6
Shivraj Singh Chouhan Birthday: शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को अपना 67वां जन्मदिन ‘प्रेम-सेवा संकल्प दिवस’ के रूप में मनाने जा रहे हैं. वे ‘मामा कोचिंग क्लासेस’ और ‘मामा हॉस्पिटल’ लॉन्च करेंगे.
4 मार्च, 2026
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान गुरुवार को अपना 67वां जन्मदिन ‘प्रेम-सेवा संकल्प दिवस’ के रूप में मनाने जा रहे हैं. इस अवसर पर वे राज्य में सेवा और समाज कल्याण से जुड़ी कई महत्वपूर्ण पहल की शुरुआत करेंगे. चौहान अपने समर्थकों के बीच ‘मामा’ के नाम से जाने जाते हैं, अपने जन्मदिन पर वे मध्य प्रदेश के अलग अलग जगहों पर पर ‘मामा कोचिंग क्लासेस’ और ‘मामा हॉस्पिटल’ लॉन्च करेंगे. उनके कार्यालय की ओर से जारी बयान में बताया गया कि इस दिन वे पर्यावरण संरक्षण, सेवा, सहायता, शिक्षा और प्रतिभा प्रोत्साहन से जुड़े पांच संकल्प भी लेंगे.
समर्थकों से की उपहार न लाने की अपील
पूर्व मुख्यमंत्री रह चुके चौहान ने समर्थकों से अपील की है कि वे जन्मदिन पर माला, गुलदस्ते, शॉल या अन्य उपहार न लाएं. इसके बजाय वे एक पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण में योगदान दें और “शिव वृक्ष मित्र” अभियान से जुड़ें. इसके लिए एक विशेष पोर्टल पर QR कोड के माध्यम से पौधारोपण की तस्वीरें अपलोड की जा सकेंगी. उन्होंने अपने माता-पिता की स्मृति में ‘प्रेम-सुंदर प्रतिभा सम्मान’ पुरस्कार शुरू करने की घोषणा भी की है, जिसके तहत विदिशा लोकसभा क्षेत्र के आठों विधानसभा क्षेत्रों में कक्षा 10 और 12 के मेधावी विद्यार्थियों को 51,000, 31,000 और 21,000 रुपये की नकद राशि प्रदान की जाएगी. संसदीय क्षेत्र के शीर्ष तीन रैंकधारकों को विशेष सम्मान भी दिया जाएगा.
गांव और बस्तियों के लिए सहायक होंगे चलित अस्पताल
ग्रामीण स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में ‘मामा चलित हॉस्पिटल’ की शुरुआत की जाएगी. आधुनिक डायग्नोस्टिक सुविधाओं और योग्य डॉक्टरों से सुसज्जित ये मोबाइल यूनिट गांवों और बस्तियों में पहुंचकर निःशुल्क उपचार और परामर्श उपलब्ध कराएंगी. यह पहल चौहान, स्थानीय क्षेत्र विकास निधि और जनसहयोग से चलाई जा रही है. इसके साथ ही विदिशा शहर, रायसेन और भैरुंदा में ‘मामा कोचिंग क्लासेस’ की स्थापना की जाएगी, जहां बैंकिंग, SSC, MPPSC, DRDO और फॉरेस्ट सर्विस जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की निःशुल्क तैयारी कराई जाएगी.
दिव्यांजनों को मिलेगी ट्राइसाइकिल
समाज के कमजोर वर्गों के सशक्तिकरण की दिशा में भी कदम बढ़ाते हुए चौहान ने दिव्यांगजनों के लिए विशेष अभियान को तेज करने की घोषणा की है. इसके तहत चिन्हित लाभार्थियों को मोटराइज्ड ट्राइसाइकिल वितरित की जाएंगी, जिससे वे आत्मनिर्भर बन सकें. इस प्रकार, 67वें जन्मदिन पर चौहान ने जनकल्याण और सामाजिक उत्तरदायित्व को प्राथमिकता देते हुए सेवा और विकास का संदेश देने का प्रयास किया है.
समाचार स्रोत: पीटीआई
यह भी पढ़ें- व्यापार और तकनीक पर जोर: राष्ट्रपति स्टब और मोदी के बीच द्विपक्षीय सहयोग पर होगी चर्चा
