Home Latest News & Updates ज्योतिरादित्य सिंधिया का नुस्खा वायरल

ज्योतिरादित्य सिंधिया का नुस्खा वायरल

by Live India
Scindia Onion Remedy

Scindia Onion Remedy: ज्योतिरादित्य सिंधिया ने एमपी के शिवपुरी में एक जनसभा को संबोधित किया, जहां उन्होंने लोगों को गर्मी से छुटकारा पाने का एक अजीब उपाय बताया.

27 अप्रैल, 2026

भारत भीषण गर्मी से परेशान है. दिन में बाहर निकलने पर लोगों की तबीयत खराब हो रही है. बिजली खपत ने रिकॉर्ड तोड़ दिया है, क्योंकि सभी 24 घंटे AC चला रहे हैं. इस बीच केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने लोगों को गर्मी से बचने का गजब का नुस्खा बताया है. दरअसल, ज्योतिरादित्य सिंधिया इन दिनों मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के दौरे पर हैं. यहां उन्होंने एक जनसभा को संबोधित करते हुए लोगों को प्याज से गर्मी दूर करने का उपाय बताया.

जेब से प्याज निकालकर दिखाया

सिंधिया ने कहा कि वह अपनी कार में AC इस्तेमाल नहीं करते, बल्कि जेब में प्याज रखते हैं. उन्होंने कहा, “मैं अपनी कार में AC इस्तेमाल नहीं करता, न ही AC वाले माहौल में बैठता हूं और जब लोग मुझसे पूछते हैं, तो मई और जून की 51 डिग्री गर्मी में भी, मैं कहता हूं, यह चंबल की खाल है. मैं आपको एक और बात बताता हूं, मैं थोड़ा जवान दिखता हूं, लेकिन मेरी आत्मा बहुत बूढ़ी है.” इसके बाद उन्होंने अपनी जेब से प्याज निकालकर दिखाया, जिसे देख सभी हैरान रह गए.

बुजुर्ग ने किया सपोर्ट

उन्होंने आगे कहा, “अपनी जेब में एक प्याज रख लो, तुम्हें कुछ नहीं होगा. आज के समय में हर कोई डिब्बा लेकर घूम रहा है. कम्युनिकेशन मिनिस्टर प्याज लेकर घूम रहे हैं. ये पुरानी बातें हैं और जैसे-जैसे आयुर्वेद आगे बढ़ रहा है, हमें इन बातों को नहीं भूलना चाहिए. जून की 51 डिग्री की गर्मी में सिर पर पट्टी बांधों और जेब में प्याज रखो. मैं हमेशा कहता हूं सिंधिया परिवार जमीन से जुड़ा है.” जब सिंधिया बोल रहे थे, तो भीड़ में से एक बुज़ुर्ग आदमी मुस्कुराए और सपोर्ट में अपनी जेब से एक प्याज निकाला.

ध्यान रखें

इस भीषण गर्मी मंत्री जी का ये गजब का उपाय सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. हालांकि आप अपने साथ प्याज रखकर सेहत के साथ खिलवाड़ न करें. गर्मी से बचने के लिए जरूरी उपाय अपनाएं. ज्यादा पानी पीएं. धूप में कम बाहर निकलिए. सिर ढककर बाहर जाएं. नारियल पानी, नींबू पानी या ओआरएस का घोल पीते रहें. बच्चों को धूप में बाहर न निकलने दें.

यह भी पढ़ें- केजरीवाल को लगा झटका, राघव चड्ढा समेत सभी 7 सांसदों को राज्यसभा से मिली मान्यता

समाचार स्रोत: पीटीआई

Related Articles