11
शेयर बाज़ार: शेयर मार्केट में गुरुवार की सुबह शुरुआत तो शानदार हुई, लेकिन कुछ ही घंटों में माहौल बदल गया. सुबह तेजी के साथ खुला बाजार धीरे-धीरे प्रेशर में आ गया. सेंसेक्स अपने दिन के हाई लेवल से करीब 300 पॉइन्ट नीचे आ गया. वहीं, निफ्टी भी 23,900 के खास लेवल से नीचे फिसल गया. इस उतार-चढ़ाव ने इन्वेस्टर्स की चिंता और बढ़ा दी है. सुबह 10:49 बजे सेंसेक्स 56 पॉइन्ट की मामूली बढ़त के साथ 75,924 पर ट्रेड कर रहा था. वहीं, निफ्टी 15 पॉइन्ट की गिरावट के साथ 23,891 पर पहुंच गया. बाजार में कुल 1,929 शेयरों में तेजी रही. दूसरी तरफ 1,664 शेयर लाल निशान में ट्रेड करते नजर आए. अब सवाल ये है कि आखिर बाजार की चमक अचानक फीकी क्यों पड़ गई? दरअसल इसके पीछे कई बड़े कारण बताए जा रहे हैं.
अमेरिका-ईरान समझौते पर सस्पेंस
इस टाइम पूरी दुनिया की नजर अमेरिका और ईरान के बीच चल रही बातचीत पर टिकी हुई है. खबरें आईं कि दोनों देशों के बीच सीजफायर बढ़ने और स्ट्रेट ऑफ होर्मुज से जहाजों का आना-जाना आसान बनाने पर सहमति बनी है. लेकिन अभी तक अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने इस समझौते को मंजूरी नहीं दी है. दूसरी तरफ ईरान की सरकारी मीडिया का कहना है कि डील अभी फाइनल नहीं हुई. यही अनिश्चितता शेयर मार्केट में डर पैदा कर रही है. इन्वेस्टर्स फिलहाल कोई बड़ा दांव लगाने से बच रहे हैं. हालांकि, इस खबर की वजह से ब्रेंट क्रूड की कीमतों में थोड़ी गिरावट देखने को मिली है. इसके अलावा एशियाई मार्केट में भी तेजी आई, लेकिन भारतीय बाजार ज्यादा देर तक टिक नहीं पाए.
ईरान पर अमेरिकी हमले से एशियाई बाजारों को झटका! जानें जापान, हांगकांग समेत अन्य का हाल
फॉरेन इन्वेस्टर्स की बिकवाली
स्टॉक मार्केट पर एक और बड़ा प्रेशर फॉरेन इन्वेस्टर्स यानी एफआईआई की बिकवाली से आया. बुधवार को विदेशी इन्वेस्टर्स ने करीब 1,040 करोड़ रुपये के शेयर बेच दिए. इस साल अब तक वो भारतीय बाजार से रिकॉर्ड लेवल की बिकवाली कर चुके हैं. एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर कच्चे तेल की कीमतें और नीचे आती हैं तो भारत की इकोनॉमी को राहत मिल सकती है. इससे रुपये को भी मजबूती मिलेगी. साथ ही फॉरेन इन्वेस्टर्स की बिकवाली कम हो सकती है. लेकिन फिलहाल इन्वेस्टर्स का मूड थोड़ा अलर्ट मोड में है.
टेक्निकल लेवल
मार्केट एक्सपर्ट्स का कहना है कि निफ्टी को मजबूती दिखाने के लिए 24,000 के ऊपर टिकना बहुत जरूरी है. जब तक ये लेवल पार नहीं होता, तब तक बाजार में बड़ी तेजी की उम्मीद कम ही है. फिलहाल निफ्टी 23,840 से 24,000 के बीच घूम सकता है. यानी बाजार में अभी उतार-चढ़ाव जारी रहने की ही उम्मीद है. ये कहा जा सकता है कि शेयर बाजार इस वक्त पूरी तरह दुनियाभर से मिल रही खबरों के भरोसे चल रहा है. इन्वेस्टर्स हर नई अपडेट पर नजर बनाए हुए हैं. इसी वजह से बाजार में लगातार हलचल देखने को मिल रही है.
India-US Deal: ट्रंप, टैरिफ और टेंशन; अब ट्रेड डील पर लगेगी मुहर! जानें अभी तक क्या-क्या हुआ
