16
भ्रष्टाचार: असम सरकार के अतिरिक्त निदेशक को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार कर लिया गया. उनके पास से करीब दो करोड़ रुपए नकद मिले. असम सिविल सेवा के एक अधिकारी को भ्रष्टाचार के आरोप में गिरफ्तार किया गया है. पुलिस ने 1.66 करोड़ रुपये से अधिक नकद और 86 लाख रुपये की सावधि जमा (FD) के साथ-साथ अन्य निवेश दस्तावेज भी जब्त किए हैं. आरोपी लचित कुमार दास असम सरकार में अतिरिक्त निदेशक भूमि रिकॉर्ड गुवाहाटी के रूप में तैनात थे. उन्हें सतर्कता और भ्रष्टाचार निरोधक निदेशालय के अधिकारियों ने एक शिकायत पर कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार किया.
NOC के लिए मांगी थी रिश्वत
लचित कुमार दास पर आरोप लगाया गया था कि अधिकारी ने भूमि बिक्री की अनुमति के लिए एनओसी जारी करने के लिए रिश्वत की मांग की थी. पुलिस अधिकारी ने कहा कि दास ने अनापत्ति प्रमाणन (एनओसी) जारी करने के लिए कथित तौर पर 1 लाख रुपये की रिश्वत की मांग की थी. इसके बाद शिकायतकर्ता ने सतर्कता निदेशालय से संपर्क किया. अधिकारी ने कहा कि सतर्कता अधिकारियों ने गुरुवार को एसीएस अधिकारी के गुवाहाटी कार्यालय में जाल बिछाया और उन्हें रिश्वत के रूप में 45,000 रुपये लेते हुए उनके कक्ष में रंगे हाथों पकड़ लिया गया.
दो घरों में ली गई तलाशी
निदेशालय ने मामला दर्ज कर लिया है. उनकी गिरफ्तारी के बाद सतर्कता अधिकारियों ने गुवाहाटी में उनके दो घरों में तलाशी ली. पहले तलाशी अभियान के दौरान एक घर के अंदर एक लॉकर से 48.38 लाख रुपये नकद बरामद किए गए. इसके अलावा अधिकारी और उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर 80 लाख रुपये की सावधि जमा राशि जब्त कर ली गई.
बैंक खाते और जमीन के दस्तावेज भी जब्त
पुलिस अधिकारी ने कहा कि उनके और उनके परिवार के सदस्यों के नाम पर कई जीवन बीमा पॉलिसियां, डाक जीवन बीमा पॉलिसियां पाई गईं. कई बैंक खाते और जमीन संपत्ति के दस्तावेज भी पाए गए हैं. इसकी जांच चल रही है. निदेशालय ने कहा कि शुक्रवार को दास के दूसरे घर में एक और तलाशी ली गई और 1.18 करोड़ रुपये से अधिक नकद जब्त किए गए. इसके अलावा लचित कुमार दास के क्वीन्स गार्डन, रानीबागान, बेलटोला स्थित एक अन्य घर की तलाशी ली गई. यहां से भूमि संबंधी दस्तावेज बरामद किए गए.
साइबर फ्रॉड और मनी लॉन्ड्रिंग रैकेट का भंडाफोड़: दिल्ली पुलिस ने गोवा से दो को किया गिरफ्तार
समाचार स्रोत: पीटीआई
