1
महिला ने ऑटो में दिया बच्चे को जन्म: मध्य प्रदेश के मंडला जिले से एक बेहद दुखद खबर सामने आई है, जहां अस्पताल की लापरवाही और समय से मदद न मिलने के कारण एक मां के चार नवजात बच्चों की मौत हो गई. मंगलवार को एक महिला ने डिलीवरी के लिए हॉस्पिटल ले जाते समय ऑटो-रिक्शा में चार बच्चों को जन्म दिया, लेकिन कुछ ही देर बाद नवजात बच्चों की मौत हो गई. उसके परिवार का आरोप है कि उसे ले जाने के लिए एम्बुलेंस न मिल पाने के उनकी मौत हुई.
कॉल करने पर नहीं आई एम्बुलेंस
महिला के परिवार ने आरोप लगाया कि अगर समय पर एम्बुलेंस मिल जाती, तो बच्चे बच सकते थे. जबकि हेल्थ अधिकारियों ने कहा कि बच्चों की मौत समय से पहले डिलीवरी और उनके अधूरे विकास की वजह से हुई. महिला के परिवार वालों ने आरोप लगाया कि जब उसे लेबर पेन हुआ तो उन्होंने इमरजेंसी एम्बुलेंस सर्विस को कॉल किया, लेकिन जब कोई जवाब नहीं मिला, तो वे उसे ऑटो रिक्शा में अस्पताल ले गए. महिला के पति, गणेश सिंगाराम ने दावा किया कि अगर समय पर एम्बुलेंस मिल जाती, तो उनके बच्चों को बचाया जा सकता था.
क्या बोले CMHO
जिले के चीफ मेडिकल एंड हेल्थ ऑफिसर (CMHO) डॉ. डी जे मोहंती ने कहा कि नायगांव की रहने वाली रजनी सिंगाराम को प्रेग्नेंसी के सातवें महीने में लेबर पेन होने पर एक ऑटोरिक्शा से बिछिया के कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में ले जाया गया. लेकिन कम्युनिटी हेल्थ सेंटर पहुंचने से पहले ही उसने एक रिक्शा में चार बच्चों को जन्म दे दिया. उन्होंने आगे कहा, “चारों बच्चों की मौत इसलिए हो गई क्योंकि वे समय से पहले पैदा हुए थे और हर एक का वजन लगभग 1.5 किलोग्राम था.” उनके अनुसार, उनमें से तीन लड़कियां थीं, जबकि चौथा लड़का था.
मां खतरे से बाहर
CMHO ने कहा कि महिला को बिछिया कम्युनिटी हेल्थ सेंटर में भर्ती कराया गया है और वह खतरे से बाहर है. उस मां के दर्द का अंदाजा लगा पाना भी मुश्किल है, जिसने दर्द से कराहते हुए चारों बच्चों को जन्म दिया, लेकिन एक को भी अपनी गोद में खिला नहीं पाई. आरोपों के बारे में पूछे जाने पर, मंडला के डिस्ट्रिक्ट मजिस्ट्रेट राहुल नामदेव धोटे ने PTI को बताया कि उन्हें इस बारे में अभी तक कोई शिकायत नहीं मिली है. उन्होंने कहा कि अगर कोई शिकायत मिलती है, तो मामले की जांच की जाएगी और जरूरी कार्रवाई की जाएगी.
तमिलनाडु के सरकारी अस्पतालों में जन्मेंगे ‘गोल्डन बेबी’: इतना महंगा गिफ्ट देकर ‘मामा’ का फर्ज निभाएगी सरकार
समाचार स्रोत: पीटीआई
