Home Latest News & Updates Pakistani Arrested In Karnataka: दो पाकिस्तानी गिरफ्तार

Pakistani Arrested In Karnataka: दो पाकिस्तानी गिरफ्तार

by Live India
Pakistani Arrested In Karnataka

कर्नाटक में पाकिस्तानी गिरफ्तार: कर्नाटक पुलिस ने दो पाकिस्तानी नागरिकों को गिरफ्तार किया है. मिली जानकारी के अनुसार, रविवार को पुलिस ने बताया कि इन दोनों की गिरफ्तारी राज्य के चिक्काबल्लापुरा जिले से की गई है. पुलिस ने बताया कि वे अवैध रूप से अपनी पहचान छुपाकर रह रहे थे. जांच में पता चला है कि उन्होंने अपनी राष्ट्रीयता से संबंधित सच्चाई को छुपाकर कथित तौर पर राशन कार्ड और मतदाता पहचान पत्र भी बनवा लिए थे. अब पुलिस इन दोनों पाकिस्तानी नागरिकों को पकड़कर आगे की जांच कर रही है. आइए जानते हैं पूरा मामला.

एसपी ने दी मामले की बड़ी जानकारी

कर्नाटक के चिक्कबल्लापुरा जिले के एसपी कुशल चौकसे ने मामले में बड़ी जानकारी दी है. उन्होंने बताया, “विश्वसनीय जानकारी मिली है कि पाकिस्तानी नागरिक फराह नाज और उसके बेटे मोहम्मद फरदीन ने राशन कार्ड और वोटर आईडी प्राप्त कर ली है.” बयान के अनुसार, जांच में पता चला कि बागेपल्ली के मूल निवासी मोहम्मद अयूब खान, जो संयुक्त अरब अमीरात में काम कर रहा था, ने यूएई में एक पाकिस्तानी नागरिक फराह नाज से शादी की थी. इस दंपत्ति के चार बच्चे हैं, जिनमें से मोहम्मद फरदीन का जन्म पाकिस्तान में हुआ था.

पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि फराह नाज और मोहम्मद फरदीन पाकिस्तानी नागरिक हैं, जबकि मोहम्मद अयूब खान और दंपति के अन्य तीन बच्चे भारतीय नागरिक हैं. परिवार फिलहाल बागेपल्ली में रह रहा है.

गिरफ्तारी कर आगे की जांच जारी- एसपी

एसपी ने कहा कि चिक्कबल्लापुरा पुलिस द्वारा स्पष्टीकरण मांगा गया था, जिसमें कई जानकारी सामने आई है. उन्होंने बताया, उपायुक्त ने रिकॉर्ड की जांच की और राशन कार्ड रद्द कर दिया “क्योंकि इसे राष्ट्रीयता से संबंधित महत्वपूर्ण तथ्यों को छुपाकर प्राप्त किया गया था.” बयान में आगे कहा गया है कि सक्षम प्राधिकारी द्वारा मतदाता पहचान पत्र भी रद्द कर दिया गया था.

वहीं, बागेपल्ली के तहसीलदार द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के आधार पर, फराह नाज और मोहम्मद फरदीन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है. इनके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता, विदेशी अधिनियम और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम के उपयुक्त प्रावधानों के तहत एक आपराधिक मामला दर्ज किया गया है. एसपी कुशल चौकसे ने कहा, “दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है और आगे की जांच जारी है.”

बता दें कि भारत सरकार देश के अंदर अवैध रूप से रह रहे अन्य देशों के नागरिकों की पहचान भी कर रही है. इसके लिए टीम बनाकर कार्य करने की भी बात सामने आई है. कर्नाटक के इस मामले ने सरकार को यह स्पष्ट संदेश दे दिया है कि भारत में अवैध नागरिक केवल बॉर्डर इलाकों या राज्यों में ही नहीं रहते हैं बल्कि वे अब अंदर तक आ गए हैं. खैर, केंद्र की मोदी सरकार इनकी पहचान कर आगे की कार्रवाई करने के लिए बहुत तेजी और तैयारी के साथ काम करती हुई नजर आ रही है.

Drone Jammu : जम्मू में दिखा पाकिस्तानी ड्रोन, अंतरराष्ट्रीय सीमा पर मिला 5 KG से अधिक हेरोइन

समाचार स्रोत: पीटीआई

Related Articles