2
Rohit Sharma: टी-20 विश्व कप जीतने के बाद भारतीय टीम की चौतरफा तारीफ हो रही है. इसी कड़ी में रोहित शर्मा ने कहा कि जीतने की लय को आगे भी बरकरार रखेंगे और इसके बारे में हम अक्सर बातें भी करते हैं.
Rohit Sharma: भारतीय टीम के पूर्व कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) ने क्रिकेट प्रेमियों को भरोसा दिलाया है कि ICC टूर्नामेंट्स में भारत की जीत आगे भी जारी रहेगी. टीम इंडिया ने हाल ही में न्यूजीलैंड को हराकर तीसरी बार टी-20 विश्व कप की ट्रॉफी पर कब्जा किया है. इससे पहले साल 2024 में रोहित शर्मा की कप्तानी में भी भारतीय टीम ने साउथ अफ्रीका को हराकर इस खिताब को जीता था. इसके बाद 2025 में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में महिला क्रिकेट टीम ने पहली बार आईसीसी विश्व कप ट्रॉफी पर कब्जा किया. साथ ही इसी साल अंडर-19 टीम ने आईसीसी अंडर-19 महिला टी20 विश्व कप भी अपने नाम किया. मामला यही तक नहीं ठहरा, 2025 में रोहित की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने आईसीसी चैंपियंस ट्रॉफी भी अपने नाम की.
दो वर्षों में किया 6 ट्रॉफी पर कब्जा
इस साल की शुरुआत भारतीय टीम के लिए शानदार रही है. भारत ने छठी बार आईसीसी अंडर-19 क्रिकेट विश्व कप जीता है, जबकि सूर्या की कप्तानी में टीम इंडिया ने टी-20 विश्व कप का खिताब तीसरी बार अपने नाम किया. एक कार्यक्रम में अपनी बात को रखते हुए रोहित शर्मा ने कहा था कि बीते दो सालों में भारतीय टीम ने जिस तरह से पूरी दुनिया में झंडा फहराया है उससे मैं काफी गर्व महसूस करता हूं. उन्होंने यह भी कहा कि पुरुष के साथ महिला टीम ने शानदार प्रदर्शन करके दिखाया है और आईसीसी ट्रॉफी पर अपनी दावेदारी ठोकी है. बीते दो सालों से मैं जो कुछ देख रहा हूं वह गर्व करने वाली बात है.
खिताब जीतना रखेंगे जारी
पूर्व कप्तान ने उम्मीद जताई है कि भारत के खाते में अभी और आईसीसी ट्रॉफी आना बाकी है. उन्होंने यह भी कहा कि हाल ही भारतीय टीम ने जो किया वह असाधारण था. मुझे पूरी उम्मीद है कि यह तो सिर्फ शुरुआत है और इसके बाद पीछे मुड़कर देखने की जरूरत नहीं होगी. साथ ही जब एक बार आपको लय मिल जाती है तो यह पूरी तरह आगे बढ़ती रहती है. हम अक्सर लय के बारे में बात करते हैं. महिला और पुरुष टीम ने इस कड़ी को पकड़ लिया है. बस उम्मीद है कि हम लय को आगे भी बरकरार रखेंगे.
रोहित शर्मा ने उन लोगों की भी जमकर तारीफ की जिन्होंने पर्दे के पीछे रहकर अपनी पूरी ताकत लगा दी. उन्होंने कहा कि सफलता का कोई राज नहीं होता है बस इसके लिए लगातार कड़ी मेहनत करनी पड़ती है. बस उन खिलाड़ियों के बारे में नहीं है जो मैदान पर प्रदर्शन नहीं करते हैं लेकिन पर्दे के पीछे वह बहुत काम करते हैं. इसके अलाव उन्होंने स्टाफ और लोगों को धन्यवाद कहा.
