Home News खंडवा-हरदा में रेड अलर्ट, उज्जैन में बहे दो लोग

खंडवा-हरदा में रेड अलर्ट, उज्जैन में बहे दो लोग

by Live India
खंडवा-हरदा में रेड अलर्ट, उज्जैन में बहे दो लोग

एमपी मानसून: मध्यप्रदेश में आखिरकार मानसून ने अपनी रफ्तार पकड़ ली है. 9 दिन की देरी से आए मानसून ने महज 9 दिनों के भीतर ही पूरे प्रदेश को अपनी चपेट में ले लिया है. गुरुवार को उज्जैन, ग्वालियर और चंबल संभाग में एंट्री के साथ ही अब मानसून पूरे एमपी में एक्टिव हो चुका है. लेकिन मानसून की इस दस्तक के साथ ही तबाही की तस्वीरें भी सामने आने लगी हैं. कहीं उफनती नदियां लोगों को बहा ले जा रही हैं, तो कहीं कच्चे मकान ढह रहे हैं. मौसम विभाग ने सीजन में पहली बार आज रेड अलर्ट जारी किया है.

पानी में बहे दो लोग

बता दें, मानसून के एक्टिव होते ही उज्जैन से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई. यहां के गांवड़ी लोढ़ा गांव में गुरुवार रात करीब 8 बजे एक दर्दनाक हादसा हो गया. सहायक सचिव सूर्य प्रताप सिंह सोनगरा अपनी बाइक समेत एक नाले के तेज बहाव में बह गए. पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें लगातार उसकी तलाश में जुटी हैं. उज्जैन के ही जगोटी गांव से भी एक हैरान करने वाला वीडियो सामने आया. यहां केशु आंजना नाम का युवक तेज बहाव के बीच पुलिया पार करने की कोशिश कर रहा था, तभी वह बाइक समेत बह गया. हालांकि किस्मत अच्छी थी कि कुछ दूर जाकर उसने पेड़ की टहनियों को पकड़ लिया और अपनी जान बचाने में कामयाब रहा.

मकान ढह गए, जानवर बह गए

बारिश का कहर सिर्फ उज्जैन तक सीमित नहीं है. पांढुर्णा में देर रात हुई मूसलाधार बारिश के कारण नदी किनारे बने 5 कच्चे मकान ताश के पत्तों की तरह ढह गए. नदी के तेज बहाव में 3 बकरियां और घर का सारा सामान बह गया. लोग दाने दाने को मोहताज हो गए हैं.

रेड अलर्ट जारी

मौसम विभाग ने खंडवा और हरदा के लिए रेड अलर्ट जारी किया है, यह सीजन का पहला रेड अलर्ट है. यहां अगले 24 घंटे में 4 से 8 इंच तक पानी गिरने की आशंका. इसके अलावा रतलाम, उज्जैन, राजगढ़, रायसेन, इंदौर, ग्वालियर, जबलपुर और सागर समेत 40 से ज्यादा जिलों में आंधी बारिश का दौर जारी रहेगा. मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अगले 4 दिन यानी 6 जुलाई तक अति भारी बारिश का दौर जारी रहेगा. सीजन में पहली बार विभाग ने रेड अलर्ट की चेतावनी जारी की है. प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि उफनती नदी-नालों और पुल-पुलियाओं को पार करने का जोखिम बिल्कुल न उठाएं, सतर्क रहें और सुरक्षित रहें.

नमामि गंगे की बड़ी कामयाबी: UP का सुरहा ताल बना भारत की 100वीं रामसर साइट, शोधित जल के उपयोग पर जोर

Related Articles