Home Latest News & Updates खो-खो में बोकारो बना राज्य चैंपियन

खो-खो में बोकारो बना राज्य चैंपियन

by Live India
खो-खो में बोकारो बना राज्य चैंपियन, कोडरमा ने हासिल किया तीसरा स्थान, 8 जिलों के खिलाड़ियों ने दिखाया दमखम

फिक्स-खो चैंपियनशिप: झारखंड राज्य खो-खो संघ (JSKKA) एवं कोडरमा जिला खो-खो संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 20वीं सीनियर राज्य स्तरीय पुरुष खो-खो चैंपियनशिप 2026-27 का रविवार को भव्य समापन हुआ. 24 जुलाई से 26 जुलाई तक आरपीवाई ग्लोबल स्कूल, चाराडीह (कोडरमा) में आयोजित इस राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में झारखंड के 18 जिलों से आई टीमों ने हिस्सा लेकर शानदार खेल कौशल का प्रदर्शन किया. तीन दिनों तक चले इस प्रतियोगिता में खिलाड़ियों के बीच रोमांचक मुकाबले देखने को मिले. फाइनल मुकाबले में बोकारो की टीम ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप का खिताब अपने नाम किया, जबकि रांची की टीम उपविजेता रही. वहीं मेजबान कोडरमा की टीम ने तीसरा स्थान प्राप्त कर जिले का गौरव बढ़ाया.

खेल देश की सांस्कृतिक पहचानः मंत्री

समापन समारोह में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री एवं कोडरमा सांसद अन्नपूर्णा देवी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं. उन्होंने विजेता एवं उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया तथा खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया. अपने संबोधन में केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि भारत के पारंपरिक खेल देश की सांस्कृतिक पहचान और गौरव का प्रतीक हैं. उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार स्थानीय और पारंपरिक खेलों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंच पर पहचान दिलाने के लिए लगातार प्रयासरत है. उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में खो-खो जैसे भारतीय खेलों को विश्व स्तर पर नई पहचान मिलेगी और वर्ष 2030 तक स्थानीय खेलों को ओलंपिक में शामिल किए जाने की दिशा में सकारात्मक पहल देखने को मिल सकती है.

खेलों से निखरेगा युवाओं का व्यक्तित्व

उन्होंने कहा कि खेल केवल मनोरंजन या प्रतियोगिता का माध्यम नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास, टीम भावना और व्यक्तित्व विकास का महत्वपूर्ण आधार है. उन्होंने खिलाड़ियों से खेल भावना के साथ आगे बढ़ते हुए देश और राज्य का नाम रोशन करने का आह्वान किया. कार्यक्रम के दौरान कोडरमा जिला खो-खो संघ के अध्यक्ष सिमरनजीत सिंह ने सफल आयोजन के लिए सभी खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों, निर्णायकों, विद्यालय प्रबंधन, खेल प्रेमियों तथा सहयोगकर्ताओं का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि कोडरमा में राज्य स्तरीय प्रतियोगिता का सफल आयोजन जिले के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है. इससे जिले के युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ने की नई प्रेरणा मिलेगी और खेलों के प्रति उनका उत्साह बढ़ेगा.

झारखंड का नाम रोशन करें खिलाड़ी

वहीं संघ के उपाध्यक्ष तौफीक हुसैन ने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस प्रकार की प्रतियोगिताएं खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा निखारने और बड़े मंच तक पहुंचने का अवसर प्रदान करती हैं. उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास और मेहनत के बल पर राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर झारखंड का नाम रोशन करने की अपील की. तीन दिवसीय प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों ने बेहतरीन फिटनेस, रणनीति और टीम वर्क का प्रदर्शन किया. पूरे आयोजन में खेल भावना, अनुशासन और प्रतिस्पर्धा का शानदार माहौल देखने को मिला.

खिलाड़ी, प्रशिक्षक एवं खेल पदाधिकारी सम्मानित

समापन समारोह में खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं खेल पदाधिकारियों को सम्मानित भी किया गया. प्रतियोगिता के सफल आयोजन ने एक बार फिर साबित कर दिया कि झारखंड में खो-खो जैसे पारंपरिक खेलों के प्रति युवाओं का उत्साह लगातार बढ़ रहा है और आने वाले समय में राज्य के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नई उपलब्धियां हासिल कर सकते हैं. इस अवसर पर खेल संघ के पदाधिकारी, विभिन्न जिलों के टीम प्रबंधक, प्रशिक्षक, विद्यालय परिवार एवं बड़ी संख्या में खेल प्रेमी उपस्थित रहे.

वैभव सूर्यवंशी ने मैदान पर उड़ा दिया गर्दा! 29 गेंदों में ठोक दिए 100 रन; बल्लेबाजी का वीडियो वायरल

  • कोडरमा से अरुण बरनवाल की रिपोर्ट

Related Articles