7
Bollywood Actress Attend Cannes in Saree: हर साल कान्स फिल्म फेस्टिवल से बॉलीवुड हसीनाओं का लुक खूब वायरल होता है. इस बार आलिया भट्ट छाई हुई हैं. हालांकि, कान्स और बॉलीवुड हसीनाओं के साड़ी अवतार का बड़ा गहरा कनेक्शन रहा है.
14 मई, 2026
कान्स सिर्फ फिल्मों और ग्लैमरस फैशन का स्टेज नहीं है, बल्कि ये दुनिया के सामने अपना कल्चर और पहचान दिखाने का भी मौका बन चुका है. यही वजह है कि जब भी बॉलीवुड की खूबसूरत एक्ट्रेसेस कान्स के रेड कार्पेट पर पहुंचती हैं, तो उनके वार्डरोब में साड़ी हमेशा खास जगह बनाती नजर आती है. गाउन और ड्रामेटिक सिल्हूट्स के दौर में भी भारतीय साड़ी ने कान्स में अपनी अलग पहचान बनाई है. कभी ट्रेडिशनल अंदाज़ में, तो कभी मॉडर्न ट्विस्ट के साथ, बॉलीवुड एक्ट्रेसेस ने हर बार साबित किया कि साड़ी सिर्फ एक आउटफिट नहीं बल्कि भारतीय संस्कृति की खूबसूरत पहचान है.

ऐश्वर्या ने की शुरुआत
साल 2002 में जब ऐश्वर्या राय फिल्म ‘देवदास’ के प्रीमियर के लिए पहली बार कान्स के रेड कार्पेट पर पहुंचीं, तब उन्होंने डिजाइनर नीता लुल्ला की मस्टर्ड येलो साड़ी पहनकर सबका ध्यान अपनी तरफ खींचा. उस दौर में जहां इंटरनेशनल रेड कार्पेट पर गाउन का बोलबाला था, तब ऐश्वर्या ने साड़ी पहनकर इंडियन फैशन को ग्लोबल लेवल पर अलग पहचान दी. इसके बाद भी ऐश्वर्या ने कान्स में कई यादगार साड़ी लुक्स दिए. कभी सब्यसाची की शीयर साड़ी में, तो कभी तरुण तहिलियानी की गोल्डन ड्रेप में उनका रॉयल अंदाज़ लाइमलाइट में रहा. स्मोकी आई मेकअप और स्लीक बन के साथ उनके साड़ी लुक्स आज भी कान्स फैशन के सबसे आइकॉनिक मोमेंट्स में गिने जाते हैं.

सोनम का मॉडर्न ट्विस्ट
अगर कान्स में एक्सपेरिमेंटल साड़ी लुक्स की बात हो और सोनम कपूर आहूजा का नाम न आए, ऐसा हो ही नहीं सकता. फैशन आइकन मानी जाने वाली सोनम ने कान्स में साड़ी को बिल्कुल नए अंदाज़ में पेश किया. साल 2013 में फिल्म ‘द ग्रेट गैट्सबी’ के प्रीमियर पर उन्होंने अनामिका खन्ना की फ्यूजन साड़ी पहनी थी, जिसे बारोक जैकेट और बड़ी नथ के साथ स्टाइल किया गया था. ये लुक खूब वायरल हुआ था. इसके बाद सोनम ने केप-स्टाइल साड़ी, ट्राउजर साड़ी और मेटैलिक ब्लू ड्रेप जैसे कई बोल्ड फैशन एक्सपेरिमेंट किए. सोनम ने अपने लुक्स से ये साबित किया कि साड़ी ट्रेडिशनल होने के साथ-साथ फैशनेबल और ग्लोबल भी हो सकती है.

दीपिका पादुकोण के एलिगेंट लुक्स
दीपिका पादुकोण ने भी कान्स में अपने साड़ी लुक्स से हर बार फैशन लवर्स को इंप्रेस किया. साल 2010 में उन्होंने डिजाइनर रोहित बल की आइवरी और गोल्ड साड़ी पहनकर कान्स में डेब्यू किया था. प्लंजिंग बैक ब्लाउज और गोल्डन डिटेलिंग के साथ दीपिका ने साड़ी को मॉडर्न ग्लैमर का नया टच दिया. बाद में उन्होंने सब्यसाची की सीक्विन साड़ी और अबू जानी-संदीप खोसला की पर्ल एम्ब्रॉयडरी वाली रफल्ड साड़ी पहनकर भी खूब तारीफें बटोरीं.

विद्या बालन का क्लासिक स्टाइल
जब विद्या बालन कान्स जूरी का हिस्सा बनीं, तब उन्होंने लगभग हर मौके पर साड़ी को ही चुना. डिजाइनर सब्यसाची के साथ उनकी जोड़ी ने कान्स में कई क्लासिक फैशन मोमेंट्स दिए. सॉफ्ट प्रिंट्स, पर्ल नेकलेस, बड़े सनग्लासेस और ट्रेडिशनल ड्रेपिंग के साथ विद्या का लुक बहुत रॉयल और एलिगेंट दिखा. सफेद साड़ी से लेकर रेड कार्पेट पर पहनी गई रेड साड़ियों तक, उनका हर अंदाज़ इंडियन क्लासिक फैशन की खूबसूरत मिसाल बना.

इन्होंने भी बढ़ाया ग्लैमर
कान्स में सिर्फ बड़ी बॉलीवुड स्टार्स ही नहीं बल्कि कई दूसरी एक्ट्रेसेस और फैशन इन्फ्लुएंसर्स ने भी साड़ी पहनकर भारतीय फैशन को फ्लॉन्ट किया. डायना पेंटी ने 2019 में अमित अग्रवाल की साड़ी गाउन पहनकर मॉडर्न इंडियन फैशन को नया अंदाज़ दिया. इसके अलावा कंगना रनौत ने फ्लोरल और सीक्विन साड़ियों में रेड कार्पेट पर शानदार पोज दिए. इस लिस्ट में रसिका दुग्गल का नाम भी शामिल है, जिन्होंने पेस्टल ब्लू साड़ी में कान्स में जलवा दिखाया.

अदिति राव हैदरी
अदिति राव हैदरी ने भी कान्स में अपने ट्रेडिशनल लुक से खूब तारीफें बटोरीं. आइवरी ऑर्गेंजा साड़ी से लेकर 2025 में पहनी गई लाल मशरू साड़ी तक, उनका हर लुक पुराने दौर के रॉयल ग्लैमर की याद दिला रहा था. सिंदूर, बड़ी बिंदी और ट्रेडिशनल जूलरी के साथ अदिति का अंदाज़ सोशल मीडिया पर काफी वायरल हुआ.

भारत की पहचान
कान्स के रेड कार्पेट पर हर साल बदलते फैशन ट्रेंड्स के बीच साड़ी ने अपनी जगह कभी नहीं खोई. बॉलीवुड एक्ट्रेसेस ने ये साबित कर दिया कि भारतीय साड़ी सिर्फ ट्रेडिशनल आउटफिट नहीं बल्कि एक ऐसा फैशन स्टेटमेंट है, जो दुनिया के किसी भी ग्लोबल मंच पर सबसे अलग और खूबसूरत नजर आ सकता है.
