2
Ayatollah Ali Khamenei : ईरान के आसपास समुद्र में युद्धपोत तैनात किए गए हैं और डोनाल्ड ट्रंप ने भी कहा कि इस्लामिक राष्ट्र के पास बातचीत का बहुत कम समय बचा है. इस पर खामेनेई ने कहा कि वह करारा जवाब देंगे.
अयातुल्ला अली खामेनेई: ईरान के सुप्रीम लीडर अयातुल्ला अली खामेनेई ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को सख्त हिदायत दी है. खामेनेई ने कहा कि अगर अमेरिका इस बार ईरान पर हमला करता है तो यह पूरे पश्चिमी एशिया में क्षेत्रीय युद्ध का एक बड़ा कारण बनेगा. ईरान ने कहा कि इस मध्य एशिया में काफी तनाव बढ़ेगा. खामेनेई की तरफ से ये बयान ऐसे वक्त में आया है जब डोनाल्ड ट्रंप ने परमाणु बम पर डील नहीं करने को लेकर सीधी धमकी दी.
क्या ईरान पर अमेरिका करेगा हमला?
खामेनेई ने अपने एक्स अकाउंट पर एक पोस्ट में कहा कि हम युद्ध शुरू करने वाले नहीं हैं. हम किसी पर जुल्म भी नहीं करना चाहते हैं और हमला भी नहीं करना चाहते हैं. लेकिन जो कोई भी हमला करता है या नुकसान करने की कोशिश करेगा तो ईरानी राष्ट्र करारा जवाब देगा. आपको बताते चलें कि अमेरिका के युद्धपोत और फाइटर जेट हफ्तों से ईरान के आसपास समुद्र और आसमान पर मंडरा रहे हैं.
हालांकि, अभी तक यह साफ नहीं हो पाया है कि डोनाल्ड ट्रंप ईरान पर हमला करेंगे या फिर सैन्य दबाव बनाकर परमाणु डील पर बातचीत की मेज पर लाना चाहता हैं. इस पर खामनेई ने कहा कि अमेरिका कभी-कभी युद्ध की बात करते हैं और कहते हैं कि हम युद्धपोतों और विमान के साथ आएंगे. यह कोई नई बात नहीं है. उन्होंने आगे कहा कि ईरान पर ऐसी बातों का असर नहीं पड़ेगा. साथ ही उन्हें ऐसी बातों से ईरानी राष्ट्र को डराने की कोशिश नहीं करनी चाहिए.
क्षेत्रीय युद्ध की होगी शुरुआत
खामेनेई ने अपने बयान में स्पष्टता के साथ कहा कि अमेरिकियों को पता होना चाहिए कि अगर वे युद्ध शुरू करते हैं, तो इस बार यह एक क्षेत्रीय युद्ध होगा. इसके अलावा ट्रंप ने एक दिन पहले भी ईरान को बातचीत की मेज पर आने को लेकर धमकी दी थी. उन्होंने कहा था कि ईरान के पास बातचीत के लिए बहुत कम समय बचा है. इस पर ईरान की एक सरकारी एजेंसी ने खामेनेई के हवाले से कहा कि अमेरिकियों को इस बात की जानकारी होनी चाहिए कि अगर वह हमला करता है तो भयंकर क्षेत्रीय युद्ध होगा. ईरान ने कहा कि हम किसी पर पहले हमला नहीं करते हैं और अगर कोई हमें अस्थिर करने की कोशिश करेंगे तो हम उसका सीधा जवाब देंगे.
समाचार स्रोत: प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (पीटीआई)
