Home News सिंगर Dilpreet Dhillon पर केस, टी-सीरीज से जुड़ा मामला

सिंगर Dilpreet Dhillon पर केस, टी-सीरीज से जुड़ा मामला

by Live India
सिंगर Dilpreet Dhillon पर केस, टी-सीरीज से जुड़ा मामला

दिलप्रीत ढिल्लों: पंजाबी म्यूजिक इंडस्ट्री के चर्चित गायक दिलप्रीत सिंह ढिल्लों कानूनी विवाद में घिर गए हैं. मोहाली के मटौर थाना पुलिस ने उनके खिलाफ मारपीट, जबरन बंधक बनाने, आपराधिक धमकी देने और हथियार दिखाकर डराने के आरोप में मामला दर्ज किया है. यह कार्रवाई मेलोडी हाउस म्यूजिक कंपनी के संचालक रेअमंत मरवाहा की शिकायत पर की गई है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और शिकायत में लगाए गए आरोपों की पड़ताल की जा रही है.

टी-सीरीज डील को लेकर शुरू हुआ विवाद

शिकायतकर्ता रेअमंत मरवाहा के अनुसार, वह पिछले करीब पांच वर्षों से मेलोडी हाउस नाम से म्यूजिक कंपनी का संचालन कर रहे हैं. उन्होंने पुलिस को बताया कि लगभग पांच-छह महीने पहले दिलप्रीत ढिल्लों ने उनसे टी-सीरीज के साथ गानों की रिकॉर्डिंग की डील कराने के लिए संपर्क किया था. कई दौर की बातचीत के बावजूद यह समझौता नहीं हो सका, जिसके बाद दोनों के बीच तनाव बढ़ गया.

फ्लैट में हुई बहस, मारपीट का आरोप

एफआईआर के मुताबिक, 22 जुलाई की रात मोहाली के सेक्टर-70 स्थित एक फ्लैट में इस मुद्दे को लेकर दोनों के बीच बहस हुई. शिकायतकर्ता का आरोप है कि दिलप्रीत ढिल्लों ने किसी भी कीमत पर टी-सीरीज या किसी अन्य म्यूजिक कंपनी के साथ डील करवाने का दबाव बनाया. शिकायत में यह भी दावा किया गया है कि उन्होंने कहा था कि उन्हें अपनी पत्नी के लिए 1 से 2 करोड़ रुपये की कार खरीदनी है. जब रेअमंत मरवाहा ने ऐसा करने में असमर्थता जताई, तो कथित रूप से दिलप्रीत ढिल्लों ने उनके साथ मारपीट की. शिकायत के अनुसार, उनका कॉलर पकड़कर दूसरे कमरे में ले जाया गया, जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से हमला किया गया.

7.5 IMDb रेटिंग वाली इस क्राइम थ्रिलर ने OTT पर मचाई धूम, हर एपिसोड के साथ बढ़ेगा सस्पेंस

धमकाने का भी आरोप

शिकायतकर्ता ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया है कि मारपीट के बाद दिलप्रीत ढिल्लों ने पिस्टल दिखाकर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकी दी. इसके बाद उन्होंने पुलिस से संपर्क कर शिकायत दर्ज कराई. मटौर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मारपीट, गलत तरीके से बंधक बनाने, आपराधिक धमकी देने और हथियार के जरिए डराने जैसे आरोपों में मामला दर्ज किया है. पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस कर रही है मामले की जांच

फिलहाल पुलिस सभी पक्षों के बयान दर्ज कर रही है और घटना से जुड़े तथ्यों की जांच की जा रही है. अभी तक इस मामले में दिलप्रीत ढिल्लों की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है. जांच पूरी होने के बाद ही पुलिस आगे की कार्रवाई और संभावित गिरफ्तारी या अन्य कानूनी कदमों पर फैसला लेगी.

Vijay की आखिरी फिल्म Jana Nayagan ने पहले दिन दुनिया में मचाया धमाल, फिर भी नहीं तोड़ पाई ‘लियो’ का रिकॉर्ड

Related Articles