Home Latest News & Updates मैहर में आग का गोला बने सब इंस्पेक्टर

मैहर में आग का गोला बने सब इंस्पेक्टर

by Live India
मैहर में खौफनाक मंजर: आग का गोला बने सब इंस्पेक्टर, कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन के दौरान बड़ा हादसा, अलाउद्दीन तिराहे पर थी ड्यूटी

MP News: मध्य प्रदेश के मैहर में शुक्रवार को कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन के दौरान सब इंस्पेक्टर बुरी तरह झुलस गए. प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने उतरी कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया.

  • मध्य प्रदेश से नितिन ठाकुर

एमपी समाचार: मध्य प्रदेश के मैहर में शुक्रवार को कांग्रेस के विरोध-प्रदर्शन के दौरान सब इंस्पेक्टर बुरी तरह झुलस गए. आग की लपटों में घिरा देख वहां खड़े अन्य पुलिसकर्मी तेजी से सब इंस्पेक्टर की तरफ दौड़े और किसी तरह आग बुझाकर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया. प्रदेश सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने उतरी कांग्रेस के प्रदर्शन के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया. मैहर के अलाउद्दीन तिराहे पर पुतला दहन के वक्त आग की लपटों ने ड्यूटी पर तैनात सब इंस्पेक्टर को अपनी चपेट में ले लिया. दरअसल जिला कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर सैकड़ों कार्यकर्ता सरकार की नाकामियों के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे. इसी दौरान जब कार्यकर्ताओं ने पुतला फूंका तो आग की लपटें सीधे यातायात प्रभारी विक्रम पाठक की वर्दी तक पहुंच गईं. पुलिसकर्मी की वर्दी में आग लगने का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसे देखकर रोंगटे खड़े हो जा रहे हैं.

जंग का मैदान बना अलाउद्दीन तिराहा

बता दें कि मैहर का अलाउद्दीन तिराहा शुक्रवार को जंग का मैदान बन गया. जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष के नेतृत्व में सैकड़ों कार्यकर्ता भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे. कांग्रेस के इस विरोध प्रदर्शन के केंद्र में कई मुद्दे थे, जैसे इंदौर में दूषित पानी से हुई मौत, कफ सिरप से बच्चों की जान जाने पर डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल का घेराव, मंत्री विजय शाह का कर्नल सूफिया कुरैशी मामले में विरोध और सबसे अहम विधानसभा में कैलाश विजयवर्गीय द्वारा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार को औकात में रहने की दी गई धमकी. इन्हीं सब बातों को लेकर कांग्रेसियों में मोहन सरकार के खिलाफ उबाल था. प्रदर्शनकारी जैसे ही पुतले को आग के हवाले करने लगे तभी एक चिंगारी यातायात प्रभारी सब इंस्पेक्टर विक्रम पाठक की वर्दी पर जा गिरी. पलक झपकते ही आग की लपटों ने उन्हें घेर लिया.

प्रदर्शनकारियों के खिलाफ होगी सख्त कार्रवाई

मौके पर मौजूद अन्य पुलिसकर्मियों ने आनन फानन में आग बुझाई और झुलसी हालत में उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल मैहर में भर्ती कराया. घटना की गंभीरता को देखते हुए मैहर एसपी अवधेश प्रताप सिंह खुद घायल सब इंस्पेक्टर का हाल जानने अस्पताल पहुंचे. इस मामले में अवधेश प्रताप सिंह का कहना है कि प्रदर्शन के दौरान पुतला जलाने की कोशिश की गई, जिससे हमारे अधिकारी झुलस गए. हम पूरे मामले की जांच कर रहे हैं और दोषियों के खिलाफ सख्त मामला पंजीबद्ध किया जा रहा है. इस हादसे के बाद अब मैहर पुलिस प्रदर्शनकारियों के खिलाफ सख्त रुख अपना रही है. पुलिस वीडियो फुटेज के आधार पर उन लोगों की पहचान कर रही है जिनकी लापरवाही से यह हादसा हुआ.

ये भी पढ़ेंः MP : जबलपुर में सांप्रदायिक तनाव, मंदिर में की गई तोड़फोड़ और पथराव; भारी पुलिस बल तैनात

Related Articles