11
Rupee Vs Dollar: कई दिनों बाद मकर संक्रांति के दिन इंडियन शेयर बाज़ार में थोड़ी रौनक दिखी है. वहीं, रुपया ने भी डॉलर के मुकाबले मजबूत होकर इन्वेस्टर्स की खुशी की वजह बना है.
14 जनवरी, 2026
रुपया बनाम डॉलर: 14 जनवरी की सुबह थोड़ी राहत भरी रही है, खासकर उन लोगों के लिए जो रुपये की गिरती सेहत की वजह से परेशान थे. बुधवार के शुरुआती कारोबार में, इंडियन करेंसी थोड़ी मजबूत हुई. रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 11 पैसे की बढ़त के साथ 90.12 पर कारोबार कर रहा है. दरअसल, इंटरनेशनल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतें थोड़ी नरम पड़ीं और अमेरिकी डॉलर भी कमजोर हुआ. इन दो वजहों ने मिलकर रुपये को थोड़ी ऑक्सीजन दी. इसके बाद इंडियन शेयर मार्केट ने भी थोड़ी हिम्मत दिखाई. हालांकि, अभी भी ट्रेडर्स फूंक-फूंक कर कदम रख रहे हैं.
थोड़ी खुशी, थोड़ा गम
इंटरबैंक फॉरेन एक्सचेंज मार्केट में, रुपया 90.26 पर खुला, फिर 89.94 के लेवल तक मजबूत हुआ. अंत में रुपया 90.12 पर टिका रहा. ये पिछले सेशन के 90.23 के क्लोज़िंग लेवल से बेहतर है. मंगलवार को रुपया 6 पैसे टूटकर 90.23 पर बंद हुआ था, इसलिए आज की रिकवरी राहत भरी है. इस बीच, डॉलर इंडेक्स 0.01 प्रतिशत गिरकर 98.90 पर था. ऑयल बेंचमार्क ब्रेंट क्रूड भी 0.47 प्रतिशत की गिरावट के साथ 65.17 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था. इंडियन शेयर बाजार में, 30 शेयरों वाला बेंचमार्क इंडेक्स सेंसेक्स 34.81 अंक की बढ़त के साथ 83,662.50 पर और निफ्टी 14.15 अंक की बढ़त के साथ 25,746.90 पर था.
यह भी पढ़ेंःSpam calls पर TRAI का बड़ा एक्शन: टेलीकॉम कंपनियों पर लगाया 150 करोड़ रुपये का जुर्माना
उतार-चढ़ाव वाला दिन
आज मार्केट में जबरदस्त उतार-चढ़ाव देखने को मिला. फॉरेन इन्वेस्टर्स की बिकवाली और दुनियाभर में वॉर जैसे हालात होने की वजह से इन्वेस्टर्स थोड़े घबराए हुए हैं. सेंसेक्स शुरुआती कारोबार में 53.88 अंक गिरकर 83,573.11 पर आ गया, और निफ्टी 16.55 अंक गिरकर 25,719.25 पर था. सेंसेक्स की 30 कंपनियों में एशियन पेंट्स, टीसीएस, बजाज फिनसर्व, इंटरग्लोब एविएशन, सन फार्मा और अल्ट्राटेक सीमेंट सबसे ज्यादा घाटे में थीं. हालांकि, टाटा स्टील, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, एनटीपीसी और एक्सिस बैंक फायदे में रहे. फॉरेन इन्वेस्टर्स ने मंगलवार को भी 1,499.81 करोड़ रुपये के शेयर बेचे. वहीं, इंडियन इन्वेस्टर्स ने 1,181.78 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे.
एक्सपर्ट की राय
एनरिच मनी के सीईओ पोनमुडी आर का कहना है कि, दुनियाभर में चल रहे तनाव, टैरिफ की टेंशन, फॉरेन इन्वेस्टर्स की लगातार बिकवाली और कच्चे तेल की ऊंची कीमतों के बीच बाजार का माहौल खतरनाक बना हुआ है. एशियाई बाजारों में आज दक्षिण कोरिया का कोस्पी, जापान का निक्केई 225, शंघाई कंपोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग इंडेक्स तेजी के साथ कारोबार कर रहे थे. यानी आज का दिन भी बाजार के लिए एक रोलरकोस्टर राइड जैसा होने वाला है. हालांकि, रुपये की रिकवरी ने बाज़ार को थोड़ी पॉजिटिविटी ज़रूर दी है.
यह भी पढ़ेंः करदाताओं को बड़ी राहत: 1 अप्रैल से लागू होगा नया आयकर कानून, अब TDS रिफंड हुआ और भी आसान
