Home Latest News & Updates CBSE का री-इवैल्यूएशन पोर्टल नहीं हुआ लाइव

CBSE का री-इवैल्यूएशन पोर्टल नहीं हुआ लाइव

by Live India
CBSE Re-evaluation Portal Not Gone Live

दिल्ली समाचार: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) की ऑनलाइन व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में है. बोर्ड द्वारा 12वीं कक्षा की उत्तर पुस्तिकाओं के री-इवैल्यूएशन और पुनर्मूल्यांकन प्रक्रिया के लिए 1 जून से आवेदन पोर्टल शुरू करने की घोषणा की गई थी, लेकिन तय तारीख पर भी पोर्टल पूरी तरह से शुरू नहीं हो सका. रविवार शाम तक बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर री-इवैल्यूएशन से संबंधित पोर्टल ‘मेंटेनेंस मोड’ में दिखाई देता रहा, जिससे हजारों छात्र और उनके अभिभावक परेशान रहे.

तकनीकी समस्याओं को दूर किया गया

CBSE ने हाल ही में यह दावा किया था कि वेबसाइट पर आ रही तकनीकी समस्याओं को दूर कर लिया गया है और 1 जून से छात्र री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन कर सकेंगे. हालांकि, शाम तक भी पोर्टल के सक्रिय नहीं होने से छात्रों में असमंजस की स्थिति बनी हुई है. कई छात्रों और अभिभावकों ने सोशल मीडिया पर भी अपनी नाराजगी जाहिर की है और बोर्ड की तैयारियों पर सवाल उठाए हैं.

गौरतलब है कि इस वर्ष CBSE की डिजिटल प्रक्रियाओं को लेकर पहले भी कई शिकायतें सामने आ चुकी हैं. ऑन-स्क्रीन मार्किंग (OSM) प्रणाली, उत्तर पुस्तिकाओं की स्कैन कॉपी उपलब्ध कराने और पोर्टल एक्सेस जुुड़ी टेक्निकल प्रॉब्लम की वजह से स्टूडेंट्स की चिंता काफी बढ़ गई थी. साथ ही री-इवैल्यूएशन पोर्टल का वक्त पर शुरू नहीं होने से छात्र-छात्राओं की दिकक्त जस की तस बनी हुई है.

इंतजार कर रहे हैं स्टूडेंट्स

12वीं के परिणाम घोषित होने के बाद बड़ी संख्या में छात्र अपने अंकों के सत्यापन और उत्तर पुस्तिकाओं के पुनर्मूल्यांकन की प्रक्रिया का इंतजार कर रहे हैं. कई छात्रों का कहना है कि उन्हें अपने प्राप्त अंकों को लेकर संदेह है और वे जल्द से जल्द आवेदन करना चाहते हैं. लेकिन पोर्टल बंद होने के कारण वे प्रक्रिया शुरू नहीं कर पा रहे हैं.

पोर्टल को मेंटेनेंस मोड पर रखा गया

इस बीच CBSE ने मामले पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा है कि पोर्टल को जल्द ही लाइव कर दिया जाएगा. बोर्ड के अनुसार, तकनीकी कार्यों के चलते पोर्टल अस्थायी रूप से मेंटेनेंस मोड में रखा गया है और छात्रों को घबराने की जरूरत नहीं है. बोर्ड ने आश्वासन दिया है कि आवेदन प्रक्रिया शुरू होने के बाद छात्रों को पर्याप्त समय दिया जाएगा ताकि कोई भी छात्र आवेदन करने से वंचित न रह जाए.

छात्रों का भरोसा प्रभावित हो रहा

हालांकि, छात्रों और अभिभावकों का कहना है कि बोर्ड को पहले से पूरी तैयारी करनी चाहिए थी ताकि निर्धारित तारीख पर पोर्टल बिना किसी बाधा के शुरू हो सके. उनका मानना है कि बार-बार तकनीकी समस्याएं सामने आने से छात्रों का भरोसा प्रभावित हो रहा है.

अब सभी की नजर CBSE के अगले अपडेट पर टिकी है. छात्र उम्मीद कर रहे हैं कि बोर्ड जल्द से जल्द पोर्टल शुरू करेगा और री-इवैल्यूएशन प्रक्रिया को सुचारू रूप से संचालित करेगा, ताकि उन्हें अपने परिणामों से जुड़ी आवश्यक प्रक्रियाएं पूरी करने में किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े.

दिल्ली से शालिनी झा की रिपोर्ट

Related Articles