Home Latest News & Updates गुजरात में अगले 7 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट

गुजरात में अगले 7 दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट

by Live India
Heavy rain alert Gujarat next 7 days

गुजरात समाचार: गुजरात में लगातार हो रही बारिश के बीच मौसम विभाग ने राज्य के लिए अगले सात दिनों तक भारी वर्षा का अलर्ट जारी किया है. हेवी रेनफॉल वार्निंग मैप के अनुसार 25 जुलाई से 31 जुलाई तक राज्य के अलग-अलग हिस्सों में भारी से अत्यधिक भारी बारिश होने की संभावना है. पहले दिन उत्तर और मध्य गुजरात के कई जिलों के लिए रेड अलर्ट जारी किया गया है, जबकि इसके बाद भी कई जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट लागू रहेगा.

उत्तर और मध्य में रहेगा सबसे ज्यादा खतरा

25 जुलाई को सबसे अधिक खतरा उत्तर गुजरात और मध्य गुजरात के जिलों में रहेगा. इन क्षेत्रों में अत्यधिक भारी वर्षा, जलभराव, निचले इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति और नदी-नालों के उफान की आशंका जताई गई है. मौसम विभाग ने प्रशासन को सतर्क रहने और आपदा प्रबंधन की तैयारियां पूरी रखने के निर्देश दिए हैं.

कई हिस्सों में किया अलर्ट जारी

26 जुलाई को भी कई जिलों में भारी बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान है. उत्तर-पूर्व और मध्य गुजरात के कई हिस्सों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान तेज बारिश के साथ बिजली गिरने और तेज हवाएं चलने की भी संभावना है. लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की गई है.

27 जुलाई को बारिश का असर मुख्य रूप से पूर्वी और दक्षिणी गुजरात में देखने को मिल सकता है. कई जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. हालांकि, बारिश की तीव्रता पहले दो दिनों की तुलना में कम रहने की संभावना है, लेकिन स्थानीय स्तर पर भारी बारिश से जलभराव की स्थिति बन सकती है.

गुजरात में भारी बारिश का अलर्ट: दक्षिण गुजरात के कई जिलों में अति भारी वर्षा की चेतावनी, प्रशासन अलर्ट मोड पर

महीने के लास्ट में राहत मिलने की उम्मीद

28 जुलाई से 30 जुलाई के बीच राज्य के अधिकांश हिस्सों में मौसम में कुछ राहत मिलने की संभावना है. अधिकांश जिले ग्रीन जोन में रहेंगे, जबकि दक्षिण गुजरात और पूर्वी क्षेत्रों के कुछ जिलों में हल्की से मध्यम बारिश जारी रह सकती है. मौसम विभाग ने कहा है कि इन दिनों भी स्थानीय स्तर पर कहीं-कहीं भारी बारिश से इनकार नहीं किया जा सकता.

31 जुलाई को दक्षिण-पूर्व गुजरात के कुछ जिलों में एक बार फिर बारिश की गतिविधियां तेज होने की संभावना है. मौसम विभाग ने इन इलाकों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जबकि आसपास के कई जिलों में येलो अलर्ट रहेगा. इससे संकेत मिलता है कि जुलाई के अंतिम दिन भी मानसून पूरी तरह सक्रिय बना रहेगा.

जलस्तर बढ़ने जैसी स्थितियां बनी हुईं

लगातार हो रही बारिश के कारण राज्य के कई जिलों में पहले से ही जलभराव, सड़कें बंद होने और नदियों का जलस्तर बढ़ने जैसी स्थितियां बनी हुई हैं. ऐसे में अगले कुछ दिन प्रशासन और लोगों दोनों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं. मौसम विभाग ने नागरिकों से अपील की है कि वे मौसम संबंधी आधिकारिक अपडेट पर नजर रखें, नदी-नालों और जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें, बिजली कड़कने के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचें और किसी भी आपात स्थिति में स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करें. बारिश का यह नया दौर विशेष रूप से उत्तर, मध्य और दक्षिण-पूर्व गुजरात के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. प्रशासन ने भी संबंधित जिलों में राहत एवं बचाव दलों को अलर्ट मोड पर रखा है ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके.

भारी बारिश से गुजरात में रेल यातायात प्रभावित, कई ट्रेनें रद्द; अहमदाबाद–विरमगाम रेलखंड पर जलभराव

Related Articles