7
Samay Raina Mukesh Khanna: कॉमेडियन समय रैना ने हाल ही में स्टिल अलाइव के नाम से वीडियो रिलीज किया है, जिसमें उन्होंने शक्तिमान कैरेक्टर का मजाक उड़ाया, इसके बाद मुकेश खन्ना उन पर बुरी तरह भड़के हैं.
9 अप्रैल, 2026
कॉमेडियन समय रैना ने एक नई कॉन्ट्रोवर्सी शुरू कर दी है. समय रैना ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ विवाद के बाद कमबैक करते हुए एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने अपने मुश्किल समय और ट्रॉमा के बारे में बताया है. साथ ही समय रैना ने उन सभी लोगों को एक-एक कर जवाब दिया है, जिन्होंने विवाद के दौरान उन पर कमेंट किया था. इन्हीं में से एक शख्स हैं शक्तिमान फेम मुकेश खन्ना, जिन्होंने उस समय समय रैना की आलोचना की थी. अब समय ने उसका जवाब देते हुए मुकेश खन्ना के शक्तिमान कैरेक्टर का मजाक उड़ाया है, जिसे देखकर मुकेश खन्ना बौखला गए और उन्होंने फिर से समय पर निशाना साधा है. मुकेश खन्ना ने कहा है कि कुत्ते की दुम टेढ़ी ही रहेती है.
समय रैना ने क्या कहा
समय रैना ने ‘स्टिल अलाइव’ नाम से एक वीडियो पोस्ट किया है, जिसमें उन्होंने मुकेश खन्ना के बारे में कहा- “शक्तिमान कह रहे थे कि मेरे कंटेंट का बच्चों पर क्या असर पड़ेगा. भाई, जब शक्तिमान आता था, तो हर दूसरे महीने खबर आती थी कि किसी बच्चे ने खुद को शक्तिमान समझकर छत से छलांग लगा दी. तुमने तो बच्चों को मारा है, तुम क्या कह रहे हो?”
बुरा भड़के मुकेश खन्ना
समय रैना के इस कमेंट का मुकेश खन्ना ने जवाब दिया. उन्होंने अपने इंस्टाग्राम पर एक कार्ड पोस्ट किया, जिसमें समय को गधे पर बैठा हुआ दिखाया गया है और पोस्ट के कैप्शन में लिखा है- कुत्ते की दुम टेढ़ी रहती है. उसे लाख शीशियों में रखो. बाहर निकालो. फिर टेढ़ी की टेढ़ी !! समय रैना की भी एक दुम है. कितना भी मारो. सीधा करो. वो वापस टेढ़ी हो जाती है. क्योंकि वो सीधा सादा प्राणी नहीं है. वो रोस्टेड प्राणी है. गंदगी की आग में जलाया हुआ. पकाया हुआ. पूरे देश ने लताड़ा मारा, फिर आ गया बेशर्मों की तरह और मार खाने. अब एक ही चीज बाकी है. उसका मुंह काला कर गधे पर बैठाकर देश भर के शहरों में, गलियों में उसकी परेड करनी चाहिए. जहां बच्चे उसको अंडे, टमाटर मारें, क्योंकि उसने उनके सुपर हीरो शक्तिमान का अपमान किया है !!!
क्यों बंद हुआ था समय का शो
साल 2025 में समय रैना का शो ‘इंडियाज गॉट लेटेंट’ डार्क कॉमेडी और डबल मीनिंग जोक्स के कारण बहुत जल्द ही युवाओं के बीच फेमस हो गया था. इसके एक एपिसोड में यूट्यूबर रणवीर अल्लाहबादिया ने कंटेस्टेंट से उसके माता-पिता के बारे में बेहद अश्लील और शर्मनाक सवाल पूछा था. जब इसका वीडियो सोशल मीडिया पर आया तो लोग भड़क उठे. समय और शो के सभी कॉमेडियन के खिलाफ एफआईआर दर्ज हुई. उस समय मुकेश खन्ना, बी प्राक समेत कई सेलेब्स ने समय रैना के शो की आलोचना की थी. इसके बाद शो पूरी तरह से बंद हो गया.
