Home News 24 साल बाद भी क्यों Cannes में छाई रहती हैं Aishwarya Rai?

24 साल बाद भी क्यों Cannes में छाई रहती हैं Aishwarya Rai?

by Live India
24 साल बाद भी क्यों Cannes में छाई रहती हैं Aishwarya Rai?

ऐश्वर्या राय की कान्स यात्रा: ‘ब्यूटी विद ब्रेन’ ये लाइन अगर किसी बॉलीवुड स्टार पर सबसे ज्यादा फिट बैठती है, तो वो हैं ऐश्वर्या राय बच्चन. वहीं, जब भी फ्रांस में होने वाले दुनिया के सबसे बड़े फिल्म फेस्टिवल कान्स फिल्म फेस्टिवल के बारे में बात होती है, तब भारत में उनका नाम अपने आप लोगों की जुबान पर आ जाता है. पिछले 24 सालों में ऐश्वर्या सिर्फ इस ग्लोबल मंच का हिस्सा नहीं बनीं, बल्कि उन्होंने खुद को कान्स की पहचान बना लिया. ऐश्वर्या का जलवा ऐसा कायम है कि भारत में लोग कान्स को फिल्मों से कम और ऐश्वर्या के फैशन से ज्यादा जोड़कर देखने लगे हैं. कान्स में कौन सी फिल्म प्रीमियर हो रही है, कौन सा हॉलीवुड स्टार पहुंचा है, इन सब बातों से पहले सोशल मीडिया पर एक ही सवाल ट्रेंड करता है कि, इस बार ऐश्वर्या क्या पहनेंगी? सच कहूं तो ये क्रेज यूं ही नहीं बना. ऐश्वर्या ने पिछले दो दशकों में अपने स्टाइल, कॉन्फिडेंस और इंडियन कल्चर के खूबसूरत कॉम्बिनेशन से कान्स को अपने नाम कर लिया है.उनके कान्स रेड कार्पेट लुक का इंतजार फैंस वैसे ही करते हैं जैसे किसी बड़ी फिल्म की रिलीज का. लेकिन क्या वाकई अपने स्टाइल की वजह से ऐश्वर्या राय कान्स में छाई रहती हैं, या वजह कुछ और है? आज इसी सवाल का जवाब लेकर आए हैं.

ऐश्वर्या और कान्स का रिश्ता

‘कुछ कुछ होता है… तुम नहीं समझोगे’. ऐश्वर्या और कान्स का रिश्ता भी इसी डायलॉग जैसा ही है. इसे सिर्फ फैशन से समझना मुश्किल है, ये एक फीलिंग बन चुका है. हालांकि, उनकी कान्स जर्नी की शुरुआत सालों पहले हो चुकी थी. 1994 में जब पूरी दुनिया ने पहली बार ऐश्वर्या राय को गौर से देखा. मिस वर्ल्ड का ताज जीतते ही उनकी नीली आंखों और मुस्कान ने लाखों दिलों को घायल कर दिया. उस टाइम शायद किसी ने नहीं सोचा होगा कि ये लड़की एक दिन भारत की सबसे बड़ी ग्लोबल फैशन आइकन बन जाएगी. उस दौर में इंटरनेट और सोशल मीडिया इतना स्ट्रॉन्ग नहीं था, लेकिन फिर भी ऐश्वर्या का नाम हर जगह छा गया था. लेकिन ऐश्वर्या सिर्फ खूबसूरत चेहरा बनकर नहीं रहना चाहती थीं. उन्होंने फिल्मों की दुनिया में कदम रखा और धीरे-धीरे अपने काम से साबित कर दिया कि वो सिर्फ ग्लैमर नहीं, टैलेंट का भी दूसरा नाम हैं. फिर फिल्मों का सिलसिला शुरू हुआ. ‘हम दिल दे चुके सनम’, ‘ताल’, ‘देवदास’, ‘जोधा अकबर’, ‘गुरु’ जैसी फिल्मों ने ऐश्वर्या को सिर्फ स्टार नहीं बल्कि एक क्लासिक एक्ट्रेस बना दिया. उनकी स्क्रीन प्रेजेंस ऐसी थी कि कैमरा उनसे नजरें हटाना ही नहीं चाहता था.

पहली एंट्री से इंटरनेशनल पहचान तक, कुछ ऐसी है Cannes Film Festival में भारतीय सिनेमा के सफर की कहानी

पहली बार कान्स में उतरी

साल 2002 में ऐश्वर्या राय पहली बार कान्स फिल्म फेस्टिवल पहुंचीं. उनके साथ थे शाहरुख खान और संजय लीला भंसाली. वहां तीनों अपनी फिल्म का प्रीमियर करने पहुंचे थे, जिसका नाम है ‘देवदास’. येलो कलर की खूबसूरत साड़ी, हैवी गोल्ड जूलरी और चेहरे पर वही रॉयल मुस्कान लेकर ऐश्वर्या राय कान्स के रेड कार्पेट पर उतरीं. उस टाइम इंटरनेशनल रेड कार्पेट पर भारतीय आउटफिट यानी साड़ी पहनना बहुत बड़ा फैशन स्टेटमेंट माना गया. ऐश्वर्या ने बिना कुछ बोले दुनिया को बता दिया था कि भारतीय खूबसूरती किसी से कम नहीं. भले ही ‘बड़े बड़े देशों में ऐसी छोटी छोटी बातें होती रहती हैं’. लेकिन उस दिन कान्स में जो हुआ, वो छोटी बात बिल्कुल नहीं थी. वो भारत के फैशन इतिहास का बड़ा मोमेंट था.साल 2003 में वो लग्जरी ब्यूटी ब्रांड लोरियल पेरिस की ग्लोबल ब्रांड एंबेसडर बनीं. इसके बाद शुरू हुआ उनका कान्स असली सफर.

Cannes 2026 तक पहुंची Amma Ariyan, क्यों 40 साल बाद भी बेचैन कर देती है ये कल्ट मास्टरपीस?

हर साल नया अवतार

कान्स में ऐश्वर्या राय की सबसे बड़ी खासियत यही रही है कि उन्होंने खुद को कभी रिपीट नहीं किया. कभी वो सिंड्रेला जैसी दिखीं, कभी गोल्डन मरमेड, कभी क्लासिक इंडियन ब्यूटी तो कभी बोल्ड फैशन क्वीन. उनका हर लुक अगले दिन अखबारों की हेडलाइन बन जाता था. 2019 में ऐश्वर्या गोल्डन गाउन पहनकर रेड कार्पेट पर पहुंची थीं. देखते ही देखते सोशल मीडिया पर लोगों ने उन्हें गोल्डन गर्ल ऑफ कान्स कहना शुरू कर दिया. उनकी चाल, मुस्कान और कॉन्फिडेंस ऐसा था मानो पूरा रेड कार्पेट उन्हीं के लिए सजाया गया हो. इसके अलावा माइकल सिन्को का डिजाइन किया गया उनका सिंड्रेला बॉल गाउन आज भी कान्स के सबसे यादगार फैशन मोमेंट्स में गिना जाता है. वहीं, साल 2016 में ऐश्वर्या ने पर्पल लिपस्टिक लगाकर रेड कार्पेट पर एंट्री ली. बस फिर क्या था, सोशल मीडिया पर बहस शुरू हो गई. कुछ लोगों ने इसे फैशन डिजास्टर कहा, तो कुछ ने इसे फैशन में हिम्मत का नया नाम दे दिया. हैरानी की बात है, सोशल मीडिया, न्यूज़ चैनल्स और पेपर्स में ऐश्वर्या के बारे में चाहे कुछ भी क्यों ना कहा गया हो, लेकिन उन्होंने हमेशा शांत रहना ही ठीक समझा. उन्होंने कई बार ये साबित किया कि फैशन सिर्फ ट्रेंड फॉलो करने का नाम नहीं, बल्कि खुद को एक्सप्रेस करने का तरीका है.

भारतीय संस्कृति

ऐश्वर्या की सबसे बड़ी खूबी ये रही कि उन्होंने कभी अपनी भारतीय पहचान को पीछे नहीं छोड़ा. जहां कई स्टार्स कान्स रेड कार्पेट पर पूरी तरह वेस्टर्न लुक को फॉलो करते हैं, वहीं ऐश्वर्या ने बार-बार साड़ी, सिंदूर और ट्रेडिशनल जूलरी के जरिए भारतीय संस्कृति को ग्लोबल स्टेज तक पहुंचाया. पिछले साल उनका आइवरी बनारसी साड़ी वाला लुक खूब ट्रेंड में रहा. मांग में सिंदूर, गले में हैवी रूबी नेकलेस और चेहरे पर खूबसूरत मुस्कान. उनका ये लुक सिर्फ फैशन नहीं बल्कि दिल को सुकून देने वाला स्टाइल बन गया. वैसे, इस लुक से पहले ऐश्वर्या और अभिषेक बच्चन के रिश्ते को लेकर सोशल मीडिया पर काफी अफवाहें उड़ रही थीं. लेकिन कान्स में ऐश्वर्या ने बिना एक शब्द बोले सबको जवाब दे दिया. मांग में सिंदूर लगाकर उन्होंने जिस अंदाज में रेड कार्पेट पर वॉक की, वो लोगों के लिए किसी फिल्मी क्लाइमेक्स से कम नहीं था.

मां-बेटी की जोड़ी

पिछले कुछ सालों से ऐश्वर्या अपनी बेटी आराध्या बच्चन के साथ कान्स पहुंचती हैं. एयरपोर्ट से लेकर रेड कार्पेट तक, दोनों की तस्वीरें इंटरनेट पर छा जाती हैं. आराध्या हर बार अपनी मां का हाथ थामे नजर आती हैं और फैन्स इस बॉन्डिंग को खूब पसंद करते हैं. कई लोग कहते हैं कि ऐश्वर्या सिर्फ एक ग्लोबल स्टार नहीं बल्कि परफेक्ट मां भी हैं. हालांकि, ऐसा नहीं है कि ऐश्वर्या को अपने कान्स लुक के लिए हर बार तारीफ ही मिली. कई बार उन्हें खूब ट्रोल भी किया गया, लेकिन ऐश्वर्या कभी नहीं बदलीं. कई बार उनके आउटफिट्स को ओवर ड्रामेटिक कहा गया, तो कभी उनके फैशन एक्सपेरिमेंट्स का मजाक उड़ाया गया. इतना ही नहीं कई बार उनके वेट को लेकर भी लोगों ने काफी कुछ कहा. लेकिन ऐश्वर्या हर बार उसी कॉन्फिडेंस के साथ रेड कार्पेट पर उतरीं. यही वजह है कि करोड़ों लोग उन्हें सिर्फ खूबसूरत नहीं बल्कि स्ट्रॉन्ग लेडी मानते हैं.

हुमा कुरैशी ने कान्स में शो-ऑफ किया इंडियन कल्चर, बनारसी साड़ी और अदाओं ने लूटी महफिल

क्यों हैं क्वीन ऑफ कान्स?

24 साल तक लगातार किसी ग्लोबल मंच पर अपनी चमक बनाए रखना आसान नहीं होता. लेकिन ऐश्वर्या राय बच्चन ने ये कर दिखाया. वो सिर्फ एक बॉलीवुड स्टार नहीं रहीं, बल्कि भारत की सांस्कृतिक पहचान बन गईं. उनके रेड कार्पेट मोमेंट्स सिर्फ फैशन तक लिमिटेड नहीं रहते, बल्कि सोशल मीडिया पर चर्चा, डिबेट और ट्रेंड का हिस्सा बन जाते हैं. कई इंटरनेशनल डिजाइनर्स भी मानते हैं कि ऐश्वर्या जैसा ग्रेस और स्क्रीन प्रेजेंस बहुत कम स्टार्स में देखने को मिलता है. आज भी जैसे ही कान्स शुरू होता है, फैंस बेसब्री से ऐश्वर्या के लुक का इंतजार करने लगते हैं. उनके एयरपोर्ट लुक से लेकर मेकअप तक हर चीज ट्रेंड करने लगती है. फैशन डिजाइनर्स, मेकअप आर्टिस्ट और स्टाइल एक्सपर्ट्स उनके लुक्स के बारे में बात करते हैं. यही स्टार पावर उन्हें बाकी एक्ट्रेसेस से अलग बनाती है.

कायम है लेगसी

इस साल कान्स फिल्म फेस्टिवल में ऐश्वर्या राय बच्चन ने अपनी एंट्री से एक बार फिर सबका दिल जीत लिया. ऐश्वर्या ने साबित कर दिया कि उन्हें यूं ही क्वीन ऑफ कान्स नहीं कहा जाता. पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर उनके कान्स में शामिल होने को लेकर कई तरह की बातें हो रही थीं. फिर जैसे ही ऐश्वर्या रेड कार्पेट पर उतरीं, हर कैमरा बस उन्हीं पर टिक गया. इस बार ऐश्वर्या ने डिजाइनर अमित अग्रवाल का खास डिजाइन किया हुआ एबिस ब्लू कलर का शानदार गाउन पहना. इस आउटफिट का नाम ल्यूमिनारा रखा गया, जिसे तैयार करने में करीब 1500 घंटे लगे. गाउन पर हजारों क्रिस्टल हाथों से लगाए गए थे, जो हर कदम के साथ चमक रहे थे. गाउन के शोल्डर डिजाइन को खास विंग शेप दिया गया था, जिससे उनका पूरा लुक ड्रामेटिक और रॉयल लगा. आउटफिट के अलावा ऐश्वर्या राय बच्चन के मेकअप को रॉयल सैफायर थीम पर तैयार किया गया था. सॉफ्ट ग्लोइंग स्किन, शार्प आईलाइनर और लंबी लैशेज ने उनके पूरे लुक को और अट्रैक्टिव बना दिया. उनकी रेडिश-ब्राउन लिपस्टिक ब्लू गाउन के साथ काफी क्लासी कॉन्ट्रास्ट बना रही थी. वहीं सॉफ्ट वेवी हेयरस्टाइल ने उनके ग्लैमरस अंदाज को और शानदार बना दिया. ये कहना गलत नहीं है कि 24 साल बाद ही कान्स में ऐश्वर्या का जलवा बरकरार है. वो हर बार कुछ नया और अलग लेकर आती हैं. उन्होंने दिखा दिया कि ग्लोबल स्टेज पर भारतीय आर्टिस्ट सिर्फ मौजूद ही नहीं रह सकते, बल्कि अपनी अलग पहचान भी बना सकते हैं. यही वजह है कि कान्स में ऐश्वर्या का होना भारत के लिए हमेशा गर्व की बात रही है.

हमें फॉलो करें: फेसबुक | एक्स | लिंक्डइन | यूट्यूब | Instagram

Related Articles