: बीते 4 मई को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजे आए थे. प्रदेश की कुल 234 सीटों में से टीवीके को 108, डीएमके को 59, AIADMK को 47 सीटें मिली थी. बाकी की सीटें, कांग्रेस, वामदल, बीजेपी और अन्य पार्टियों के खाते में गईं थी.

टीवीके सरकार: तमिलनाडु विधानसभा से एक खास खबर सामने आई है. यहां मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व में हाल ही में बनी टीवीके सरकार ने फ्लोर टेस्ट को पास कर लिया है. बुधवार को टीवीके सरकार ने कांग्रेस और वामपंथी पार्टियों के समर्थन से विश्वास मत को जीत लिया है. इस दौरान विधानसभा में प्रमुख विपक्षी दलों में हलचल देखी गई. फ्लोर टेस्ट के दौरान जहां पूर्व सत्ता वाली डीएमके पार्टी ने वॉकआउट किया, वहीं AIADMK में फूट पड़ गई.

144 पक्ष तो खिलाफ में गिरे 22 वोट

तमिलनाडु विधानसभा में कुल सीटों की संख्या 234 है. किसी भी पार्टी या गठबंधन को बहुमत के लिए 118 सीटों की जरूरत होती है. आज सुबह करीब 9.30 बजे तमिलनाडु विधानसभा की कार्यवाही शुरू होते ही मुख्यमंत्री विजय ने विश्वास प्रस्ताव पेश किया और सभी दलों के विधायकों ने प्रस्ताव पर अपनी राय रखी. इस दौरान विधानसभा के अध्यक्ष जेसीडी प्रभाकर ने मंडलवार वोटिंग के बाद घोषणा की.

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विजय के द्वारा विधानसभा में विश्वास मत प्राप्त करने के लिए पेश किया गया प्रस्ताव जीत गया है. इस प्रस्ताव का समर्थन करते हुए 144 विधायकों ने सरकार के पक्ष में मतदान किया है. उन्होंने बताया कि 22 विधायकों ने विरोध किया और पांच विधायकों ने तटस्थ रुख अपनाया. तटस्थ रहने वाली पार्टी भाजपा थी, जिसके पास एक सीट है.

डीएमके का वॉकआउट और AIADMK में फूट

जानकारी के मुताबिक, तमिलनाडु विधानसभा की मुख्य विपक्षी पार्टी डीएमके, जिसके पास 59 विधायक हैं, ने प्रस्ताव पर मतदान शुरू होने से पहले ही सदन से वॉकआउट कर दिया. वहीं,AIADMK में फूट पड़ गई. सीएम विजय के नेतृत्व वाली टीवीके सरकार ने कांग्रेस, वीसीके, वामपंथी दलों, एएमएमके और एसपी वेलुमणि और सी वे शनमुगम के नेतृत्व वाले AIADMK के बागी गुट के समर्थन से विश्वास मत जीता.

4 मई को आए थे नतीजे

बता दें कि बीते दिनों 4 मई को तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के नतीजे आए थे. प्रदेश की कुल 234 सीटों में से टीवीके को 108, डीएमके को 59, AIADMK को 47, कांग्रेस को 5, पीएमके को 4, वामदल को 4 और बाकी की सीटें अन्य पार्टियों के खाते में गईं थी. तमिलनाडु में सरकार बनाने के लिए किसी भी पार्टी या गठबंधन को 118 सीटों का बहुमत होना जरूरी था. एक्टर से नेता बने विजय ने कांग्रेस, वामदलों, वीसीके और आईयूएमएल की मदद से पूर्ण बहुमत का आंकड़ा पार कर लिया था. बीते दिनों राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेलकर ने विजय को सीएम पद की शपथ दिलाई थी और उन्हें अब विधानसभा में 13 मई को या इससे पहले विश्वास मत जीतना था.

यह भी पढ़ें: ‘बिजनेस में नुकसान से परेशान थे’, प्रतीक की मौत पर बोले अखिलेश, KGMU में चल रहा पोस्टमार्टम

समाचार स्रोत: पीटीआई

Related Articles