2
सूरत सेप्टिक टैंक हादसा: गुजरात के सूरत से दिल दहलाने देने वाली एक घटना की खबर सामने आई है. यहां सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया है. मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस ने बताया कि यह घटना रविवार सुबह की है. पुलिस के मुताबिक, सूरत शहर में एक आभूषण निर्माण इकाई में सेप्टिक टैंक की सफाई हो रही थी. इसके लिए मजदूर लगे हुए थे. इस दौरान जहरीली गैसों में सांस लेने से चार मजदूरों की मौत हो गई. घटना के बाद इलाके में यह खबर एकदम आग की तरह फैल गई. हालांकि, पुलिस इस मामले की जांच कर रही है.
वहीं, जोन-1 के पुलिस उपायुक्त आलोक कुमार ने कहा कि दम घुटना उनकी मौत का मुख्य कारण होने की संभावना है, लेकिन मौत का सटीक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही पता चलेगा. घटना की सूचना मिलने पर पीड़ितों के घर मातम पसर गया.
एक सुपरवाइजर और तीन मजदूर की मौत
जोन-1 के पुलिस उपायुक्त आलोक कुमार ने बताया कि यह घटना अश्विनी कुमार क्षेत्र में स्थित सेप्टिक टैंक में हुई, जो आभूषणों की सफाई प्रक्रिया से निकलने वाले कचरे को इकट्ठा करता है. जानकारी के अनुसार, इस संयंत्र के सेप्टिक टैंक की सफाई और रखरखाव हर दो महीने में किया जाता है. अधिकारी ने बताया कि आज सुबह चार लोग, एक सुपरवाइजर और तीन मजदूर टैंक में घुस गए. जहरीली गैस के असर से वे सब बेहोश हो गए और सभी की मौत हो गई.
उन्होंने कहा, “हम इस बात की जांच कर रहे हैं कि किसकी लापरवाही के कारण यह घटना हुई, क्योंकि शुरुआती जांच से पता चलता है कि सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन नहीं किया गया था. फिर भी, हम इस मामले की विस्तृत जांच करेंगे.”
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर भी जांच
वहीं, पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सुपरवाइजर ने टैंक में जाने से पहले अग्निशमन विभाग को फोन किया था और प्रारंभिक जांच से पता चलता है कि उनके पास कोई सुरक्षा उपकरण नहीं थे. घटना की सूचना मिलते ही दमकलकर्मी मौके पर पहुंचे और बचाव अभियान चलाते हुए चारों पीड़ितों को टंकी से बाहर निकाला और उन्हें अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया.
डीसीपी ने कहा, “फिलहाल हम आकस्मिक मौत का मामला दर्ज कर रहे हैं. हम सीसीटीवी फुटेज की जांच और विश्लेषण करके यह निर्धारित करेंगे कि कौन से प्रोटोकॉल लागू होने चाहिए थे और वास्तव में क्या लागू किए गए और उसके बाद जिम्मेदारी तय करेंगे.” अब पुलिस इस मामले में हर एंगल से जांच कर रही है. वह इसके लिए आसपास के निवासियों और सेप्टिक टैंक की सफाई के दौरान मौजूद लोगों से भी पूछताछ कर रही है.
अहमदाबाद में सरकारी जमीन पर बने 37 मकानों पर चला नगर निगम का बुलडोजर, जमींदोज हुए मकान
समाचार स्रोत: पीटीआई
