Home Latest News & Updates रुपये में गिरावट की क्या हैं वजह?

रुपये में गिरावट की क्या हैं वजह?

by Live India
Rupee vs Dollar

रुपया बनाम डॉलर: पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष ने कच्चे तेल की कीमत को बढ़ाने में काफी सहयोग किया है. इसका यह सहयोग भारत सहित कई देशों के लिए परेशानी की वजह बन गया है. इस बीच इजरायल-लेबनान तनाव भी बढ़ गया है और इजरायली सेना लेबनान में प्रवेश कर चुकी है. इतने सारे भू-राजनीतिक तनाव, कच्चे तेल के बढ़ते दाम और डॉलर की तेज मांग के बीच भारतीय करेंसी रुपये को फिर से झटका लगा है. आज सोमवार को मार्केट खुलने के दौरान भारतीय करेंसी रुपये में अमेरिकी डॉलर के मुकाबले गिरावट दर्ज की गई. यह 9 पैसे गिरकर कारोबार करते हुए दिखा.

डॉलर के मुकाबले 94.94 पर रुपया

न्यूज एजेंसी पीटीआई की रिपोर्ट के अनुसार, आज सोमवार को अंतरबैंक विदेशी मुद्रा बाजार में रुपया 94.93 पर खुला. उसके बाद थोड़ा कमजोर हुआ और शुरुआती निचले स्तर 94.94 पर पहुंच गया, जो पिछले बंद भाव से 9 पैसे की गिरावट दर्शाता है. शुरुआती कारोबार में रुपया अमेरिकी करेंसी डॉलर के मुकाबले 94.75 तक भी पहुंच गया था. बता दें कि बीते कारोबारी सत्र यानी कि शुक्रवार को, आरबीआई द्वारा संभावित हस्तक्षेप के चलते रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 73 पैसे मजबूत होकर 94.85 पर बंद हुआ था.

क्या कहते हैं एक्सपर्ट?

एक्सपर्ट और विदेशी मुद्रा व्यापारियों ने कहा कि डॉलर इंडेक्स 99 के स्तर के करीब पहुंच गया है, जबकि तेल की कीमतें बढ़कर 93 अमेरिकी डॉलर प्रति बैरल हो गईं, क्योंकि वाशिंगटन और तेहरान द्वारा संभावित सीजफायर पर चर्चा के बाद इजरायल-लेबनान संघर्ष में साप्ताहिक गिरावट के बाद और तेजी आई है. इससे होर्मुज जलडमरूमध्य के आसपास की अशांति कम हो सकती है.

वहीं, एक्सपर्ट और फिनरेक्स ट्रेजरी एडवाइजर्स एलएलपी के ट्रेजरी प्रमुख और कार्यकारी निदेशक अनिल कुमार भंसाली ने कहा, “आरबीआई द्वारा बाजार में डॉलर की बिक्री करने और रुपये को 96.00 के स्तर को फिर से पार न करने देने के कारण रुपया उच्च स्तर पर बंद हुआ. एमएससीआई से संबंधित निकासी के बावजूद, आरबीआई की बाजार में उपस्थिति के कारण ही रुपये ने अपनी मजबूती बनाए रखी.” उन्होंने आगे कहा, “मध्य पूर्व में संघर्ष जारी रहने के कारण सुरक्षित निवेश की मांग को देखते हुए डॉलर इंडेक्स को सभी निचले स्तरों पर अच्छी खरीद मिली है.”

हरे में खुला बाजार

आज सोमवार को भारतीय शेयर बाजार हरे निशान में खुला. 30 शेयरों वाला इंडेक्स सेंसेक्स 75,203.02 के लेवल पर खुला. यह सुबह 9 बजकर 17 मिनट पर 319 अंकों से अधिक की तेजी के साथ हरे निशान में 75,094.80 पर कारोबार करते हुए दिखा. वहीं, निफ्टी हरे निशान में 23,654.50 के लेवल पर खुला. इसमें 0.40 फीसदी की तेजी दिखी. यह 95.20 अंकों की बढ़त के साथ 23,642.95 पर कारोबार करते हुए दिखा.

Share Market: 1092 अंकों की गिरावट के बाद बढ़त के साथ दिखा Sensex, निफ्टी 23700 पर खुला

समाचार स्रोत: पीटीआई

Related Articles