9
Congress Leader: कांग्रेस नेता के मुरलीधरन ने रविवार को कहा कि पार्टी कार्यकर्ता केरल के अगले मुख्यमंत्री के चयन के संबंध में आलाकमान के फैसले को स्वीकार करने के लिए बाध्य हैं.
कांग्रेस नेता: केरल में मुख्यमंत्री पद को लेकर कांग्रेसियों में सस्पेंस बरकरार है. कांग्रेस नेता के मुरलीधरन ने रविवार को कहा कि पार्टी कार्यकर्ता केरल के अगले मुख्यमंत्री के चयन के संबंध में आलाकमान के फैसले को स्वीकार करने के लिए बाध्य हैं. नौ अप्रैल को हुए विधानसभा चुनाव में पार्टी नीत यूडीएफ की जीत के बाद नेतृत्व के मुद्दे पर कांग्रेस के भीतर चल रही चर्चा के बीच वह तिरुवनंतपुरम में पत्रकारों के सवालों का जवाब दे रहे थे. मुरलीधरन ने कहा कि मुख्यमंत्री पद को लेकर मौजूदा बहस ने यूडीएफ की जीत पर असर नहीं डाला है. उन्होंने कहा कि पार्टी में ये सामान्य बात है. फैसला आने दीजिए. नेतृत्व के फैसले को स्वीकार करना प्रत्येक कांग्रेस कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है.
खड़गे लेंगे अंतिम निर्णय
कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वी डी सतीसन, के सी वेणुगोपाल और रमेश चेन्निथला को मुख्यमंत्री पद के लिए सबसे आगे माना जा रहा है. नवनिर्वाचित 63 कांग्रेस विधायकों द्वारा पारित प्रस्ताव के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा अंतिम निर्णय लिया जाएगा. शनिवार को पार्टी अध्यक्ष और वरिष्ठ नेताओं ने सतीसन, वेणुगोपाल और चेन्निथला से मुलाकात की. तीनों नेताओं के समर्थकों ने भी रैलियां निकालीं, होर्डिंग्स लगाए और सोशल मीडिया पर बहस की, जिसके बाद पार्टी नेतृत्व को हस्तक्षेप करना पड़ा. वट्टियूरकावु विधानसभा क्षेत्र से जीतने वाले मुरलीधरन ने कहा कि मुख्यमंत्री पर निर्णय शनिवार की चर्चा के दो दिनों के भीतर होने की संभावना है.
मुरलीधरन ने कहा- आलाकमान को बता चुके हैं अपनी राय
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास सीएम चुनने की एक स्थापित प्रक्रिया है, जिसके तहत पार्टी आलाकमान विधायकों और वरिष्ठ नेताओं से परामर्श करने के बाद अंतिम निर्णय लेता है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस में पीढ़ीगत बदलाव हो रहा है और विवाद हो सकते हैं. के करुणाकरण, ओमन चांडी और एके एंटनी के युग के दौरान उनके नेतृत्व के कारण कोई विवाद नहीं थे. अब नए नेता उभरे हैं और मतभेद होंगे. लेकिन कांग्रेस के पास उन्हें हल करने के लिए तंत्र हैं. उन्होंने यह भी कहा कि वह सीएम के चयन पर अपनी राय पहले ही आलाकमान को बता चुके हैं और उनका रुख नहीं बदलेगा.
पोस्टर अभियान से राहुल नाराज
मालूम हो कि शनिवार को कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के आवास पर मुख्यमंत्री पद को लेकर वरिष्ठ पार्टी नेताओं की काफी देर तक बैठक चली थी. बैठक के दौरान राहुल गांधी केरल में समर्थकों द्वारा चलाए जा रहे पोस्टर अभियान से नाराज दिखें. मुरलीधरन ने कहा कि कांग्रेस की परंपरा रही है कि यहां सर्वसम्मति से समस्या का समाधान किया जाता है. पार्टी के भीतर सभी की भावनाओं का सम्मान किया जाता है. उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा अंतिम निर्णय लिया जाएगा.
समाचार स्रोत: पीटीआई
