Home Latest News & Updates UP News :UP के पीलीभीत में महिला ने तीन तलाक का लगाया आरोप

UP News :UP के पीलीभीत में महिला ने तीन तलाक का लगाया आरोप

by Live India
Woman alleges triple talaq Pilibhit UP

UP News : पीलीभीत जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. एक महिला ने अपने ससुराल वालों और पति पर घरेलू हिंसा और तीन तलाक बोलने का आरोप लगाया.

यूपी समाचार: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले में घरेलू हिंसा और महिला उत्पीड़न का एक मामला सामने आया है. थाना कोतवाली क्षेत्र की एक महिला ने रविवार को अपने पति और ससुराल वालों पर मारपीट के साथ तीन तलाक बोलकर घर से बाहर निकालने का आरोप लगाया. शनिवार को थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में महिला ने घरेलू हिंसा और हैरसमेंट का भी आरोप लगाया. पुलिस ने पीड़िता की शिकायत दर्ज करने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है.

शादी के बाद से ही कर रहे थे प्रताड़ित

प्राप्त जानकारी से पता चला है कि मोहल्ला डालचंद निवासी उमरा का विवाह चार साल पहले मोहल्ला हैदरी मस्जिद निवासी सलमान के साथ हुआ था. पीड़िता का आरोप है कि शादी के बाद से ही उसका पति सलमान, सास गोला, जेठ फिरोज और ननद राहिन उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे थे. महिला ने यह भी आरोप लगाया कि उसका पति शराब का नशा करता है और अक्सर परिवार के सदस्यों के साथ मिलकर मारपीट करता है.

पीड़िता को आई गंभीर चोटें

महिला ने दावा किया कि 5 मार्च को उसके ससुराल वालों ने उसे पीटा, जिसकी वजह से वह गंभीर रूप से घायल हो गई. साथ ही मारपीट के दौरान सलमान ने घर वालों की मौजूदगी में कथित तौर पर तीन बार ‘तलाक’ भी बोला और उसके बाद घर से निकाल दिया.

पीड़िता ने कहा कि वह किसी तरह अपने मायके पहुंच गई, लेकिन उसके कुछ देर बाद ही उसका पति भी वहां पर आ गया. महिला ने आगे कहा कि उसके पति ने कथित तौर पर मारपीट की और जान से मारने की भी धमकी दी. साथ ही पति ने खुद को मारने और उसके परिवार वालों को झूठे केस में फंसाने की धमकी दी. शिकायत दर्ज करने के बाद पुलिस ने कहा कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को हिरासत में ले लिया जाएगा.

समाचार स्रोत: प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया (पीटीआई)

Related Articles