Home Latest News & Updates 67 पैसे कमजोर हुआ रुपया

67 पैसे कमजोर हुआ रुपया

by Live India
Rupee vs Dollar

रुपया बनाम डॉलर: मंगलवार के बाद आज बुधवार को एक बार फिर से रुपये में गिरावट दर्ज की गई है. आज मार्केट बंद के दौरान भारतीय करेंसी में 67 पैसे की भारी गिरावट दिखी है. बता दें कि बीते कारोबारी सत्र यानी मंगलवार को रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 5 पैसे गिरकर 94.56 पर बंद हुआ था.

आइए जानते हैं कि आज बुधवार को अमेरिकी करेंसी डॉलर के मुकाबले भारतीय करेंसी रुपया कितनी गिरावट के साथ कितने के स्तर पर कारोबार करते हुए दिखा. इसके साथ ही जानेंगे कि रुपये की इस गिरावट पर मार्केट के जानकार क्या कहते हैं.

95.23 पर बंद हुआ रुपया

न्यूज एजेंसी पीटीआई की एक रिपोर्ट के अनुसार, आज बुधवार को अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 67 पैसे गिरकर 95.23 (अस्थायी) पर बंद हुआ, क्योंकि मजबूत होते डॉलर इंडेक्स का असर उभरते बाजारों की करेंसियों पर पड़ा.

मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार को अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में, रुपया अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले 94.67 पर खुला और सत्र के दौरान 94.60-95.29 की सीमा में कारोबार किया. रुपया अंततः 95.23 (अस्थायी) पर बंद हुआ, जो पिछले बंद भाव से 67 पैसे की गिरावट दर्ज करता है.

रुपये पर क्यों पड़ा दबाव?

जानकार और विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि विदेशी बाजार में अमेरिकी करेंसी के मजबूत होने, लगातार पूंजी के बहिर्वाह (capital outflows) और व्यापक एशियाई मुद्रा की कमजोरी के कारण काफी दबाव देखा गया.

एक्सपर्ट और एचडीएफसी सिक्योरिटीज के रिसर्च एनालिस्ट दिलीप परमार ने कहा, “लगातार तीसरे सत्र में भारतीय रुपया कमजोर हुआ. शॉर्ट कवरिंग और प्रमुख मुद्राओं के मुकाबले अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने के दबाव के चलते रुपये पर और भी दबाव पड़ा. एशियाई मुद्राओं में अतिरिक्त कमजोरी ने रुपये को और भी दबाव में डाल दिया.” उन्होंने आगे कहा कि 95 के स्तर के टूटने के बाद बाजार का रुख निगेटिव हो गया है.

इस बीच, डॉलर इंडेक्स, जो छह मुद्राओं की एक टोकरी के मुकाबले डॉलर की मजबूती को मापता है, 0.23 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 101.42 पर कारोबार कर रहा था.

कच्चे तेल और शेयर बाजार के अपडेट्स

कच्चे तेल की कीमत की बात करें तो यह 0.88 प्रतिशत की गिरावट के साथ 72.31 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था.

भारतीय शेयर बाजार की बात करें तो बुधवार को सेंसेक्स 443.97 अंक चढ़कर 76,922.64 पर बंद हुआ. वहीं, निफ्टी 140.10 अंक चढ़कर 24,005.85 पर पहुंच गया. एक्सचेंज के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (FIIs) ने मंगलवार को शुद्ध आधार पर 2,556.75 करोड़ रुपये के शेयर बेचे.

Share Market Update: सेंसेक्स में 440 अंकों की बढ़त, निफ्टी 24000 के पार; इन शेयरों में तेजी

समाचार स्रोत: पीटीआई

Related Articles