Home News बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री खालिदा जिया का निधन, 20 दिन से वेंटिलेटर पर थी पूर्व PM

बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री खालिदा जिया का निधन, 20 दिन से वेंटिलेटर पर थी पूर्व PM

by Live India
बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री खालिदा जिया का निधन, 20 दिन से वेंटिलेटर पर थी पूर्व PM

Khaleda Zia Death: मंगलवार को बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री खालिदा जिया का निधन हो गया. वे लंबे समय से गंभीर बीमारियों से जूझ रही थीं.

30 दिसंबर, 2025

खालिदा जिया की मौत: बांग्लादेश की पहली महिला प्रधानमंत्री खालिदा जिया का निधन हो गया है. स्थानीय मीडिया ने मंगलवार को बताया कि खालिदा जिया का लंबी बीमारी से जुझने के बाद निधन हो गया है. बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (BNP) की चेयरपर्सन जिया ने 80 साल की उम्र में आखिरी सांस ली. जिया के पर्सनल डॉक्टर, प्रोफेसर एजेडएम जाहिद हुसैन ने पुष्टि की कि मंगलवार सुबह करीब 6 बजे ढाका के एवरकेयर अस्पताल में इलाज के दौरान उनका निधन हो गया.

लंबे समय से बीमार थीं जिया

जिया को 23 नवंबर को रूटीन टेस्ट के लिए एवरकेयर अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जिसके दौरान डॉक्टरों ने उनके सीने में इन्फेक्शन का पता लगाया और उन्हें ऑब्जर्वेशन में रखने का फैसला किया. 27 नवंबर को उनकी हालत बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें अस्पताल के कोरोनरी केयर यूनिट (CCU) में शिफ्ट किया गया. उनके इलाज की देखरेख करने वाले मेडिकल बोर्ड के सदस्य प्रोफेसर हुसैन ने उनकी हालत को “बहुत गंभीर” बताया था.

स्थानीय और विदेशी स्पेशलिस्ट की टीम की कोशिशों के बावजूद, उनकी सेहत लगातार बिगड़ती गई. 11 दिसंबर से वे वेंटिलेटर पर थीं और आज सुबह उनका निधन हो गया. उनके बेटे तारिक रहमान सहित परिवार के सदस्य सोमवार देर रात उनसे अस्पताल में मिलने गए थे.

खालिदा जिया कौन थीं?

खालिदा जिया का जन्म 1946 में पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी में हुआ था, जो उस समय अविभाजित दिनाजपुर ज़िले का हिस्सा था. उन्होंने बांग्लादेश की राजनीति में अपनी मजबूत पहचान बनाई और 1991 के बाद तीन बार देश की प्रधानमंत्री बनीं. वह बांग्लादेश की पहली महिला थीं जिन्हें लोकतांत्रिक तरीके से प्रधानमंत्री चुना गया था. खालिदा जिया की पार्टी BNP बांग्लादेश में दूसरी सबसे बड़ी पार्टी है. जब से बांग्लादेश में लोकतंत्र की बहाली हुई, तब से सत्ता या तो शेख हसीना के पास रही या खालिदा जिया के पास.

यह भी पढ़ें- तुर्की में 6 इस्लामिक स्टेट के आतंकियों को पुलिस ने किया ढेर, 3 जवानों की मौत; जानें पूरा मामला

Related Articles