4
AN-32 विमान दुर्घटना: असम में भारतीय वायुसेना के एक एयरक्राफ्ट के क्रैश होने की खबर है. यह घटना वायुसेना के एयरबेस पर हुई है, जिसके बाद एयरफोर्स ने जांच के आदेश की जानकारी दी है. न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, वायुसेना का AN-32 aircraft लैंडिंग के दौरान हादसे का शिकार हो गया. यह घटना असम के जोरहाट जिले में रोवरिया क्षेत्र में भारतीय वायु सेना के एयरबेस पर हुई है. विमान के क्रैश होते ही वायुसेना के इस स्टेशन से धुआं उठता हुआ दिखाई दिया. हालांकि, अभी तक किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं है. आइए जानते हैं पूरी खबर.
रोवरिया में वायुसेना के एयरबेस पर हादसा
न्यूज एजेंसी पीटीआई के अनुसार, आज शनिवार को असम के जोरहाट में भारतीय वायुसेना का विमान लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. रक्षा प्रवक्ता ने बताया कि शनिवार को असम के जोरहाट जिले में लैंडिंग के दौरान भारतीय वायु सेना का एक विमान एएन-32 क्रैश हुआ है. जानकारी के मुताबिक, यह घटना रोवरिया क्षेत्र में भारतीय वायुसेना के एयरबेस पर विमान के उतरने के दौरान हुई. प्रवक्ता ने आगे बताया कि भारतीय वायुसेना के वरिष्ठ अधिकारी घटनास्थल पर पहुंच गए हैं. हालांकि अभी तक किसी के हताहत की कोई सूचना नहीं है. उन्होंने इसपर कहा कि यदि कोई हताहत हुआ है तो उसकी पुष्टि अभी तक नहीं हो पाई है. प्रवक्ता ने बताया कि और अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है.
जांच समिति का गठन- एयरफोर्स
वहीं, वायुसेना ने एएन-32 विमान दुर्घटना की जांच के आदेश दे दिए हैं. इसकी जानकारी इंडियन एयरफोर्स (आईएएफ) ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर दी है. इसमें कहा गया है, “आज जोरहाट में लैंडिंग के दौरान भारतीय वायुसेना का एक एन-32 विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया. दुर्घटना के कारणों का पता लगाने के लिए एक जांच समिति का गठन किया जा रहा है.”
एएन-32 विमान के बारे में
एएन-32 विमान के बारे में बात करें तो यह भारतीय वायुसेना का दो-इंजन वाला टर्बोप्रॉप मिलिट्री ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ्ट है. इसका पूरा नाम एंतोनोव एन-32 है. जानकारी के अनुसार, इस विमान को सोवियत संघ के एंतोनोव डिजाइन ब्यूरो द्वारा बनाया गया है. इस प्रकार के विमान करीब 4 दशकों (1984 से) से वायुसेना में देश की सेवा में लगे हुए हैं.
एएन-32 विमान का इस्तेमाल ऊंचाई और दुर्गम इलाकों में सेना के लिए किया जाता है. इससे कोई भी जरूरी समान या रसद पहुंचाया जाता रहा है. विभिन्न मीडिया रिपोर्टे के अनुसार, भारतीय वायुसेना के बेड़े में करीब 100 एएन-32 विमान शामिल हैं, जो देश सेवा में लगे हुए हैं.
युद्ध का बदला स्वरूपः अब सिर्फ बड़ी ताकतों का दबदबा नहीं, छोटी सेनाएं भी पहुंचा सकती हैं नुकसान
समाचार स्रोत: पीटीआई
